विकास अवस्थी | कन्नौज2 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

कन्नौज कलक्ट्रेट में सोमवार दोपहर 12 बजे हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग विभाग के मंत्री व जिले के प्रभारी मंत्री राकेश सचान ने नेताओं और अधिकारियों के साथ मीटिंग की। यहां उन्होंने 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की समीक्षा की।
समीक्षा बैठक के दौरान प्रभारी मंत्री राकेश सचान ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों के निरंतर सेवा काल की जनकल्याणकारी उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ प्रत्येक नागरिक को ‘विकसित भारत 2047’ के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ना है।

ट्राई साइकिल भी दी गई।
जलेंगे 2 लाख 80 हजार दीपक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस को सेवा दिवस के रूप में मनाया जाएगा। जिसमें 'आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। जिसमें 2.80 लाख दीपक जलाए जाएंगे। ये दीपक 17 सितम्बर की शाम 7 बजे लाभार्थी परिवारों के घरों, पंचायत सचिवालय, अन्नपूर्णा भवन, पार्क व प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर प्रज्ज्वलित किए जाएंगे।
प्रभारी मंत्री ने बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग को समन्वय से चित्रकला, सुलेख, भाषण एवं वाद-विवाद प्रतियोगिताएं कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा ‘सेवा की कहानी’ के तहत योजनाओं से लाभान्वित लोगों के जीवन में आए सकारात्मक बदलाव पर 60 सेकंड की रील तैयार की जाएगी। विकसित भारत का संकल्प’ में सेवा कलश की स्थापना, पैदल, साइकिल एवं बाइक रैलियां तथा एलईडी स्क्रीन पर प्रधानमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण होगा।

बच्चों को दिए गए सर्टिफिकेट।
ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा श्रोत विभाग के मंत्री कैलाश सिंह राजपूत ने ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ के माध्यम से युवाओं को नवाचार से जोड़ने तथा शिक्षण संस्थानों में ओरिएंटेशन, मोटिवेशन एवं युवा संवाद आयोजित कराने पर जोर दिया।
प्रमाण पत्र भी दिए गए
इस दौरान जिला स्तरीय सुलेख प्रतियोगिता के विजेताओं को मंत्रियों द्वारा पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। अनुराधा भारती, कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय अनौगी को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए ‘गौरव सम्मान’ प्रदान किया गया।
बैठक में भाजपा के पूर्व सांसद सुब्रत पाठक, एसपी विनोद कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष वीरसिंह भदौरिया, सीडीओ राजेंद्र कुमार श्रीवास, एडीएम न्यायिक विजय कुमार मिश्र, सीएमओ डॉ. विकास चंद्रा, प्रभागीय वनाधिकारी हेमंत सेठ समेत कई अधिकारी व नेता मौजूद रहे।
.