दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ पर यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे सुल्तानपुर और वाराणसी से लोकमान्य तिलक टर्मिनस के बीच त्योहार स्पेशल ट्रेनें चलाएगा। दोनों ट्रेनों के 4-4 फेरे होंगे और भोपाल मंडल के बीना, रानी कमलापति व इटारसी में ठहराव रहेगा।
दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ के दौरान रेलवे सुल्तानपुर और वाराणसी से लोकमान्य तिलक टर्मिनस के बीच त्योहार स्पेशल ट्रेनें चलाएगा।
- Published: 18 Sep 2026, 04:53 PM IST
- Last Updated: 18 Sep 2026, 04:53 PM IST
भोपाल। दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ पर्व के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने अतिरिक्त ट्रेनों का संचालन करने का निर्णय लिया है। सुल्तानपुर और वाराणसी से लोकमान्य तिलक टर्मिनस के बीच आरक्षित त्योहार स्पेशल एक्सप्रेस चलाई जाएंगी। दोनों ट्रेनों के भोपाल मंडल के बीना, रानी कमलापति और इटारसी स्टेशनों पर ठहराव रहेंगे। दोनों दिशाओं में इन ट्रेनों के 4-4 फेरे होंगे।
सुल्तानपुर–लोकमान्य तिलक टर्मिनस स्पेशल के 4 फेरे
गाड़ी संख्या 04212 सुल्तानपुर–लोकमान्य तिलक टर्मिनस आरक्षित त्योहार स्पेशल 21 अक्टूबर से 11 नवंबर 2026 तक प्रत्येक बुधवार को चलेगी। इस दौरान ट्रेन के 4 फेरे होंगे। वापसी में गाड़ी संख्या 04211 लोकमान्य तिलक टर्मिनस–सुल्तानपुर स्पेशल 22 अक्टूबर से 12 नवंबर तक प्रत्येक गुरुवार को चलेगी।
सुल्तानपुर से यह ट्रेन सुबह 4:00 बजे रवाना होकर बीना शाम 5:30 बजे, रानी कमलापति रात 8:10 बजे और इटारसी रात 9:40 बजे पहुंचेगी। अगले दिन ट्रेन दोपहर 2:00 बजे लोकमान्य तिलक टर्मिनस पहुंचेगी।
वापसी में लोकमान्य तिलक टर्मिनस से ट्रेन दोपहर 3:00 बजे रवाना होगी। अगले दिन इटारसी 3:35 बजे, रानी कमलापति 6:20 बजे और बीना 9:45 बजे पहुंचेगी। ट्रेन सुल्तानपुर रात 11:00 बजे पहुंचेगी।
20 LHB कोच की रहेगी ट्रेन
सुल्तानपुर–मुंबई स्पेशल में थर्ड एसी इकोनॉमी के 14, सामान्य श्रेणी के 4 और SLR के 2 कोच, यानी कुल 20 LHB कोच रहेंगे।
यह ट्रेन सुल्तानपुर, लखनऊ, कानपुर सेंट्रल, उरई, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, बीना, रानी कमलापति, इटारसी, खंडवा, भुसावल, नासिक रोड, इगतपुरी, कल्याण और ठाणे होते हुए लोकमान्य तिलक टर्मिनस पहुंचेगी।
वाराणसी–लोकमान्य तिलक टर्मिनस स्पेशल भी चलेगी
गाड़ी संख्या 04226 वाराणसी–लोकमान्य तिलक टर्मिनस आरक्षित त्योहार स्पेशल 22 अक्टूबर से 12 नवंबर 2026 तक प्रत्येक गुरुवार को चलेगी। इसके 4 फेरे होंगे। वापसी में गाड़ी संख्या 04225 लोकमान्य तिलक टर्मिनस–वाराणसी स्पेशल 23 अक्टूबर से 13 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार को चलेगी। इसके भी 4 फेरे होंगे।
वाराणसी से ट्रेन रात 1:35 बजे रवाना होगी। बीना स्टेशन पर शाम 5:30 बजे, रानी कमलापति रात 8:10 बजे और इटारसी रात 9:40 बजे पहुंचेगी। अगले दिन दोपहर 2:00 बजे लोकमान्य तिलक टर्मिनस पहुंचेगी।
वापसी में लोकमान्य तिलक टर्मिनस से ट्रेन दोपहर 3:00 बजे रवाना होगी। अगले दिन इटारसी 4:10 बजे, रानी कमलापति 6:20 बजे और बीना 9:45 बजे पहुंचेगी। तीसरे दिन ट्रेन वाराणसी रात 2:05 बजे पहुंचेगी।
वाराणसी स्पेशल का रूट
यह ट्रेन वाराणसी जंक्शन से जौनपुर सिटी, सुल्तानपुर, लखनऊ, कानपुर सेंट्रल, उरई, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, बीना, रानी कमलापति, इटारसी, खंडवा, भुसावल, नासिक रोड, इगतपुरी, कल्याण और ठाणे होते हुए लोकमान्य तिलक टर्मिनस पहुंचेगी।
इस ट्रेन में भी 14 थर्ड एसी इकोनॉमी, 4 सामान्य श्रेणी और 2 SLR सहित कुल 20 LHB कोच रहेंगे।
रेल प्रशासन ने त्योहारों के दौरान अतिरिक्त यात्री भीड़ को देखते हुए इन ट्रेनों का संचालन किया है। भोपाल रेल मंडल के सीनियर डीसीएम सौरभ कटारिया ने यात्रियों से यात्रा से पहले ट्रेन के समय और टिकट उपलब्धता की जानकारी रेलवे की अधिकृत यात्री सूचना प्रणाली से प्राप्त करने और वैध टिकट के साथ यात्रा करने की अपील की है।