दलाल स्ट्रीट पर पिछले दो हफ्तों से चल रही रौनक 23 अक्टूबर को थम गई. कारोबारी सत्र के अंत में प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 125.56 अंक या 0.17 प्रतिशत फिसलकर 73,123.83 के स्तर पर बंद हुआ. वहीं निफ्टी 87.65 अंक या 0.39 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 22,600.00 पर आकर रुका. कारोबार के दौरान निफ्टी 22,500 के स्तर पर भी रहा. बाजार में बिकवाली का दबाव इतना ज्यादा था कि कुल 3,275 शेयर नुकसान में बंद हुए. इसके मुकाबले सिर्फ 797 शेयरों में ही तेजी देखने को मिली, जबकि 114 शेयरों के भाव में कोई बदलाव नहीं हुआ.
मिडकैप से लेकर बैंकिंग सेक्टर तक भारी दबाव
बाजार को नीचे खींचने में मिडकैप शेयरों का सबसे बड़ा हाथ रहा. व्यापक बाजार में हुई तेज बिकवाली के चलते मिडकैप इंडेक्स 2 प्रतिशत से ज्यादा टूट गया. निफ्टी मिडकैप इंडेक्स में 2.6 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई, जबकि स्मॉलकैप इंडेक्स 3 प्रतिशत तक लुढ़क गया. मिडकैप स्टॉक्स के खराब प्रदर्शन ने पूरे बाजार का रुख बिगाड़ दिया. नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर हालत ये रही कि हर एक चढ़ने वाले शेयर के मुकाबले छह शेयर गिरावट के साथ बंद हुए.
सेक्टोरल मोर्चे पर भी निवेशकों को कहीं कोई राहत नहीं मिली. बाजार के सभी सेक्टोरल इंडेक्स नुकसान के साथ बंद हुए. रियल्टी के साथ कंज्यूमर ड्यूरेबल इंडेक्स में 3-3 प्रतिशत की गिरावट आई. इसके अलावा एनर्जी, मेटल व पीएसयू बैंक इंडेक्स 2-2 प्रतिशत नीचे बंद हुए. बैंकिंग शेयरों की कमजोरी से निफ्टी बैंक इंडेक्स 638 अंक टूटकर 54,287 के स्तर पर आ गया. इस दौरान श्रीराम फाइनेंस निफ्टी में सबसे ज्यादा गिरने वाला शेयर रहा. कंपनी की एसेट क्वालिटी यानी संपत्ति की गुणवत्ता खराब होने की वजह से इसके शेयर में 4 प्रतिशत की गिरावट आई.
स्विगी के शेयर में बड़ी गिरावट
कंपनियों के तिमाही नतीजों का असर कई शेयरों पर बहुत भारी पड़ा. दूसरी तिमाही के नतीजे सामने आने के बाद एसबीआई कार्ड (SBI Card) के शेयरों में 3.6 प्रतिशत की बड़ी गिरावट दर्ज की गई. वहीं स्विगी के निवेशकों के लिए भी ये दिन बेहद खराब रहा. स्विगी के शेयर 17 प्रतिशत तक टूट गए. ये कंपनी के शेयर में एक दिन के भीतर आई अब तक की सबसे बड़ी गिरावट है. कंपनी के ‘क्विक-कॉमर्स’ कारोबार का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक न रहना इस बिकवाली की मुख्य वजह बना. इसी तरह उम्मीद से कमजोर नतीजे आने के बाद कोलगेट के शेयरों में भी 5 प्रतिशत की और गिरावट देखने को मिली.
मेटल से लेकर एआई शेयरों में बिकवाली
मेटल सेक्टर के शेयरों पर भी पूरे दिन बिकवाली का दबाव बना रहा. यहां तक कि अच्छे तिमाही नतीजे भी शेयरों को गिरने से नहीं बचा पाए. दूसरी तिमाही के अच्छे नतीजे आने के बावजूद जेएसडब्ल्यू स्टील (JSW Steel) के शेयरों में 3 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई. दूसरी तरफ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़े शेयरों में हुई बिकवाली ने कैपिटल गुड्स सेक्टर पर दबाव बढ़ा दिया. इस बिकवाली के असर से एबीबी (ABB) के शेयर 5 प्रतिशत गिर गए. वहीं सीजी पावर (CG Power) का शेयर मामूली नुकसान के साथ बंद हुआ.
निफ्टी के इन दिग्गज शेयरों ने भी कराया नुकसान
बाजार की इस गिरावट में कई बड़ी कंपनियों के शेयर शामिल रहे. श्रीराम फाइनेंस के अलावा निफ्टी में सबसे ज्यादा नुकसान उठाने वाले शेयरों की लिस्ट में अडानी पोर्ट्स, अडानी एंटरप्राइजेज, टाटा स्टील व जियो फाइनेंशियल का नाम शामिल रहा. इनके अलावा अपोलो हॉस्पिटल्स, इंफोसिस, टीसीएस के साथ मारुति सुजुकी जैसे बड़े शेयरों में भी गिरावट दर्ज की गई. छोटे से लेकर बड़े शेयरों में हुई इस चौतरफा बिकवाली ने बाजार की दो हफ्तों की बढ़त पर पूरी तरह रोक लगा दी.
Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए. TV9 भारतवर्ष अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है.
विभव शुक्ला
विभव शुक्ला वर्तमान में TV9 हिंदी में सीनियर सब-एडिटर के तौर पर बिजनेस डेस्क पर कार्यरत हैं. पत्रकारिता में उन्हें छह वर्षों का अनुभव है. विभव मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के रहने वाले हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की थी. इसके बाद वह Inshorts और गुजरात फर्स्ट जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों से जुड़े रहे हैं.
Read More