How To Knead Dough Without hands: बिना हाथ गंदे किए और बिना किसी महंगी मशीन के आटा गूंथना चाहते हैं? इसके लिए रसोई में रखी दो आम चीजें ही काफी हैं. व्हिस्क और बड़े चम्मच की मदद से आटा आसानी से तैयार किया जा सकता है. आज हम आपको आटा गूंथने का आसान तरीका बताने वाले हैं, जिसमें हाथ गंदे नहीं होते हैं.
X

बिना हाथ लगाए आटा गूंथने के लिए चम्मच और व्हिस्क का इस्तेमाल किया जा सकता है. (Phoito: ITG)
How To Knead Dough Without Hands: हर घर में रोटी रोजाना बनती है. ये एक आम बात है, लेकिन कई लोगों के लिए सबसे ज्यादा झंझट रोटी सेंकना नहीं, बल्कि आटा गूंथना होता है. आटा गूंथना कई लोगों को बहुत ही ऊबाऊ लगता है. दरअसल, जब भी कोई आटा गूंथने जाता है, तो हाथ आटे में चिपकते हैं, बार-बार पानी डालकर सही कंसिस्टेंसी बनानी पड़ती है और ज्यादा देर तक गूंथने पर हाथों में थकान भी होने लगती है. ऐसे में कई बार मन करता है कि काश आटा गूंथने का कोई ऐसा तरीका हो, जिसमें हाथ ही न लगाने पड़ें.
अगर आपको भी आटा गूंथना पसंद नहीं है, तो रसोई में रखी दो आम चीजों की मदद से ये काम काफी आसान किया जा सकता है. इसके लिए न किसी महंगी मशीन की जरूरत है और न ही आटे को हाथों से देर तक मसलने की. सबसे खास बात ये है कि इन दो तरीकों में आपके हाथ भी गंदे नहीं होते हैं. बस सही तरीके से पानी मिलाएं और इन आसान ट्रिक्स को अपनाकर आप फटाफट आटा गूंथ सकते हैं. चलिए जानते हैं क्या हैं वो ट्रिक्स.
व्हिस्क से गूंथें आटा, हाथ रहेंगे बिल्कुल साफ
रसोई में रखे व्हिस्क की मदद से बहुत ही आसानी से आटा गूंथा जा सकता है. इसके लिए सबसे पहले एक बड़े बर्तन में जरूरत के हिसाब से गेहूं का आटा लें. चाहें तो इसमें थोड़ा नमक और करीब एक चम्मच तेल या घी मिला सकते हैं. इससे आटा अच्छी तरह सेट होता है और रोटियां नरम बनाने में मदद मिलती है.
अब सबसे जरूरी बात है पानी डालने की. पूरा पानी एक साथ डालने की गलती न करें. आटा गूंथने के लिए थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए व्हिस्क से आटे को चलाते रहें. व्हिस्क को गोल-गोल तेजी से चलाने पर आटा और पानी आपस में अच्छी तरह मिलते जाएंगे और बड़ी-बड़ी गांठें भी नहीं बनेंगी. जब आटा एक जगह इकट्ठा होने लगे और उसका टेक्सचर सही लगने लगे, तब हाथों पर थोड़ा तेल लगाकर उसे हल्के हाथ से समेट दें. इसके बाद आटे को ढककर करीब 10 से 15 मिनट के लिए छोड़ दें. इससे आटा सेट हो जाएगा और रोटी बेलते समय ज्यादा आसानी रहेगी.
व्हिस्क नहीं है तो बड़े चम्मच से भी हो जाएगा काम
अगर घर में व्हिस्क नहीं है तो भी परेशान होने की जरूरत नहीं है. इसके लिए एक गहरी परात या बड़ा कटोरा लें और उसमें आटा डालें. अब जरूरत के हिसाब से पानी डालकर बड़े चम्मच, किसी फ्लैट चम्मच या बेलन की मदद से इसे मिलाना शुरू करें.
सम्बंधित ख़बरें
इसे एक ही जगह दबाने के बजाय गोल-गोल घुमाते हुए चलाएं. कुछ देर ऐसा करने से आटा आपस में अच्छी तरह जुड़ने लगेगा और उसमें लोच आने लगेगा. जब आटा एक साथ इकट्ठा हो जाए, तो ऊपर से थोड़ा तेल लगाकर उसे ढक दें और कुछ देर रेस्ट करने दें.
सॉफ्ट रोटी के लिए सिर्फ आटा गूंथना काफी नहीं
अक्सर लोग सोचते हैं कि रोटी नरम नहीं बन रही तो ज्यादा देर तक आटा गूंथना पड़ेगा. लेकिन सिर्फ गूंथने पर ध्यान देने के बजाय आटे को रेस्ट देना भी जरूरी है. आटा तैयार होने के बाद उसे कम से कम 10 से 15 मिनट ढककर रखें. इससे आटा अच्छी तरह सेट होता है और रोटी बेलना आसान हो सकता है. ठंड के मौसम में हल्के गुनगुने पानी से आटा गूंथने से भी इसे तैयार करना आसान रहता है.
हाथों की मेहनत बचेगी और रसोई का काम भी आसान होगा
इन ट्रिक्स की मदद से आटा गूंथने का सबसे बड़ा फायदा ये है कि आटा तैयार करने के लिए आपको लगातार हाथ चलाने की जरूरत नहीं पड़ेगी. खासकर अगर रोज कई लोगों के लिए रोटियां बनती हैं, तो यह छोटी सी ट्रिक रसोई का काम थोड़ा आसान कर सकती है. बस पानी की मात्रा पर ध्यान रखने की जरूरत है. बहुत ज्यादा पानी एक साथ डालने से आटा जरूरत से ज्यादा चिपचिपा हो सकता है. इसलिए पानी हमेशा धीरे-धीरे डालें और आटे की कंसिस्टेंसी देखकर आगे बढ़ें.
---- समाप्त ----
