
मां के साथ दो साल की मासूम
Child Kidnapping in Sawai Madhopur: राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले के मलारना डूंगर थाना क्षेत्र के कांच की झोंपड़ी भारजा नदी गांव में देर रात घर के बरामदे में सो रही दो साल की दुधमुंही मासूम बच्ची का एक शख्स अपहरण कर ले गया. घटना के बाद समूचे गांव में हड़कंप मच गया और सनसनी फैल गई. ग्रामीणों की सूचना पर मलारना डुंगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली.
पुलिस ने क्षेत्र में नाकाबंदी कराई और ग्रामीणों के साथ मिलकर मासूम की तलाश शुरू की. मुस्तेदी के चलते पुलिस और ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आरोपी को दबोच लिया और बच्ची को भी बरामद कर लिया. जानकारी के मुताबिक, जिले के बौंली थाना क्षेत्र के शिशोलाव गांव निवासी अनिता मीणा पत्नी नरेश कुमार मीणा अपनी दो साल की बेटी आरबी को साथ लेकर इटावा बालाजी के दर्शनों के लिए आई थीं.
देर रात करीब 12 बजे आरोपी बच्ची को ले गया
बालाजी के दर्शन करने के बाद अनिता अपनी बेटी के साथ कांंच की झोंपड़ी भारजा नदी निवासी अपनी मौसेरी बहन के पास आ गईं और रात को वहीं ठहर गईं. रात को अनिता अपनी बेटी के साथ अपनी मौसेरी बहन और अन्य महिलाओं के साथ घर के बरामदे में सो रही थीं. तभी देर रात करीब 12 बजे के आसपास एक शख्स घर के अंदर दाखिल हुआ और बच्ची को उठाकर ले गया.
बच्ची को ले जाना वाला शख्स अनिता मीणा का मोबाइल भी लेकर चला गया. इसी दौरान बच्ची की मां जग गई और उसने शख्स को बच्ची को लेकर भागते देखा. तब अनीता और साथ में सो रही अन्य महिलाओं ने शोर मचाया तो मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई, लेकिन तब तक आरोपी बच्ची को लेकर भाग चुका था. इसके बाद ग्रामीणों ने मलारना डुंगर थाना पुलिस को सूचना दी.
पुलिस ने करवाई क्षेत्र में नाकाबंदी
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और समूची घटना की जानकारी ली. पुलिस ने घटना की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्र में नाकाबंदी करवाई और ग्रामीणों के साथ बच्ची की तलाश शुरू की. ग्रामीणों ने पुलिस के साथ मिलकर गांव के आसपास घेराबंदी करके बच्ची को खोजा. कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस और ग्रामीणों की मेहनत रंग लाई.
पुलिसऔ र ग्रामीणों ने आरोपी अपहरणकर्ता को गांव के नजदीक बनास नदी के किनारे स्थित अमरूदों के बगीचे में दबोच लिया और बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया. इस दौरान ग्रामीणों ने आरोपी की जमकर पिटाई भी कर दी. आरोपी की पहचान भारजा नदी निवासी भीम सिंह पुत्र गनी लाल मीणा के रूप में हुई है. ग्रामीणों के मुताबिक, आरोपी आदतन चोर है और चोरी की नीयत से ही घर मे घुसा था.
आरोपी से की जा रही है पूछताछ
इस दौरान आरोपी ने एक मोबाईल चुराया और बच्ची को भी उठाकर ले गया. फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और इस बात का पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आखिर आरोपी ने बच्ची का अपहरण क्यों ओर किस मकशद से किया था? वहीं बच्ची के बरामद होने पर पुलिस और परिजनों ने राहत की सांस ली है.
सवाई माधोपुर से बजरंग सिंह की रिपोर्ट
ये भी पढ़ें: पहली मंजिल पर पत्नी की लाश, ग्राउंड फ्लोर में 3 बेटियों के शव जयपुर के राहुल झा ने ऐसे दिया 4 हत्याओं को अंजाम

वरुण कुमार
वरुण कुमार पिछले पांच वर्षों से पत्रकारिता जगत का हिस्सा हैं. साल 2021 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई पूरी की. इसके बाद प्रभासाक्षी न्यूज वेबसाइट से पत्रकारिता की शुरुआत की और फिर एबीपी न्यूज का हिस्सा बने. अब TV9 डिजिटल की धर्म टीम के साथ काम कर रहे हैं.
Read More