भिवानी के सरकारी स्कूल में राशन में कीड़े: स्कूल के राशन में सुरसरी-चींटियां मिलने पर एक्शन, एक टीचर सस्पेंड, दूसरे को शोकॉज, 2 कुक हटाए - Haribhoomi

Published on 22 अग॰ 2026

CJP सदस्य लोकेश ने कहा कि शिक्षकों को सस्पेंड करना स्थायी समाधान नहीं है, इससे स्कूलों में शिक्षकों की कमी और बढ़ेगी, जबकि असल जरूरत व्यवस्था में सुधार करने की है।

School Mid Day Meal Bhiwani.

भिवानी के सरकारी स्कूल के राशन में सुरसरी-चींटियां मिलने पर एक्शन।

  • Published: 22 Aug 2026, 01:51 PM IST
  • Last Updated: 22 Aug 2026, 01:51 PM IST

भिवानी के सरकारी स्कूल में राशन में कीड़े: जिले के गांव सांगवान स्थित सरकारी प्राइमरी स्कूल में मिड-डे मील के राशन में कीड़े मिलने के मामले में शिक्षा विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी (DEEO) विनय कुमार जिंदल ने लापरवाही के आरोप में एक शिक्षक को सस्पेंड कर दिया, जबकि दूसरे शिक्षक को शोकॉज नोटिस जारी किया गया है। इसके अलावा स्कूल में तैनात दो कुक को भी हटा दिया गया है।

राशन में दिखाई दिए कीड़े और चींटियां
मामला उस समय सामने आया जब कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की टीम ने ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान के तहत 18 अगस्त को सांगवान के प्राइमरी स्कूल का निरीक्षण किया। टीम ने स्कूल की व्यवस्थाओं का वीडियो बनाकर जारी किया।

वीडियो में फर्श पर रखे गेहूं में सुरसरी और अन्य कीड़े चलते दिखाई दे रहे हैं। वहीं पॉलीथीन में रखी मूंगफली के दानों में चींटियां नजर आईं। टीम ने स्कूल के कमरों की दीवारों में दरारें और खराब हालत वाले टॉयलेट भी दिखाए।

40 बच्चों पर 3 शिक्षक
सांगवान के प्राइमरी स्कूल में करीब 40 विद्यार्थी पढ़ते हैं और इनके लिए तीन शिक्षक तैनात हैं। इनमें से दो शिक्षकों की एसआईआर में ड्यूटी लगी हुई है। ऐसे में स्कूल की जिम्मेदारी फिलहाल एक शिक्षक के भरोसे है।

CJP बोली- शिक्षक को सस्पेंड करना समाधान नहीं
CJP सदस्य लोकेश ने शिक्षा विभाग की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि शिक्षक को सस्पेंड करना समस्या का समाधान नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि इसी तरह शिक्षकों पर कार्रवाई होती रही तो स्कूलों में स्टाफ की कमी और बढ़ेगी। जरूरत स्कूल की व्यवस्था सुधारने की है।

DEEO विनय कुमार जिंदल ने बताया कि मामले में लापरवाही बरतने पर एक शिक्षक को सस्पेंड किया गया है और दूसरे को शोकॉज नोटिस दिया गया है। वहीं दो कुक को भी हटा दिया गया है।

हरियाणा के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें।  यहां क्लिक करें epaper haribhoomi  या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।