अजमेर में अगले 2 दिन बारिश का अलर्ट: अगस्त-2024 में दर्ज हुई थी सबसे ज्यादा बरसात, जानिए इस महीने कैसा रहेगा मौसम - Ajmer News

Published on 4 अग॰ 2026

अजमेर में अगस्त की शुरुआत के साथ ही मानसून पूरी तरह मेहरबान नजर आ रहे हैं। आज सुबह से ही शहर में सुबह से घने बादल छाए हैं, इसी बीच हल्की बारिश और ठंडी हवा के चलते लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 2 दिन बारिश का दौर जार

.

मंगलवार सुबह न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह 8:30 बजे तक 2.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके साथ ही इस सीजन में जिले में अब तक 349.5 मिमी बरसात हो चुकी है, जबकि 3 अगस्त तक सामान्य रूप से 238.9 मिमी बारिश होनी चाहिए थी, यानी इस बार औसत से करीब 110.6 मिमी अधिक बारिश हुई है।

आज और कल बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने मंगलवार और बुधवार के लिए हल्की से मध्यम बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विज्ञानी डॉ. विजय घई के अनुसार अगस्त के पहले सप्ताह में अच्छी बारिश की गतिविधियां बनी रहेगी।

दूसरे सप्ताह में बारिश सामान्य रह सकती है, तीसरे सप्ताह में कुछ कमी आने की संभावना है, जबकि अंतिम सप्ताह में फिर हल्की से मध्यम बारिश लौट सकती है।

लगातार बादलों की आवाजाही के कारण तापमान में भी अधिक बढ़ोतरी होने की संभावना नहीं है।

अगस्त के रिकॉर्ड दिला रहे उम्मीद

मौसम विभाग के आंकड़े बताते हैं कि अगस्त महीना अजमेर के लिए कई रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज कर चुका है। 31 अगस्त 1928 को एक ही दिन में 164.6 मिमी बारिश हुई थी, जो आज भी अगस्त में एक दिन की सबसे अधिक वर्षा का सर्वकालिक रिकॉर्ड है।

पिछले 10 वर्षों के अगस्त माह के आंकड़ों पर नजर डालें तो 2024 सबसे ज्यादा बारिश वाला अगस्त रहा, जब पूरे महीने 475.4 मिमी वर्षा दर्ज हुई थी। इसके बाद 2019 में 400.1 मिमी बारिश हुई। वहीं 2023 अगस्त सबसे सूखा रहा, जब पूरे महीने केवल 12.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

अगस्त में गर्मी और ठंड, दोनों के अनोखे रिकॉर्ड

अजमेर में अगस्त ने सिर्फ बारिश ही नहीं, तापमान के भी कई अनोखे रिकॉर्ड बनाए हैं। 19 अगस्त 1987 को अधिकतम तापमान 42.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, जबकि 19 अगस्त 1973 को न्यूनतम तापमान 18.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। यह तापमान अगस्त में दिसंबर जैसी ठंड का एहसास कराने वाला रिकॉर्ड माना जाता है।

फिलहाल राहत का मौसम

फिलहाल अजमेर में बादलों की आवाजाही, रुक-रुककर हो रही बारिश और ठंडी हवाओं ने मौसम को खुशनुमा बना दिया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि सप्ताहभर बारिश की गतिविधियां बनी रहेंगी, जिससे तापमान नियंत्रित रहेगा और लोगों को उमस व गर्मी से राहत मिलती रहेगी।