2 साल तक रोज 14 घंटे काम करता रहा कर्मचारी, फिर खुला मैनेजर का ऐसा राज कि उड़ गए होश

Published on 5 सित॰ 2026

Manager Misused Employee Viral Reddit Post: दो साल तक रोज 14 घंटे काम करने वाले कर्मचारी ने Reddit पर मैनेजर को लेकर चौंकाने वाला दावा किया। उसने बताया कि जिस काम को ऑफिस का समझा, वह असल में ऑफिस का था ही नहीं, जानिए किसके लिए था?

Viral Reddit Post: एक कर्मचारी ने Reddit पर अपनी नौकरी का ऐसा अनुभव साझा किया है, जिसने वर्कप्लेस कल्चर और मैनेजर के अधिकारों के दुरुपयोग को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। कर्मचारी का दावा है कि उसने करीब दो साल तक रोजाना 14 घंटे तक काम किया। उसे लगता रहा कि यह सब कंपनी की नौकरी का हिस्सा है, लेकिन बाद में पता चला कि उसके काम का एक हिस्सा कथित तौर पर उसकी मैनेजर के पति के निजी ब्रांड से जुड़ा था।

नौकरी के साथ शुरू हुआ एक्स्ट्रा काम

कर्मचारी के मुताबिक, कंपनी जॉइन करने के करीब एक महीने बाद ही मैनेजर ने उसे अपनी जिम्मेदारियों से अलग काम देना शुरू कर दिया। चूंकि यह उसकी पहली नौकरी थी, इसलिए उसने शुरुआत में इन अतिरिक्त कामों को भी ऑफिस की सामान्य जिम्मेदारी मान लिया। Reddit पोस्ट में कर्मचारी ने बताया कि अपना नियमित काम पूरा करने के बाद भी उसे मैनेजर के दिए असाइनमेंट पूरे करने पड़ते थे। काम इतना बढ़ गया कि वह अक्सर रात 10 या 11 बजे तक ऑफिस के काम में लगा रहता था। उसका कहना है कि उसे तब तक यह अंदाजा नहीं था कि जिस प्रोजेक्ट पर वह इतनी मेहनत कर रहा है, उसका संबंध कंपनी के बजाय किसी निजी ब्रांड से हो सकता है।

एक दिन में 40 से ज्यादा क्रिएटिव बनाने का दावा

पोस्ट के मुताबिक, मैनेजर उससे एक दिन में 40 से ज्यादा क्रिएटिव तैयार करने की उम्मीद करती थीं। कर्मचारी ने यह भी दावा किया कि उसकी छुट्टियां आसानी से मंजूर नहीं होती थीं। उसने एक घटना का जिक्र करते हुए बताया कि जब उसने यात्रा के लिए दो दिन की छुट्टी मांगी तो कथित तौर पर मैनेजर ने उससे लैपटॉप साथ ले जाने और यात्रा के दौरान काम करने को कहा। उस समय भी कर्मचारी को लगा कि यह कंपनी की किसी जरूरी डेडलाइन का हिस्सा है।

ये भी पढ़ें- कौन हैं रोमन सैनी? IAS की कुर्सी छोड़ी, Unacademy खड़ी की और अब 206 मिलियन डॉलर की डील से फिर चर्चा में

खराब रेटिंग और जीरो अप्रेजल का भी आरोप

कर्मचारी का दावा है कि दो साल तक इतनी मेहनत करने के बावजूद उसे खराब रेटिंग मिली और कोई अप्रेजल नहीं दिया गया। उसके मुताबिक, आधिकारिक जिम्मेदारियों से ज्यादा समस्या यह बताई गई कि वह मैनेजर के अतिरिक्त प्रोजेक्ट को उनकी अपेक्षा के मुताबिक पूरा नहीं कर पाया। बाद में जब उसे कथित तौर पर पता चला कि जिस काम को वह कंपनी का प्रोजेक्ट समझ रहा था, वह मैनेजर के पति के निजी ब्रांड से संबंधित था, तो उसे बड़ा झटका लगा। कर्मचारी ने अपनी स्थिति बताते हुए लिखा कि उसे महसूस हुआ जैसे वह दो साल से बिना भुगतान के एक निजी फ्रीलांसर की तरह काम कर रहा था। नीचे देखें वायरल रेडिट पोस्ट-

ये भी पढ़ें- नौकरी मांगने पहुंची डेवलपर, स्टार्टअप की वेबसाइट को बताया ‘Disgusting’; फाउंडर का जवाब हुआ वायरल

Reddit यूजर्स ने HR पर उठाए सवाल

इस पोस्ट के बाद कई Reddit यूजर्स ने कर्मचारी से पूछा कि उसने कंपनी के HR विभाग से शिकायत क्यों नहीं की। कुछ लोगों का कहना था कि अगर उसके पास काम से जुड़े ईमेल, मैसेज, फाइलें या अन्य रिकॉर्ड मौजूद हैं, तो वे पूरे मामले को समझने और शिकायत दर्ज कराने में महत्वपूर्ण हो सकते हैं।

हालांकि, Reddit पोस्ट में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। इसलिए मैनेजर या कंपनी की तरफ से आधिकारिक प्रतिक्रिया के बिना इन दावों को अंतिम तथ्य नहीं माना जा सकता। यह मामला फिर भी इस बात पर गंभीर सवाल उठाता है कि कर्मचारियों को अपनी आधिकारिक भूमिका और निजी काम के बीच अंतर साफ तौर पर समझना कितना जरूरी है।