सोनीपत में सरकारी गेहूं की अवैध खरीद-फरोख्त का भंडाफोड़: आटा चक्की पर छापेमारी में 186 कट्टे बरामद; संचालक समेत 2 पर केस - Sonipat News

Published on 19 जुल॰ 2026

सोनीपत में सरकारी राशन प्रणाली के तहत वितरित किए जाने वाले गेहूं की कथित अवैध खरीद-फरोख्त और भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खरखौदा में एक आटा चक्की पर छापेमारी की।

.

मुख्यमंत्री उड़नदस्ता इकाई सोनीपत, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग तथा थाना खरखौदा पुलिस की संयुक्त टीम ने दिल्ली रोड स्थित कपूर आटा चक्की पर दबिश देकर 186 कट्टे सरकारी मार्का वाला गेहूं बरामद किया। प्रत्येक कट्टा 50 किलोग्राम का है और बरामद गेहूं की अनुमानित कीमत करीब 2.27 लाख रुपए आंकी गई है।

प्रारंभिक जांच में सरकारी गेहूं की अवैध खरीद, बिक्री और भंडारण का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने आटा चक्की संचालक और कथित सप्लायर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

वह आटा चक्की, जिसपर कार्रवाई की गई है।

वह आटा चक्की, जिसपर कार्रवाई की गई है।

गुप्त सूचना के आधार पर हुई संयुक्त कार्रवाई

जानकारी के अनुसार, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के निरीक्षक प्रवेश दहिया (प्रवेश कुमार) को गुप्त सूचना मिली थी कि दिल्ली रोड स्थित कपूर आटा चक्की पर ट्रैक्टर-ट्रॉली के माध्यम से सरकारी गेहूं अवैध रूप से उतारा जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री उड़नदस्ता, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग तथा थाना खरखौदा पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर छापेमारी की।

मौके से 186 कट्टे सरकारी गेहूं बरामद

छापेमारी के दौरान टीम ने ट्रैक्टर-ट्रॉली और उसके आसपास सरकारी मार्का वाले गेहूं के 186 कट्टे बरामद किए। प्रत्येक कट्टा 50 किलोग्राम का था। अधिकारियों के अनुसार बरामद गेहूं की कुल अनुमानित कीमत लगभग 2.27 लाख रुपये है। टीम ने पूरे गेहूं को कब्जे में लेकर उसकी गिनती और आवश्यक दस्तावेजी कार्रवाई पूरी की।

आटे से भरे ट्रैक्टर-ट्राली के साथ टीम।

आटे से भरे ट्रैक्टर-ट्राली के साथ टीम।

चक्की संचालक ने आढ़ती से खरीदने की बात कही

पूछताछ के दौरान कपूर आटा चक्की संचालक राजेश ने अधिकारियों को बताया कि उसने यह गेहूं भटगांव निवासी आढ़ती संदीप से खरीदा है। जब जांच टीम ने संदीप से सरकारी गेहूं की खरीद-बिक्री से संबंधित दस्तावेज मांगे तो वह कोई वैध रिकॉर्ड या अनुमति प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद अधिकारियों को सरकारी गेहूं की अवैध खरीद-फरोख्त की आशंका और मजबूत हो गई।

दो आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज

प्रथम दृष्टया सरकारी गेहूं की अवैध खरीद, बिक्री और भंडारण का मामला सामने आने पर थाना खरखौदा पुलिस ने आटा चक्की संचालक राजेश और भटगांव निवासी आढ़ती संदीप के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बरामद गेहूं को अपने कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।

जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि सरकारी गेहूं कहां से लाया गया और इस अवैध कारोबार में अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं।

कार्रवाई करती हुई टीम।

कार्रवाई करती हुई टीम।

डीएसपी के नेतृत्व में हुई कार्रवाई

यह पूरी कार्रवाई डीएसपी जीत सिंह बेनीवाल के नेतृत्व में की गई। छापेमारी दल में इंस्पेक्टर बिजेंद्र, एएसआई राजेश, एसआई जितेंद्र कुमार, ईएएसआई संजय तथा खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के निरीक्षक प्रवेश दहिया सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे।

अधिकारियों का कहना है कि सरकारी राशन और सार्वजनिक वितरण प्रणाली से जुड़े अनाज की अवैध खरीद-फरोख्त करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।