पटना31 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

गयाजी के शेरघाटी में करीब 161 साल पहले गिरे मंगल ग्रह के उल्कापिंड का एक टुकड़ा अब बेहद खास स्विस घड़ी का हिस्सा बन गया है। स्विट्जरलैंड की लग्जरी घड़ी निर्माता कंपनी लुई मोइनेट ने भारत की संस्कृति और इतिहास को समर्पित ‘द ओनली इंडिया’ नाम से यह घड़ी तैयार की है। कंपनी के अनुसार यह 1-ऑफ-1 यानी दुनिया में केवल एक बनाई गई कलेक्टर घड़ी है। दुनिया में इसका दूसरा नमूना नहीं है।
इस घड़ी की अनुमानित कीमत 2.1 करोड़ रुपए से अधिक बताई गई है। हालांकि, कंपनी ने इसकी आधिकारिक कीमत जारी नहीं की है। निर्माता कंपनी लुई मोइनेट के अनुसार, इस घड़ी के डायल में 25 अगस्त 1865 को शेरघाटी के पास गिरे उल्कापिंड का असली टुकड़ा लगाया गया है। यह उल्कापिंड मंगल ग्रह से आया था। इसे वैज्ञानिक दृष्टि से दुर्लभ माना जाता है। मूल शेरघाटी उल्कापिंड का संग्रह लंदन के संग्रहालय में है। मंगल ग्रह से आने वाले उल्कापिंडों को मुख्य रूप से शेरगोटी, नाखला और चासिग्नी श्रेणियों में बांटा जाता है। शेरगोटी श्रेणी के उल्कापिंडों की संख्या भी बहुत कम है। ऐसे में इस घड़ी में इसका इस्तेमाल इसे सामान्य लग्जरी घड़ियों से अलग बनाता है। इस घड़ी का केस 18 कैरट रेड गोल्ड से बनाया गया है।
इसके डिजाइन में भारतीय तिरंगे के अशोक चक्र से प्रेरित 20 तीलियों वाला धर्म चक्र उकेरा गया है। चक्र पर हाथ से बारीक पेंटिंग की गई है। केस के लग्स में चार रूबी (माणिक) भी जड़े गए हैं। घड़ी के डायल में असली मोर पंख का इस्तेमाल किया गया है। इस घड़ी में भारतीय प्रतीकों और स्विस घड़ी निर्माण कला का मेल देखने को मिलता है।
कहां मिलेगी और कौन खरीद सकता है
यह सामान्य दुकानों में मिलने वाली घड़ी नहीं है। चूंकि यह 1-ऑफ-1 यानी सिर्फ एक ही पीस है, इसलिए इसकी उपलब्धता सीमित है। इसे खरीदने के लिए लुई मोइनेट से सीधे या उसके अधिकृत रिटेलर के माध्यम से संपर्क करना होगा। भारत में लुई मोइनेट की अन्य घड़ियां एथोस समिट जैसे अधिकृत रिटेलर के माध्यम से उपलब्ध हैं। इसे खरीदने वाले ग्राहक को कीमत के साथ टैक्स, डिलीवरी, प्रामाणिकता प्रमाणपत्र और वारंटी की जानकारी भी लेनी होगी।
चार महीने की जांच के बाद तैयार हुआ मूवमेंट
द ओनली इंडिया घड़ी में लुई मोइनेट का एलएम-35 टूरबिलॉन मूवमेंट लगाया गया है। घड़ी के अंदर समय मापने वाले मैकेनिकल सिस्टम के घूमते हुए हिस्से को डायल पर देखा जा सकता है। कंपनी के अनुसार इस मूवमेंट ने इंटरनेशनल क्रोनोमेट्री प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार जीता है। पुरस्कार से पहले इसका करीब चार महीने तक परीक्षण किया गया। इसे 150 से अधिक झटकों से गुजारा गया। घड़ी में मैन्युअल वाइंडिंग सिस्टम, 72 घंटे का पावर रिजर्व और 21,600 कंपन प्रति घंटे की फ्रीक्वेंसी दी गई है। इसका केस 47 मिमी का है और इसमें 30 मीटर तक पानी से बचाव की क्षमता है।
.