गुरुवार को कोर्ट में दिनदहाड़े गैंगस्टर विनोद काणा की गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। इससे पहले उसका लग्जरी काफिलों के साथ वीडियो सामने आया था।
हरियाणा के हिसार कोर्ट परिसर गुरुवार को दिनदहाड़े हुई गैंगस्टर विनोद पानू उर्फ काणा की हत्या के तार अजीत पहलवान गैंग से जुड़ रहे हैं। पुलिस सूत्रों की माने तो विनोद काणा और अजीत पहलवान दोनों एक ही गांव थुराना के रहने वाले हैं और उनके बीच साल 2008 से वर
.
खास बात यह है कि अजीत गैंग के वार से ही विनोद पानू की एक आंख चली गई थी। इसके बाद से लोग उसे 'काणा' कहने लगे थे। इस घटना के बाद दोनों एक-दूसरे के जानी दुश्मन बन गए थे और दोनों में गैंगवार शुरू हो गई थी। बताया जाता है कि इस गैंगवार में अभी तक कईं जाने जा चुकी हैं।
उधर, विनोद काणा की हत्या से पहले का एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें विनोद काणा कई लग्जरी गाड़ियों के काफिले के साथ दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो गुरुवार को कोर्ट में पहुंचने से पहले का है, जिसमें जानलेवा हमले और रंगदारी के चर्चित मामले में बरी होने का जश्न मनाया जा रहा है। इसके बाद ही काफिले के साथ सभी 12 आरोपी कोर्ट पहुंचे थे।
फिलहाल, पुलिस अधिकारी इस मामले में ज्यादा कुछ कहने से बच रहे है। कहना है कि एक हत्यारोपी राकेश पुत्र बलराज गांव खरड़ को पकड़ लिया गया है, जिससे पूछताछ कर सभी कड़ियां जोड़ी जा रही हैं। शुक्रवार को पुलिस इस मामले का खुलासा कर सकती है।

गैंगस्टर विनोद उर्फ पानू की हत्या से पहले इंस्टाग्राम पर यह वीडियो डाला गया था, जिसमें सभी फोटो खींचवाते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि जानलेवा हमले में कोर्ट का फैसला आने से पहले सभी खुश थे।

इसके बाद सभी लग्जरी गाड़ियों से हिसार कोर्ट पहुंचे थे।
पहले जानिए पुलिस को अजीत पहलवान गैंग पर शक क्यों….
- दोनों हाल-फिलहाल जेल से बाहर आए, गैंग में कई बार हुई भिडंत : अजीत नारनौंद के थुराना गांव का रहने वाला है और उस पर हत्या, हत्या का प्रयास, लूट के कई मामले दर्ज हैं। वह करीब दो महीने पहले ही जमानत पर आया था। विनोद पानू भी कुछ दिन पहले की करनाल जेल से जमानत पर रिहा हुआ था। गांव थुराना में अजीत गैंग की विनोद पानू से कई बार भिड़ंत हो चुकी है। इसमें अजीत गैंग के वार से विनोद पानू की एक आंख चली गई थी। उस घटना के बाद दोनों एक-दूसरे के जानी दुश्मन बन गए थे और दोनों में गैंगवार शुरू हो गई थी। दोनों गैंग के लोगों ने एक दूसरे पर हमले कर विरोधी गैंग के कई लोगों की जान ली थी।
- विनोद को हमले का डर था, कोर्ट में ले जाना चाहता था गाड़ी : बताया जा रहा है कि विनोद काणा पेशी के दौरान अपनी लग्जरी गाड़ी में आया था। उसे शक था कि अजीत गैंग के लोग उस पर हमला कर सकते हैं। इसलिए वह हिसार कोर्ट के अंदर गाड़ी ले जाना चाहता था। सीसीटीवी में दिख भी रहा है कि विनोद काणा और उसके साथियों ने गाड़ी अंदर ले जाने का प्रयास किया, लेकिन वहां मौजूद सुरक्षाकर्मी ने गाड़ी अंदर नहीं जाने दी। जब वह कोर्ट के अंदर जा रहा था, उसी दौरान घात लगाकर बैठे अजीत पहलवान ग्रुप के शूटरों ने उस पर हमला कर दिया।
- गुरुवार को ही हत्या प्रयास मामले में बरी हुआ था पानू: पुलिस के मुताबिक, प्लॉट के विवाद में 5 नवंबर 2021 को बरवाला के बधावड़ गांव वासी रामअवतार पर गोली चलाने के मामले में विनोद पानू और उसके 11 साथी गुरुवार हिसार कोर्ट से बरी हुए थे। विनोद पानू के अलावा इनमें मुकेश उर्फ मोनू, प्रदीप, नरेंद्र उर्फ बच्छी, बलजीत, संदीप, सुरेंदर, रोहित उर्फ पटवारी, कुलदीप पुत्र राम भगत, सज्जन उर्फ काला, कुलदीप उर्फ बुढ़िया और सागर हैं। इसी वजह से सभी साथ आए थे। इसका वीडियो भी इंस्टाग्राम पर डाला गया था। शक है कि इंस्टाग्राम पर उसकी पोस्ट से हमलावरों की इस बात की जानकारी मिल चुकी थी।

गैंगस्टर विनोद पानू उर्फ काणा को गोली मारने के बाद भागते हमलावर।

हिसार नागरिक अस्पताल में रखा विनोद काणा का शव।
अब जानिए कैसे हुआ कोर्ट में गैंगस्टर का मर्डर…
- कोर्ट से बरी होने के बाद किया गया हमला : गैंगस्टर विनोद पानू उर्फ काणा गुरुवार दोपहर करीब दो बजे पेशी पर आया था। कोर्ट से हमले के मामले में बरी होने के बाद कागजी प्रक्रिया पूरी कर जैसे ही विनोद काणा अपने साथियों संग पार्किंग की तरफ बढ़ा, वहां पहले से घात लगाए बैठे दो नकाबपोश बदमाशों ने उस पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इसमें विनोद काणा और उसके दो साथी हांसी के सुत्लानपुर निवासी रविंद्र और भिवानी के मंडोली निवासी योगेश घायल हो गए।
- एक हमलावर को पीछा कर पकड़ा: अचानक गोलियां चलने से कोर्ट परिसर में भगदड़ मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इसी बीच पानू के साथियों को पीछे आता देख एक हमलावर दोबारा पार्किंग एरिया की तरफ भागते हुए गिर गया, जिसे साथियों ने दबोच लिया। इस दौरान हमलावर ने एक बार फिर गोली चला दी, जो पानू के एक साथी की जांघ पर लगी। गोली लगने के बावजूद घायल ने हमलावर को पार्किंग में ही पकड़ लिया।
- साथी फॉर्च्यूनर में डाल कर अस्पताल ले गए : वारदात के बाद घायल पानू और उसके दोनों साथियों को हिसार के सपरा अस्पताल ले जाया गया। साथियों ने ही तीनों को फॉर्च्यूनर गाड़ी से अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने पानू को डेड घोषित कर दिया, जबकि उसके दोनों साथियों का इलाज जारी है। घटना के बाद पुलिस ने एरिया सील कर दिया था। घटनास्थल से गोलियों के 14 खोल बरामद किए हैं। बताया गया है कि इनमें से 10 गोलियां पानू को लगी थीं।

एक आरोपी राकेश को विनोद पानू के साथियों ने पकड़ लिया, जिसकी जमकर पिटाई भी की गई।
हत्यारोपी पर सात केस दर्ज, पुलिस कर रही पूछताछ
हिसार एसपी सिद्धांत जैन ने बताया कि इस घटना में मारे गए विनोद उर्फ पानू उर्फ काना पर विरुद्ध विभिन्न धाराओं में 31 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिसमें हत्या, हत्या का प्रयास, लूट आदि की वारदात शामिल है। एक आरोपी को काबू किया गया है, जिसकी पहचान राकेश पुत्र बलराज गांव खरड़ के रूप में हुई है।
शुरुआती जांच में पता चला है कि राकेश पर सात केस दर्ज हैं। राकेश से पुलिस टीमें पूछताछ कर रही है। उसके दूसरे साथी की तलाश भी जारी है। जल्दी ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।

---------------------------
ये खबर भी पढ़ें….
कोर्ट से बरी होकर निकले गैंगस्टर को गोलियों से भूना,VIDEO:बदमाशों ने 14 फायर किए, 2 साथी भी घायल, 31 केस थे; वकीलों का वर्क सस्पेंड का ऐलान

हरियाणा के हिसार कोर्ट में गुरुवार को पेशी पर आए गैंगस्टर विनोद पानू उर्फ काणा को दिनदहाड़े गोलियों से भून दिया गया। उसके दो साथियों को भी गोलियां मारी गईं। बाइक सवार दो बदमाशों ने ये वादात की, जिनमें एक को गैंगस्टर के साथियों ने पीछा कर दबोच लिया। (पूरी खबर पढ़ें)