तीसरे दिन का खेल खत्म, 178 रन की बढ़त लेकर ड्राइविंग सीट पर टीम इंडिया

Published on 17 अग॰ 2026

क्रिकेट

  • Edited by: समीर कुमार ठाकुर
  • Updated Aug 17, 2026, 06:07 PM IST

भारत ने गॉल टेस्ट में अपनी स्थिति मजबूत कर ली। तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने 178 रन की बढ़त हासिल कर ली। 462 रन के जवाब में श्रीलंका की पहली पारी 284 रन बनाकर ढेर हो गई।

Image

भारत और श्रीलंका (साभार-X)

बाएं हाथ के स्पिनर मानव सुथार (76 रन देकर चार विकेट) और अनुभवी हरफनमौला रविंद्र जडेजा (57 रन देकर तीन विकेट) की अगुवाई में भारत ने दो मैचों की श्रृंखला के पहले टेस्ट के तीसरे दिन सोमवार को श्रीलंका की पहली पारी को 284 रन पर समेट दिया। भारत को इस तरह पहली पारी में 178 रन की बड़ी बढ़त मिल गयी। श्रीलंका की पारी खत्म होते ही बारिश होने लगी और फिर दिन का खेल समाप्त घोषित कर दिया गया। भारत की ओर से मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा और चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव को एक-एक सफलता मिली।

भारतीय स्पिनरों के सामने श्रीलंका के बल्लेबाजों को काफी संघर्ष करना पड़ा और टीम ने 90 रन तक पांच विकेट गंवा दिये थे। सोनल दिनुशा ने शानदार शतकीय पारी खेली। उन्होंने 168 गेंदों पर चार चौकों और दो छक्कों की मदद से 100 रन बनाए। अपने चौथे टेस्ट में करियर का पहला शतक जड़ने वाले दिनुशा ने छठे विकेट के लिए निरोशन डिकवेला (80) के साथ 146 रन की साझेदारी कर टीम को खराब शुरुआत से उबारा। लंबे समय के बाद टीम में वापसी कर रहे डिकवेला ने 115 गेंद की पारी में सात चौके लगाये।

इससे पहले दिन की शुरुआत में भारत की पहली पारी 462 रन पर सिमट गयी थी। भारत कल के स्कोर में केवल दो रन ही जोड़ पाई। भारत ने केवल केवल चार गेंद के अंदर उसने कृष्णा के रूप में अपना आखिरी विकेट गंवा दिया। भारत की ओर से देवदत्त पडिक्कल ने 167 रन की पारी खेली जबकि केएल राहुल ने 82 रन की पारी खेली। नीचले क्रम में विकेटकीपर ध्रुव जुरेल ने 51 रन की पारी खेली। श्रीलंका की ओर से प्रभात जयसूर्या ने 4 जबकि केशारा नुवांथा ने 3 विकेट चटकाए।

Sameer Thakur

समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें

  • Hindi News
  • Sports
  • Cricket

End of Article