
जन्म से ही दृष्टिहीन हैं सत्येंद्र.
Muzaffarnagar News: कांवड़ यात्रा में लाखों शिवभक्तों की आस्था के तरह-तरह के रंग देखने को मिलते हैं, लेकिन उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद में एक ऐसा शिवभक्त पहुंचा है जिसकी निष्ठा और भक्ति देखकर हर कोई हैरान है. मुजफ्फरनगर के बिटावदा गांव के रहने वाले बुजुर्ग सत्येंद्र बचपन से ही दृष्टिहीन हैं, लेकिन आंखों की रोशनी न होने के बावजूद भोलेनाथ के प्रति उनका समर्पण डगमगाया नहीं है.
दृष्टिहीन सत्येंद्र केवल एक लाठी के सहारे इस वर्ष अपनी 17वीं कावड़ यात्रा पूरी कर रहे हैं. दरअसल, मुजफ्फरनगर जिले के बिटावदा गांव के रहने वाले बुजुर्ग सत्येंद्र बचपन से ही दोनों आंखों की रोशनी न होने से दिव्यांग हैं. शारीरिक अक्षमता के बावजूद उनके मन में भगवान शिव के प्रति अटूट श्रद्धा है, जो उन्हें हर साल कावड़ उठाने की शक्ति देती है. सत्येंद्र का मानना है कि इस जन्म का अंधेरा उनके पूर्व जन्मों के कर्मों का फल हो सकता है, जिसे भगवान भोलेनाथ की भक्ति ही दूर कर सकती है.
3 दिन में हरिद्वार से मुजफ्फरनगर का सफर
सत्येंद्र ने 2 अगस्त को हरिद्वार की पवित्र हर की पौड़ी से गंगाजल उठाया था. बिना किसी व्यक्तिगत साथी के, केवल अपनी लाठी टेकते हुए वह 3 दिन में हरिद्वार से मुजफ्फरनगर पहुंच गए. पूरे रास्ते वह किसी रिश्तेदार के बिना अकेले ही बढ़ते रहे और राह में भोलेनाथ का नाम जपते रहे.
ये भी पढ़ें: न घर बचा, न परिवार, सिर्फ सन्नाटा 22 साल बाद जेल से लौटे बेगुनाह अर्जुन जानी, कहानी सुन हर आंख हुई नम
रास्ते में साथी बने अनजान शिवभक्त
सत्येंद्र बताते हैं कि रास्ते में मिलने वाले अन्य कावड़िए उनकी स्थिति देखकर आगे आते हैं और सड़क पार कराने में मदद करते हैं. सह-यात्री कुछ दूरी तक उनका हाथ पकड़कर रास्ता दिखाते हैं और फिर वह अपनी लाठी के सहारे आगे बढ़ते रहते हैं. कावड़ मार्ग पर श्रद्धालुओं का सहयोग उन्हें कभी अकेलापन या डर महसूस नहीं होने देता.
‘भोलेनाथ दें सुख-शांति, कट जाएं पिछले पाप’
सत्येंद्र ने बताया- मैं बिटावद गांव का रहने वाला हूं. मुझे आंखों से नहीं दिखता, यह मेरी 17वीं कावड़ है. मैंने 2 अगस्त को कावड़ उठाई थी और 3 दिन में यहां मुजफ्फरनगर पहुंच गया हूं. मैं कावड़ इसलिए लाता हूं ताकि पिछले जन्मों के पाप धुल जाएं. बाकी तो इंसान को अपने कर्म ही भुगतने पड़ते हैं. भोलेनाथ से बस यही चाहता हूं कि जीवन में सुख-शांति दे दें. मेरे साथ कोई नहीं था, रास्ते में भोले ही थोड़ा-थोड़ा साथ लेकर आए हैं.

रविन्द्र सिंह
रविंद्र सिंह उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में रिपोर्टर हैं. वह बीते 17 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. उनकी शुरुआत एक हिंदी दैनिक अखबार से हुई. फिर साल 2014 से वह न्यूज़ नेशन व रीजनल न्यूज़ स्टेट में काम किया. यहां पर उन्होंने लगातार 2023 तक जिला स्तर पर काम किया. इन्होंने सभी प्लेटफॉर्म के साथ जुड़कर इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में भी काम किया है. सॉफ्ट स्टोरी और क्राइम स्टोरी को समझते हुए समर्पण के साथ रिपोर्टिंग को प्राथमिकता दी. उसके बाद से वह TV9 भारतवर्ष के साथ काम कर रहे हैं.
Read More