
Iphone 17Image Credit source: Apple
एपल ने आईफोन 18 प्रो सीरीज और अपने पहले फोल्डेबल आईफोन डुओ को लॉन्च करने के बाद भारत में अपने पुराने आईफोन मॉडल की कीमतें बढ़ा दी हैं. कंपनी ने आईफोन 17, आईफोन 17e और आईफोन एयर की कीमत में इजाफा किया है. आईफोन 17 की शुरुआती कीमत अब 99,900 रुपये हो गई है, जो लॉन्च कीमत से 17,000 रुपये ज्यादा है. वहीं आईफोन 17e की कीमत में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी हुई है.
आईफोन 17 हुआ 17 हजार रुपये महंगा
एपल आईफोन 17 की कीमत अब 256GB मॉडल के लिए 99,900 रुपये से शुरू होती है. वहीं 512GB मॉडल की कीमत 1,24,900 रुपये हो गई है. लॉन्च के समय आईफोन 17 की शुरुआती कीमत 82,900 रुपये थी. यानी बेस मॉडल की कीमत में सीधे 17,000 रुपये की बढ़ोतरी हुई है. एपल ने आईफोन 18 प्रो सीरीज और आईफोन डुओ लॉन्च करने के तुरंत बाद अपनी वेबसाइट पर आईफोन 17 की नई कीमतें अपडेट की हैं.
आईफोन एयर भी हुआ महंगा
आईफोन एयर की कीमत भी बढ़ा दी गई है. अब भारत में इसका 256GB मॉडल 1,49,900 रुपये में मिलेगा, जबकि 512GB मॉडल की कीमत 1,74,900 रुपये और 1TB मॉडल की कीमत 2,24,900 रुपये हो गई है. इससे पहले आईफोन एयर को क्रमश: 1,19,900 रुपये, 1,39,900 रुपये और 1,59,900 रुपये में लॉन्च किया गया था. इस तरह तीनों स्टोरेज वेरिएंट की कीमतों में काफी बढ़ोतरी हुई है.
आईफोन 17e में सबसे ज्यादा बढ़ी कीमत
हाल ही में लॉन्च हुए आईफोन 17e की कीमत भी बढ़ गई है. अब इसका 256GB मॉडल 79,900 रुपये और 512GB मॉडल 1,04,900 रुपये का हो गया है. आईफोन 17e को 2 मार्च को भारत में 64,900 रुपये की शुरुआती कीमत पर लॉन्च किया गया था, जबकि 512GB मॉडल की कीमत 84,900 रुपये थी. इन तीनों आईफोन में आईफोन 17e की कीमत में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी हुई है. कीमत बढ़ाने का फैसला आईफोन 18 प्रो, आईफोन 18 प्रो मैक्स और आईफोन डुओ के लॉन्च के बाद आया है.
ये भी पढ़ें: 14,900 रु में AirPods 5 लॉन्च, ANC और AI फीचर्स से हुआ बड़ा अपग्रेड, जानें पूरी डिटेल

विशाल मैथिल
भोपाल के रहने वाले हैं. कम्प्यूटर साइंस में ग्रेजुएशन और मीडिया रिसर्च में पोस्ट ग्रेजुएशन करने के बाद डिजिटल मीडिया में कदम रखा. दैनिक भास्कर से शुरुआत हुई. इसके बाद टाइम्स नाउ नवभारत और अमर उजाला जैसे संस्थान में टेक जर्नलिस्ट के दौर पर करने के बाद TV9 भारतवर्ष से जुड़े हैं. सोशल मीडिया कैंपेन को लीड करने और हिंदी मैग्जीन में भी काम करने का मौका मिला. फिलहाल टेक्नोलॉजी, सोशल मीडिया, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सिक्योरिटी और स्मार्टफोन की खबरें आप तक आसान भाषा में पहुंचाने का काम कर रहे हैं. गैजेट्स कंपेरिजन, गैजेट्स रिव्यूज और मोबाइल रिचार्ज जैसे टॉपिक्स पर भी अच्छी पकड़ रखते हैं. रिसर्च, एक्सप्लेनर, डाटा स्टोरी और इंफोग्राफिक्स के साथ जटिल खबरों को आसानी से कहने और टेक जगत की छोटी-बड़ी अपडेट आप तक पहुंचाने का हुनर रखते हैं. गैजेट्स के अलावा किताबों और म्यूजिक में भी खूब मन लगता है.
Read More