साड़ी पहनकर नंगे पांव दौड़ी कविता महतो, 1600 मीटर ट्रायल करीब 6 मिनट में किया पूरा - India TV Hindi

Published on 7 अक्टू॰ 2026

झारखंड के रामगढ़ जिले में होमगार्ड बहाली की तैयारी के लिए आयोजित 1600 मीटर दौड़ का ट्रायल एक महिला अभ्यर्थी की वजह से चर्चा में आ गया। कविता महतो साड़ी पहनकर और नंगे पांव ट्रायल में दौड़ती नजर आईं। उन्होंने 1600 मीटर की दूरी करीब 6 मिनट में पूरी कर दी।

शारीरिक परीक्षा की तैयारी के लिए पहुंचे थे अभ्यर्थी

ट्रायल अंकित रणुर डिफेंस एकेडमी में आयोजित किया गया था, जहां बड़ी संख्या में अभ्यर्थी शारीरिक परीक्षा की तैयारी के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान नीली साड़ी पहने कविता महतो ने नंगे पांव 1600 मीटर की दौड़ लगाई। उनकी दौड़ ने वहां मौजूद लोगों का ध्यान खींचा। हर कोई महिला की लगन और उसकी दौड़ की तारीफ कर रहा था।

10 मिनट की दौड़ सिर्फ 6 मिनट में की पूरी

महिला अभ्यर्थियों के लिए 1600 मीटर की दौड़ पूरी करने का निर्धारित समय 10 मिनट है। वहीं, इसे 8 मिनट में पूरा करने पर 'उत्कृष्ट' श्रेणी में माना जाता है। कविता महतो ने करीब 6 मिनट में दौड़ पूरी कर इस निर्धारित समय से काफी कम वक्त में अपना ट्रायल पूरा किया।

न तो स्पोर्ट्स ड्रेस और न ही पैरों में जूते

कविता के पास दौड़ के लिए न तो स्पोर्ट्स ड्रेस थी और न ही जूते, लेकिन उन्होंने साड़ी में ही ट्रायल दिया। नंगे पांव दौड़ते हुए उन्होंने जिस तरह निर्धारित दूरी पूरी की, उसकी तस्वीर और वीडियो सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बन रहे हैं। कविता महतो के रेस जीतने पर संस्थान के अन्य अभ्यर्थी भी काफी खुश हैं। संस्थान के पदाधिकारियों ने महिला को सम्मानित भी किया है।

अभ्यर्थियों के लिए प्रेरणा बनी कविता महतो

साड़ी हो या स्पोर्ट्स ड्रेस, जूते हों या नंगे पांव, जब इरादा मजबूत हो, तो इंसान सिर्फ दौड़ता नहीं है कि वो अपनी किस्मत बदलने की तरफ दौड़ता है। रामगढ़ के महिला की ये तस्वीर यही कह रही है। सपने देखने वालों के लिए रास्ते नहीं। हौसला मायने रखता हैं। कविता महतो का यह प्रयास उन अभ्यर्थियों के लिए भी प्रेरणा बन गया है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद सरकारी नौकरी के लिए मेहनत कर रहे हैं।

विनीत शर्मा की रिपोर्ट

ये भी पढ़ें: 

‘सैलून में पैसा लगाइए, मुनाफा मिलेगा’, 12 से ज्यादा लोगों से ₹2.51 करोड़ की ठगी, दंपति और बेटे पर FIR

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। झारखण्ड से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।