इंतजार खत्म; 156 को मिला उत्कृष्ट खिलाड़ी का दर्जा: आठ साल बाद जारी हुई सूची, सरकारी नौकरी का रास्ता साफ; 783 आवेदन आए थे - Chhattisgarh News

Published on 5 अग॰ 2026

खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने वर्ष 2018-19 और 2019-20 के लिए उत्कृष्ट खिलाड़ियों की सूची जारी कर दी है। कुल 20 खेलों के 156 खिलाड़ियों को उत्कृष्ट खिलाड़ी का दर्जा दिया गया है।

.

इस फैसले से न सिर्फ खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धियों का सम्मान मिलेगा, बल्कि सरकारी नौकरी में आरक्षित पदों पर नियुक्ति का रास्ता भी खुल जाएगा।

2016 से अटका था उत्कृष्ट खिलाड़ी का दर्जा

प्रदेश के राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी वर्ष 2016 से उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित होने का इंतजार कर रहे थे। कई वर्षों तक चयन प्रक्रिया पूरी नहीं होने से खिलाड़ियों को खेल कोटे में मिलने वाली सरकारी नौकरियों का लाभ नहीं मिल पा रहा था।

अब पात्र खिलाड़ियों के नाम राजपत्र में प्रकाशित कर दिए गए हैं, जिससे वर्षों से लंबित प्रक्रिया पूरी हो गई है।

783 आवेदन आए, कई चरणों में हुई जांच

खेल विभाग को दोनों वर्षों के लिए कुल 783 आवेदन मिले थे। इनमें वर्ष 2018-19 के 344 और वर्ष 2019-20 के 439 आवेदन शामिल थे। शुरुआती जांच के बाद 651 आवेदन आगे की प्रक्रिया के लिए योग्य पाए गए।

इसके बाद उच्चस्तरीय समिति ने सभी दावों और उपलब्धियों की समीक्षा की। अंतिम चयन में 20 अलग-अलग खेलों के 156 खिलाड़ियों को उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित किया गया।

सरकारी नौकरी में मिलेगा सीधा फायदा

उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित होने के बाद इन खिलाड़ियों को प्रदेश के सरकारी विभागों में खेल कोटे का लाभ मिलेगा। राज्य सरकार ने सरकारी नौकरियों के दो प्रतिशत पद उत्कृष्ट खिलाड़ियों के लिए आरक्षित किए हैं।

पिछले कई वर्षों से सूची जारी नहीं होने के कारण इन पदों पर नियुक्तियां प्रभावित हो रही थीं। अब नई सूची जारी होने के बाद रिक्त पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया आगे बढ़ सकेगी।

इन खिलाड़ियों को मिला बड़ा सम्मान

बैडमिंटन में आकर्षी कश्यप, वेंकट गौरव प्रसाद और जूही देवांगन को उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित किया गया है। आर्चरी में धर्मेश गोफने, बिंदेश्वरी मरावी, नित्या धुर्वे, भरत कुमार यादव और आरती मसराम को यह दर्जा मिला है।

इसके अलावा फेंसिंग, हॉकी, कराते, कयाकिंग-कैनोइंग, पैरा एथलेटिक्स, पैरा स्विमिंग, सॉफ्ट टेनिस, वुशू, बास्केटबॉल, हैंडबॉल, नेटबॉल, डेफ स्विमिंग, व्हीलचेयर फेंसिंग और सॉफ्टबॉल समेत कुल 20 खेलों के खिलाड़ियों को सूची में शामिल किया गया है।

सबसे ज्यादा खिलाड़ी इन खेलों से

इस बार हैंडबॉल, व्हीलचेयर फेंसिंग, सॉफ्टबॉल, बास्केटबॉल और कयाकिंग-कैनोइंग जैसे खेलों से सबसे अधिक खिलाड़ियों का चयन हुआ है। वहीं हॉकी से केवल रेणुका यादव, डेफ स्विमिंग से अतुल जायसवाल और सॉफ्ट टेनिस से आयुषी चौहान को उत्कृष्ट खिलाड़ी का दर्जा मिला है।

क्या है उत्कृष्ट खिलाड़ी का दर्जा?

उत्कृष्ट खिलाड़ी का दर्जा राज्य सरकार उन खिलाड़ियों को देती है जिन्होंने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में निर्धारित मानकों के अनुसार बेहतर प्रदर्शन किया हो।

यह प्रमाणपत्र खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियों में आरक्षण, भर्ती प्रक्रिया में प्राथमिकता और अन्य सरकारी सुविधाओं का लाभ दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

इस वजह से प्रदेश के खिलाड़ी पिछले कई वर्षों से इस सूची का इंतजार कर रहे थे।