.
शिक्षा को राष्ट्र निर्माण की सबसे मजबूत नींव बताते हुए भारती एयरटेल फाउंडेशन ने शिक्षा के क्षेत्र में 25 से अधिक वर्षों की अपनी यात्रा का जश्न मनाया। बुधवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारती एयरटेल फाउंडेशन के सह-अध्यक्ष एवं भारती एंटरप्राइजेज के उपाध्यक्ष राकेश भारती मित्तल ने कहा कि किसी भी राष्ट्र का भविष्य उसके लोगों की क्षमता और सामर्थ्य पर निर्भर करता है। शिक्षा मानव संसाधन विकास की आधारशिला है।
भारत के विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ते समय गुणवत्तापूर्ण शिक्षा में निवेश, शिक्षकों को सशक्त बनाना और युवाओं को बदलती दुनिया के लिए जरूरी कौशल व आत्मविश्वास देना हमारी साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पिछले 25 वर्षों में फाउंडेशन का काम केवल स्कूलों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि पूरे शिक्षा तंत्र को मजबूत करने की दिशा में लगातार विस्तारित हुआ है। इसका उद्देश्य ऐसे अवसर तैयार करना है, जहां हर बच्चा सीखने, आगे बढ़ने और देश के विकास में सार्थक योगदान देने में सक्षम हो।
पंजाब भारती एयरटेल फाउंडेशन की स्कूल शिक्षा पहल का सबसे बड़ा केंद्र बनकर उभरा है। राज्य में 85 सत्य भारती स्कूल संचालित किए जा रहे हैं, जहां 21 हजार से अधिक छात्र शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। इनमें 51 प्रतिशत छात्राएं हैं। इसके अलावा क्वालिटी सपोर्ट प्रोग्राम के जरिए 105 सरकारी स्कूलों में 42 हजार से अधिक छात्रों तक पहुंच बनाई जा चुकी है।
लुधियाना में फाउंडेशन के 42 सत्य भारती स्कूल 150 गांवों के 10,764 छात्रों को निःशुल्क गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करा रहे हैं। हाल ही में 12 सरकारी स्कूलों में क्वालिटी सपोर्ट प्रोग्राम का विस्तार किया गया है, जिससे 4 हजार से अधिक छात्रों और 160 शिक्षकों को लाभ मिल रहा है।
फाउंडेशन के अनुसार, 25 वर्षों से अधिक की यात्रा में उसकी पहलों का सकारात्मक प्रभाव 78 लाख से अधिक लोगों के जीवन पर पड़ा है। इनमें 43 लाख से अधिक छात्र और 3.62 लाख शिक्षक शामिल हैं। फाउंडेशन ने 20 राज्यों के 37 हजार से अधिक स्कूलों और 25 हजार से अधिक गांवों तक अपनी पहुंच बनाई है।
शिक्षकों के विकास के लिए द टीचर एप भी अहम पहल है। आजीवन निःशुल्क यह प्लेटफॉर्म देश के सभी 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में करीब 3 लाख उपयोगकर्ताओं तक पहुंच चुका है। पंजाब में इसके 20 हजार से अधिक उपयोगकर्ता हैं।
प्लेटफॉर्म पर शिक्षकों को एआई आधारित टूल, व्यावसायिक सीखने के संसाधन और सहकर्मी सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है। फाउंडेशन के पांच सत्य भारती आदर्श सीनियर सेकेंडरी स्कूलों ने 2025-26 की सीबीएसई परीक्षाओं में कक्षा 10 में 99.6% और कक्षा 12 में पास फीसद 99.53% दर्ज की।