नोएडा में 15 सड़कें बनेंगी मॉडल रोड: 47.27 किमी पर खर्च होंगे 263.77 करोड़, फुटपाथ और ग्रीन एरिया डवलप किया जाएगा - Noida (Gautambudh Nagar) News

Published on 4 अक्टू॰ 2026

नोएडा में सड़कों को बेहतर बनाने और प्रदूषण कम करने के लिए 15 प्रमुख सड़कों को मॉडल रोड के रूप में विकसित करने की तैयारी है। इन सड़कों की कुल लंबाई करीब 47.27 किमी है।

.

नोएडा प्राधिकरण की 19 अगस्त 2026 की रिपोर्ट के अनुसार, इन पर करीब 263.77 करोड़ रुपए खर्च प्रस्तावित हैं। मॉडल रोड पर सिर्फ सड़क की री-सरफेसिंग नहीं होगी, बल्कि फुटपाथ, ड्रेन, साइकिल ट्रैक, आरसीसी डक्ट, ग्रीन एरिया, जंक्शन सुधार और सौंदर्यीकरण का काम भी किया जाएगा।

इनमें सबसे लंबी मॉडल रोड एमपी-2 है। सेक्टर-16ए फिल्म सिटी से सेक्टर-61 अंडरपास तक 7.8 किमी लंबी इस सड़क पर करीब 27.88 करोड़ रुपए खर्च प्रस्तावित हैं।

अट्टा अंडरपास से सेक्टर-61 अंडरपास तक री-सरफेसिंग का काम पूरा हो चुका है। सर्विस रोड पर काम चल रहा है, जबकि बाकी हिस्से के लिए एग्रीमेंट तैयार किया गया है।

हाजीपुर से सेक्टर-51-52 और 71-72 अंडरपास की ओर जाने वाली 75 मीटर रोड 7 किमी लंबी है। इस पर सबसे ज्यादा 46 करोड़ रुपए खर्च किए जाने का प्रस्ताव है।

यहां जंक्शन, फुटपाथ और सड़क सुधार के साथ साइड पटरी पर टाइल और ग्रीन एरिया विकसित किया जाएगा। फिलहाल सेक्टर-47 से सेक्टर-98 तक करीब 3 किमी हिस्से का अनुमान तैयार कर मंजूरी के लिए भेजा गया है।

महामाया फ्लाईओवर से सेक्टर-71 अंडरपास तक 5.5 किमी लंबी एमपी-3 रोड की भी री-सरफेसिंग होगी। इस पर करीब 15.50 करोड़ रुपए खर्च प्रस्तावित हैं। पर्याप्त बोली नहीं मिलने के कारण इसका दोबारा टेंडर कराया जा रहा है।

अशोक नगर से हरौला लेबर चौक तक 1.4 किमी सड़क के सुधार पर 17.88 करोड़ रुपए खर्च प्रस्तावित हैं। सेक्टर-2 से हरौला चौक तक 520 मीटर सड़क पर 9.86 करोड़ और वसुंधरा-दिल्ली बॉर्डर से उद्योग मार्ग तक 500 मीटर सड़क पर 7.60 करोड़ रुपए खर्च का प्रस्ताव है। दोनों के टेंडर प्रकाशित हो चुके हैं।

सेक्टर-62 में फोर्टिस अस्पताल से इंडस वैली स्कूल तक 1.8 किमी और स्मॉल डी-पार्क से बिग डी-पार्क तक 1.3 किमी सड़क भी मॉडल रोड में शामिल हैं। यहां साइकिल ट्रैक, फुटपाथ, ड्रेन, साइड वर्ज, जंक्शन और ग्रीन एरिया विकसित किए जाएंगे। दोनों काम अभी मंजूरी की प्रक्रिया में हैं।

हाजीपुर अंडरपास से एल्डेको क्रॉसिंग तक 3 किमी सड़क पर करीब 35.21 करोड़ रुपए खर्च प्रस्तावित हैं। वहीं जेपी फ्लाईओवर से डीएससी रोड तक 1.7 किमी सड़क पर 17.27 करोड़ रुपए खर्च का प्रस्ताव है। यह सड़क सेक्टर-82, 104, 105, 108 और 110 को जोड़ेगी।

एडोब क्रॉसिंग से अट्टा पीर क्रॉसिंग तक 3.7 किमी पैरेलल रोड की री-सरफेसिंग के लिए एग्रीमेंट तैयार हो चुका है। इस पर 13.52 करोड़ रुपए खर्च प्रस्तावित हैं। सेक्टर-79 टी-प्वाइंट से डीएससी रोड तक 3.5 किमी सड़क पर करीब 14.97 करोड़ रुपए खर्च किए जाने का प्रस्ताव है। इसका काम अभी मंजूरी की प्रक्रिया में है।