
News 2026 09 17t114124.793
Mirzapur News in Hindi: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में गंगा नदी में कूदी एक महिला करीब 14 घंटे बाद 40 किलोमीटर दूर चुनार में जिंदा मिली. महिला को गंगा में मछली पकड़ रहे मछुआरों ने सुरक्षित बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी. इसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के बाद उसकी हालत ठीक बताई गई. पुलिस ने महिला का बयान दर्ज करने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया.
घटना मंगलवार की बताई जा रही है. महिला अपने पति से दवा के लिए पैसे मांग रही थी. पति के पैसे नहीं भेजने से नाराज होकर वह घर से निकल गई और शास्त्री पुल से गंगा नदी में कूद गई. सूचना मिलने के बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन तत्काल उसका पता नहीं चल सका.
दवा के पैसे को लेकर पति से हुई थी बात
38 वर्षीय सुनीता साहनी कछवां थाना क्षेत्र के बरैनी गांव की रहने वाली है. उसकी शादी करीब 18 साल पहले कटरा कोतवाली क्षेत्र के छोटी बसही मोहल्ले के रहने वाले सूर्यबली से हुई थी. सूर्यबली गुजरात के जामनगर में नौकरी करता है.
सुनीता ने पुलिस को बताया कि उसे दवा खरीदनी थी. इसके लिए उसने सोमवार को पति से फोन पर पैसे भेजने के लिए कहा था. पति ने मंगलवार सुबह पैसे भेजने की बात कही थी. महिला के मुताबिक, जब पैसे नहीं मिले तो वह नाराज हो गई.
पति की बात से आहत होने का दावा
महिला ने पुलिस को बताया कि फोन पर पति ने उससे कहा, “मेरा तुमसे कोई मतलब नहीं, जाकर मर जाओ.” सुनीता के अनुसार, पति की इस बात से वह आहत हुई और घर से निकल गई. इसके बाद उसने शास्त्री पुल से गंगा में छलांग लगा दी.
पुलिस ने महिला की तलाश के लिए प्रयास किए, लेकिन गंगा की तेज धारा के कारण उसका तत्काल पता नहीं चल पाया. इस दौरान वह पानी के बहाव के साथ करीब 40 किलोमीटर दूर चुनार की ओर पहुंच गई.
मछुआरों ने गंगा से बाहर निकाला
बुधवार को चुनार घाट के पास गंगा में मछली पकड़ रहे मछुआरों की नजर महिला पर पड़ी. उन्होंने उसे सुरक्षित बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस महिला को उपचार के लिए अस्पताल ले गई.
चुनार कोतवाली प्रभारी विजयशंकर सिंह ने बताया कि महिला मंगलवार शाम शास्त्री पुल से गंगा में कूदी थी. वह रातभर गंगा के बहाव में बहते हुए चुनार घाट के पास पहुंची, जहां मछुआरों ने उसे सुरक्षित बाहर निकाला. उपचार के बाद महिला स्वस्थ बताई गई और उसे परिजनों को सौंप दिया गया.
रिपोर्ट- जयप्रकाश, मिर्जापुर

राहुल कुमार
प्रिंट, TV और डिजिटल की दुनिया को सीखते-समझते लगभग 9 साल हो गए हैं. राजस्थान पत्रिका में अखबार और टीवी की रिपोर्टिंग से शुरुआत... इसके बाद प्रभात खबर पटना में अलग-अलग जिलों के एडिशन का बतौर इंचार्ज 5 साल तक रहा. यहां से दिल्ली आया तो NDTV में काम करने का मौका मिला. अगला पड़ाव TV9 रहा, जहां मैं स्टेट टीम का हिस्सा हूं. पत्रकारिता का क, ख, ग... माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय में सीखा. यहां से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की. खबरों में आम आदमी के लिए क्या, किस राजनीतिक हलचल के मायने क्या? बस इसी की तलाश हमेशा रहती है. समाज से जुड़े मुद्दों को उठाना और उसे आसान भाषा में समझाने की कोशिश जारी है.
Read More