Flydubai Flight Hijack Case: भारतीय पायलट स्मित मच्छार की दुनिया भर में तारीफ हो रही है. मुंबई के रहने वाले पायलट स्मित मच्छार संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की एयरलाइन फ्लाईदुबई में कैप्टन हैं. बुधवार सुबह उन्होंने दुबई से इजरायल के तेल अवीव के लिए उड़ान भरी थी, लेकिन उड़ान के दौरान विमान के को-पायलट ने उनपर हमला कर दिया. लेकिन कैप्टन स्मित मच्छार ने अपनी बहादुरी का परिचय दिया और कथित तौर पर हाईजैक या क्रैश होने से बचा लिया. कैप्टन स्मित की अब हर तरफ तारीफ हो रही है. फ्लाईदुबई के इस विमान में क्रू मेंबर्स समेत कुल 180 लोग सवार थे, इनमें ज्यादा इजरायली नागरिक थे.
14000 फीट की ऊंचाई से अचानक गिरने लगा विमान
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जब विमान 14,300 फीट की ऊंचाई पर उड़ान भर रहा था उसी दौरान को-पायलट ने उन पर हमला कर दिया. उसके बाद कैप्टन मच्छार और को-पायलट के बीच मारपीट होने लगी. इस दौरान विमान तेजी से नीचे आने लगा. जिससे विमान में सवार यात्रियों में चीख पुकार मच गई. कई यात्री कॉकपिट के पास पहुंच गए. इस दौरान कैप्टन मच्छार ने कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया. जिससे यात्री कॉकपिट में पहुंच गए और को-पायलट से कैप्टन को बचाया. इस दौरान को-पायलट ने कथित तौर पर कैप्टन मच्छार पर चाकू से हमला किया था, जिससे वे घायल हो गए थे और उनके शरीर से खून बह रहा था.
को-पायलट ने की थी विमान को हाईजैक करने की कोशिश
बताया जा रहा है कि को-पायलट ने कथित तौर पर फ्लाईदुबई के बोइंग 737 मैक्स 8 विमान को हाइजैक कर क्रैश करने की कोशिश की थी, जब कैप्टन ने उसे रोका तो उसने कैप्टन मच्छार पर ही कथित तौर पर चाकू से हमला कर दिया. जब ये सबकुछ हुआ उस वक्त विमान उत्तरी सऊदी अरब के ऊपर उड़ान भर रहा था, हमले के बाद विमान लगभग 30 सेकंड में 14,300 फीट की ऊंचाई से नीचे गिर गया. विमान ने हाईजैक का अलर्ट जारी किया और तबुक की ओर मुड़ गया, उसके बाद विमान को सुरक्षित रूप से उतर लिया गया.
मुंबई के रहने वाले हैं कैप्टन स्मित मच्छार
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, विमान के कैप्टन स्मित मच्छार मुंबई के घाटकोपर पूर्व के रहने वाले हैं और काम के सिलसिले में दुबई में रहते थे. तबुक एयरपोर्ट ने बताया कि दोनों पायलटों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. मच्छार की सर्जरी हुई और उनकी हालत स्थिर है, जबकि दूसरे पायलट, जिनका नाम अभी तक सामने नहीं आया है. को-पायलट ओमानी नागरिक था. जिसे सऊदी अधिकारियों ने गिरफ्तार कर लिया है.
इजराइल के प्रधानमंत्री ने की 'असाधारण बहादुरी' की सराहना
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में इजरायल पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने कैप्टन मच्छार की 'असाधारण बहादुरी' की तारीफ की. उन्होंने लिखा, "चाकू से हमला होने और गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद, कैप्टन मच्छार ने मुकाबला किया, प्रतिरोध किया, कॉकपिट का दरवाजा खोला और यात्रियों और चालक दल को हमलावर पर काबू पाने में मदद की– जिससे एक भीषण हवाई दुर्घटना टल गई." इजरायली पीएम ने आगे लिखा, "उन्होंने 174 लोगों की जान बचाई, जिनमें इजरायली नागरिक और अन्य देशों के नागरिक शामिल थे."
इससे पहले एक वीडियो संदेश में नेतन्याहू ने कहा था कि उनके सहकर्मी पर हमला करने वाला पायलट विमान को दुर्घटनाग्रस्त करना चाहता था, और संयोगवश विमान में मौजूद एक अन्य चालक दल के सदस्य ने हमलावर को काबू में करने के बाद विमान को स्थिर किया. यह स्पष्ट नहीं है कि वास्तव में ऐसा ही हुआ था या यह केवल नेतन्याहू का अनुमान था. इजरायली अधिकारियों ने रॉयटर्स को बताया कि हमलावर ओमान का नागरिक था.
ये भी पढ़ें: हाईजैक की आशंका के बीच 'फ्लाई दुबई' की फ्लाइट की सऊदी अरब में लैंडिंग, इजरायल जा रहा था विमान
कौन हैं फ्लाईदुबई के कैप्टन स्मित मच्छार?
परिवार के एक मित्र ने बताया कि मच्छार घाटकोपर में पले-बढ़े हैं और उन्होंने मुंबई से अपनी पढ़ाई पूरी की है. उन्होंने 11 साल मुंबई में स्पाइसजेट के साथ काम किया. जहां वे वरिष्ठ कमांडर के पद तक पहुंच गए थे. नवंबर 2020 से उन्होंने अन्य पायलटों को ट्रेनिंग देना शुरू कर दिया था. 2022 में उन्होंने स्पाइसजेट से इस्तीफा दिया और जून 2022 में फ्लाईदुबई के 737 बेड़े में सीधे कप्तान के रूप में शामिल हो गए. कैप्टन स्मित मच्छार के लिंक्डइन प्रोफाइल में बताया गया है कि वे 9,750 घंटे उड़ान भर चुके हैं. उन्होंने वेलिंगकर इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट से बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन की डिग्री हासिल की है. सूत्रों के मुताबिक, उनका भाई अकासा एयर में पायलट है.
ये भी पढ़ें: ट्रंप और नेतन्याहू ने की भारतीय पायलट स्मित मच्छार की बहादुरी की तारीफ, बताया 'सच्चा हीरो'