नोटा को मिले 135 से 419 मत: 5 वार्डों में जीत का अंतर 5 से 76 वोट का; नतीजा-कांग्रेस के 2 और भाजपा के 3 प्रत्याशी हारे - Jaipur News

Published on 16 सित॰ 2026

जयपुर53 मिनट पहलेलेखक: विनोद मित्तल

  • कॉपी लिंक
  • नोटा ने वोट काटे, निर्दल ने भी दिखाया बल, 25 वार्डों में भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशी हारे

जयपुर नगर निगम चुनाव में इस बार 27,099 मतदाताओं ने नोटा का बटन दबाया। प्रत्येक वार्ड में औसतन 180 मतदाताओं ने नोटा दबाकर सभी प्रत्याशियों को रिजेक्ट कर दिया। सबसे अहम तस्वीर उन 5 वार्डों में सामने आई, जहां हार-जीत का फैसला 100 से भी कम वोटों के अंतर से हुआ। इनमें कांग्रेस ने 3 और भाजपा ने 2 वार्ड जीते। इन सभी 5 वार्डों में नोटा को 100 से अधिक वोट मिले। वार्ड 124 में कांता देवी की जीत का अंतर सिर्फ 5 वोट रहा, जबकि नोटा को 148 वोट मिले। वार्ड 20 में उदिता सिंह 26 वोट से जीतीं और यहां नोआ को 241 वोट मिले।

पिछले नगर निगम चुनाव के मुकाबले इस बार नोटा को करीब तीन गुना अधिक वोट मिले। पिछले चुनाव में नोटा को 10,954 वोट मिले थे। इनमें ग्रेटर नगर निगम में 6,764 और हैरिटेज में 4,190 वोट नोटा को मिले थे। माना जा रहा है कि इस बार यूजीसी मुद्दे और प्रत्याशियों के प्रति नाराजगी के कारण नोटा को इतनी बड़ी संख्या में वोट मिले हैं।

कांग्रेस की मोनिका 26 वोटों से हारी, नोटा को 241 मत

वार्ड 20- भाजपा की उदिता सिंह को 4,684 वोट मिले, जबकि कांग्रेस की मोनिका को 4,658 वोट मिले। जीत का अंतर महज 26 वोटों का रहा। इस वार्ड में नोटा को 241 वोट मिले।

भाजपा के पूर्ण चंद 63 वोटों से हार गए, नोटा को 419 मत

वार्ड 52 - कांग्रेस के हनुमान सैनी को 5,899 वोट मिले, जबकि भाजपा के पूर्ण चंद को 5,836 वोट मिले। जीत का अंतर 63 वोटों का रहा। इस वार्ड में नोटा को 419 वोट मिले।

कांग्रेस के दुर्गेश 76 वोटों से हारे, नोट को दोगुना मत

वार्ड 101 - भाजपा के रवि शंकर को 3,707 वोट मिले, जबकि कांग्रेस के दुर्गेश शर्मा को 3,631 वोट मिले। जीत का अंतर 76 वोटों का रहा। इस वार्ड में नोटा को 143 वोट मिले।

नोटा के 148 वोट, भाजपा की मनभरी देवी 5 वोटों से हारीं

वार्ड 124 - कांग्रेस की कांता देवी को 4,277 वोट मिले, जबकि भाजपा की मनभरी देवी को 4,272 वोट मिले। जीत का अंतर 5 वोटों का रहा। इस वार्ड में नोटा को 148 वोट मिले।

भाजपा के आलोक 52 मत से हारे, नोटा को 135 वोट

वार्ड 127 - कांग्रेस के बादल शर्मा को 4,004 वोट मिले, जबकि भाजपा के आलोक खंडेलवाल को 3,952 वोट मिले। जीत का अंतर 52 वोटों का रहा। इस वार्ड में नोटा को 135 वोट मिले।

.