मूंदी के 132KV सबस्टेशन में 50 एमवीए का ट्रांसफार्मर लगा: क्षमता 40 से बढ़कर 90 एमवीए हुई; ग्राहकों को मिलेगा फायदा - Khandwa News

Published on 18 सित॰ 2026

निमाड़ क्षेत्र में बढ़ते बिजली लोड को देखते हुए एमपी पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) ने मूंदी के 132 केवी एक्स्ट्रा हाई टेंशन सबस्टेशन में 50 एमवीए क्षमता का अतिरिक्त पावर ट्रांसफार्मर स्थापित कर ऊर्जीकृत किया है। इसके बाद मूंदी सबस्टेशन की ट्र

.

बढ़ते लोड के बेहतर प्रबंधन में मिलेगी मदद

बिजली कंपनी के अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान और भविष्य में बढ़ने वाले विद्युत लोड को ध्यान में रखते हुए मूंदी सबस्टेशन में अतिरिक्त 50 एमवीए का ट्रांसफार्मर लगाया गया है। इससे बढ़ते लोड का बेहतर प्रबंधन किया जा सकेगा। सबस्टेशन में दूसरा ट्रांसफार्मर उपलब्ध होने से ट्रांसमिशन नेटवर्क को मजबूती मिलेगी और बिजली आपूर्ति व्यवस्था में फ्लेक्सिबिलिटी बढ़ेगी।

खंडवा जिले की ट्रांसफॉर्मेशन क्षमता 2342 एमवीए हुई

एमपी ट्रांसको खंडवा के अतिरिक्त मुख्य अभियंता सुरेंद्र सोलंकी ने बताया कि मूंदी सबस्टेशन में अतिरिक्त ट्रांसफार्मर ऊर्जीकृत होने के बाद खंडवा जिले में एमपी ट्रांसको की कुल ट्रांसफॉर्मेशन क्षमता बढ़कर 2342 एमवीए हो गई है। अकेले मूंदी सबस्टेशन की क्षमता अब 90 एमवीए हो गई है।

उन्होंने बताया कि एमपी ट्रांसको खंडवा जिले में कुल 7 एक्स्ट्रा हाई वोल्टेज सबस्टेशनों के जरिए बिजली का पारेषण करती है। इनमें 400 केवी का छैगांवमाखन, 220 केवी का छनैरा तथा 132 केवी के खंडवा, मूंदी, सिंगोट, छैगांवमाखन और पंधाना सबस्टेशन शामिल हैं।

जिले में 400 केवी सबस्टेशन की क्षमता 630 एमवीए, 220 केवी सबस्टेशन की क्षमता 1000 एमवीए और 132 केवी सबस्टेशनों की संयुक्त क्षमता 712 एमवीए है। इन सभी की क्षमता को मिलाकर खंडवा जिले की कुल ट्रांसफॉर्मेशन क्षमता 2342 एमवीए हो गई है।

जिले में 7 सबस्टेशन, 22 पावर ट्रांसफार्मर

मूंदी में लगाया गया 50 एमवीए का ट्रांसफार्मर खंडवा जिले में एमपी ट्रांसको के 7 सबस्टेशनों में स्थापित 22वां पावर ट्रांसफार्मर है। क्षमता में हुई इस वृद्धि से मूंदी क्षेत्र में भविष्य में बढ़ने वाले घरेलू और कृषि विद्युत लोड को संभालने में मदद मिलेगी।

प्रदेश में 417 एक्स्ट्रा हाई वोल्टेज सबस्टेशन

एमपी ट्रांसको के अनुसार प्रदेशभर में 417 एक्स्ट्रा हाई वोल्टेज सबस्टेशनों के माध्यम से विद्युत पारेषण व्यवस्था संचालित की जा रही है। इनमें 400 केवी के 14, 220 केवी के 88 और 132 केवी के 315 सबस्टेशन शामिल हैं।

प्रदेश में वर्तमान में कुल 1056 पावर ट्रांसफार्मर क्रियाशील हैं। इनमें 400 केवी स्तर के 41, 220 केवी स्तर के 220 और 132 केवी स्तर के 795 ट्रांसफार्मर शामिल हैं। मूंदी में 50 एमवीए क्षमता का नया ट्रांसफार्मर ऊर्जीकृत होने के बाद एमपी ट्रांसको की प्रदेशभर की कुल ट्रांसफॉर्मेशन क्षमता बढ़कर 85,488 एमवीए हो गई है।