जोधपुर में केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग, एक के बाद एक धमाके... 13 फायरकर्मी झुलसे

Published on 23 सित॰ 2026

जोधपुर में केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग, एक के बाद एक धमाके… 13 फायरकर्मी झुलसे

झुलसे फायर कर्मियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया.

Jodhpur News: राजस्थान के जोधपुर में बुधवार शाम एक केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया. हादसा बासनी औद्योगिक क्षेत्र के श्रमिक कॉलोनी स्थित एसआर केमिकल फैक्ट्री में हुआ. फैक्ट्री में बड़ी संख्या में केमिकल ड्रम रखे होने के कारण आग तेजी से फैल गई. आग बुझाने के दौरान केमिकल ड्रम में जोरदार धमाका हुआ, जिसकी चपेट में आने से 13 फायर ब्रिगेड कर्मचारी झुलस गए.

मौके पर पहुंचीं 10 फायर ब्रिगेड की गाड़ियां

जानकारी के मुताबिक, बुधवार शाम करीब साढ़े 5 बजे फैक्ट्री में अचानक आग लग गई. कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया. फैक्ट्री में रखे केमिकल के ड्रम आग की वजह से लगातार खतरा पैदा कर रहे थे. सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की करीब 10 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया. फायरकर्मी आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहे थे, तभी केमिकल ड्रम में अचानक धमाका हो गया. धमाका इतना तेज था कि आग बुझाने में जुटे 13 फायरकर्मी इसकी चपेट में आ गए और झुलस गए.

ये भी पढ़ें- बहू की सैलरी का 25% सास को मिलेगा, अनुकंपा नौकरी के बाद छोड़ा था ससुराल; जयपुर हाई कोर्ट का आदेश

धमाके के बाद मची अफरा-तफरी

धमाके के बाद मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई. घायल फायरकर्मियों को तुरंत वहां से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया. सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए एम्स जोधपुर ले जाया गया. हालांकि, एम्स में बर्न यूनिट उपलब्ध नहीं होने के कारण सभी घायलों को महात्मा गांधी अस्पताल रेफर कर दिया गया.

दो-तीन दिन पहले ही फैक्ट्री में आया था केमिकल

बताया जा रहा है कि एसआर केमिकल फैक्ट्री में दो-तीन दिन पहले ही नया केमिकल लाया गया था. इस केमिकल का इस्तेमाल हैंडीक्राफ्ट और इंडस्ट्रियल काम में किया जाता है. इसी दौरान फैक्ट्री में आग लगने की घटना सामने आई. आग किस वजह से लगी, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

आग पर काबू पाने की कोशिश जारी

हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे. फायर ब्रिगेड की टीमें आग पर काबू पाने में जुटी रहीं. मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए, जिन्हें पुलिस ने घटनास्थल से दूर किया. जिला कलेक्टर आलोक रंजन और पुलिस कमिश्नर अंशुमान भोमिया ने भी घटना की जानकारी ली. प्रशासन की ओर से हादसे के कारणों और फैक्ट्री में रखे केमिकल की जानकारी जुटाई जा रही है. फिलहाल सभी 13 घायल फायरकर्मियों का महात्मा गांधी अस्पताल में इलाज चल रहा है.

(इनपुट- प्रदीप कुमार जोशी/जोधपुर)

ध्वज आर्य

ध्वज आर्य

राजस्थान में 2008 से पत्रकारिता के सफर की शुरुआत. 18 वर्षों के पत्रकारिता करियर में राजनीति, सामाजिक मुद्दे, विकास, अपराध और ग्राउंड रिपोर्टिंग पर काम. खबर की तह तक जाने, तथ्यों की पुष्टि करने और जटिल विषयों को सरल भाषा में जनता तक पहुंचाने में विशेषज्ञता. प्रिंट से डिजिटल मीडिया तक के बदलाव को करीब से देखा. प्रिंट ,डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्लेटफार्म पर काम का अनुभव. पत्रकारिता की शुरुआत के 10 साल क्राइम रिपोर्टिंग की. पूर्व में समाचार प्लस, इंडिया न्यूज, दैनिक भास्कर और अब नेशनल चैनल TV9 भारतवर्ष में राजस्थान ब्यूरो चीफ की जिम्मेदारी. इस सफर के दौरान ब्रेकिंग न्यूज से लेकर इन्वेस्टिगेशन स्टोरी के साथ कई बड़े खुलासे, कई बड़े चुनाव, आपदा, बड़े आंदोलनों की ग्राउंड ज़ीरो से कवरेज समेत भारत पाकिस्तान युद्ध (ऑपरेशन सिंदूर) को कवर किया. क्राइम की खबरों, बड़े राजनीतिक घटनाक्रम और युद्ध कवरेज में सबसे ज्यादा रूचि. मेरा मानना है कि खबर सिर्फ एक घटना नहीं है, उसके पीछे का सच भी है. पत्रकारिता का काम सत्ता पक्ष से सवाल पूछना और जनता की आवाज़ बनना है. निष्पक्षता, गति और सटीकता मेरी रिपोर्टिंग के तीन स्तंभ हैं.

Read More

google button