Bengaluru Crime News:बेंगलुरु से एक सनसीखेज मामला सामने आया है. यहां एक व्यक्ति ने अपने पड़ोस में रहने वाले 13 वर्षीय लड़के का कथित तौर पर पहले अपहरण किया और फिर उसकी हत्या कर दी. इस मामले में पुलिस ने 28 वर्षीय आरोपी भास्कर रेड्डी की गिरफ्तारी की है. उसके एक साथी की तलाश जारी है. जानकारी के अनुसार, आरोपी रेड्डी आंध्र प्रदेश का मूल निवासी है. वो बेंगलुरु में पला-बढ़ा था.
कुछ माह पहले की आरोपी की लंदन में स्नातकोत्तर की पढ़ाई पूरी हुई थी, जिसके बाद वो लौटा था. उसको हाल ही में व्हाइटफील्ड की एक निजी कंपनी के वित्त विभाग में नौकरी मिली थी. पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में पता चला है कि रेड्डी ने 16 सितंबर को येलहंका के विनायकनगर से लड़के की कथित तौर पर किडनैपिंग की वह उसे बगलूर के पास एक निर्माण स्थल पर ले गया.
आरोपी फिरौती की रकम से कर्ज चुकाना चाहता था
आरोपी ने वहां अपने साथी के साथ इस वारदात को अंजाम दिया. रेड्डी ने लड़के के माता-पिता से फिरौती मांगने के लिए उसके अपहरण की योजना बनाई थी. फिरौती की रकम से आरोपी अपना कर्ज चुकाना चाहता था. 16 सितंबर की रात रेड्डी और उसके साथी ने पटाखे खरीदने जाने के बहाने लड़के को कार में बैठाया. उन्होंने लड़के से यह भी कहा कि वे उसे कार चलाने का मौका देंगे.
इसके बाद लड़का आरोपियों के साथ चला गया. फिर दोनों आरोपी लड़के को बगलूर के पास एक सुनसान जगह पर ले गए और उन्होंने उसके हाथ-पैर बांध दिए. इसके बाद उन्होंने लड़के का एक वीडियो बनाया और उसके पिता से फिरौती मांगी. आरोपियों ने लड़के के सिर और शरीर पर पट्टियां बांध दीं. ऐसा इसलिए किया गया, ताकि लगे की उसकी पिटाई की गई है.
आरोपियों ने लड़के का वीडियो बनाया
वीडियो बनाते समय आरोपियों ने लड़के से कहा कि वो अपने पिता से कहे कि फिरौती की रकम दे दो, अन्यथा अपहरणकर्ता उसकी हत्या कर देंगे. दोनों ने अगले दिन यह वीडियो लड़के के परिवार को भेजने का प्लान बनाया था. हालांकि, उनकी बात मानने के बावजूद आरोपियों ने लड़के की कथित तौर पर हत्या कर दी.
रेड्डी और उसके साथी ने पेड़ की एक डाल और फिर खोखली ईंट से लड़के के सिर के पिछले हिस्से पर वार किया. आरोपियों को डर था कि लड़के को छोड़ने पर उनका पता पुलिस को लग जाएगा. हत्या के बाद आरोपियों ने लड़के के शव को कथित तौर पर कार की डिक्की में रखा और वे वहां से चले गए.
ऐसा पकड़ा गया आरोपी
हैदराबाद हाईवे की तरफ जाते समय रेड्डी की कार पहले एक पोल से टकराई फिर एक अपार्टमेंट के बाहर खड़ी 2 गाड़ियों से टकराकर रुक गई. इसके बाद लोगों ने रेड्डी को घेर लिया. कार की जांच करने पर लोगों को डिक्की में लड़के का शव मिला. लोगों ने पुलिस को इसकी सूचना दे दी. तब हत्या का ये मामला सामने आया.
फिलहाल चिक्काजाला थाने में अपहरण और हत्या से संबंधित भारतीय न्याय संहिता की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. दूसरे आरोपी की तलाश जारी है.
ये भी पढ़ें: हत्या हो जाए तब भी नामांकन वापस नहीं उम्मीदवार की गिरफ्तारी पर भड़की कांग्रेस, कहा- चैन से नहीं बैठेंगे

वरुण कुमार
वरुण कुमार पिछले पांच वर्षों से पत्रकारिता जगत का हिस्सा हैं. साल 2021 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई पूरी की. इसके बाद प्रभासाक्षी न्यूज वेबसाइट से पत्रकारिता की शुरुआत की और फिर एबीपी न्यूज का हिस्सा बने. अब TV9 डिजिटल की धर्म टीम के साथ काम कर रहे हैं.
Read More