12 घंटे काम, 4 महीने से वेतन नहीं... सेनेगल में फंसे उमाशंकर ने सुनाई दर्दनाक कहानी, 60000 सैलरी का झांसा देकर बुलाया था

Published on 10 सित॰ 2026

12 घंटे काम, 4 महीने से वेतन नहीं… सेनेगल में फंसे उमाशंकर ने सुनाई दर्दनाक कहानी, 60000 सैलरी का झांसा देकर बुलाया था

उमाशंकर के परिवार ने लगाई मदद की गुहार.

Muzaffarpur News: अच्छी कमाई और बेहतर भविष्य का सपना लेकर पश्चिम अफ्रीकी देश सेनेगल गए बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के उमाशंकर कुमार मुश्किल में फंस गए हैं. आरोप है कि सेनेगल की राजधानी डकार में एक हैचरी कंपनी ने उनका पासपोर्ट और वीजा अपने कब्जे में ले लिया है. इसके बाद उनसे रोजाना करीब 12 घंटे काम कराया जा रहा है. उमाशंकर का आरोप है कि उन्हें चार महीने से वेतन भी नहीं दिया गया है. विरोध करने पर मारपीट, खाना नहीं देने और जेल भेजने की धमकी दी जाती है.

उमाशंकर के परिवार ने अब सरकार से हस्तक्षेप कर उन्हें सुरक्षित भारत वापस लाने की गुहार लगाई है. मामला सामने आने के बाद स्थानीय सांसद और केंद्रीय जल शक्ति राज्यमंत्री डॉ. राजभूषण चौधरी ने विदेश मंत्रालय से संपर्क किया है. उन्होंने विदेश राज्यमंत्री को पत्र लिखकर उमाशंकर की सुरक्षा सुनिश्चित करने और उनकी जल्द वतन वापसी के लिए मदद मांगी है.

नेपाली युवक ने नौकरी का दिया था झांसा

परिजनों के मुताबिक, उमाशंकर पहले हरियाणा की एक हैचरी कंपनी में काम करते थे. इसी दौरान उनकी मुलाकात नेपाल के एक युवक से हुई. आरोप है कि उसी युवक ने उन्हें सेनेगल की राजधानी डकार में स्थित ‘जय लक्ष्मी एसआरएल’ नाम की कंपनी में नौकरी दिलाने का भरोसा दिया. उन्हें हर महीने 60 हजार रुपए वेतन के साथ रहने और खाने की सुविधा देने की बात कही गई थी. परिवार की आर्थिक स्थिति और बेटी की शादी को देखते हुए उमाशंकर ने इस प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया. वह 17 मई को सेनेगल पहुंच गए.

ये भी पढ़ें- दिल्ली की इनफ्लुएंसर से मुजफ्फरपुर के होटल में रेप, SSB के ASI ने मिलने बुलाया था; वीडियो बनाकर वसूले ₹20000

सेनेगल पहुंचते ही बदल गया पूरा मामला

उमाशंकर के मुताबिक, सेनेगल पहुंचने के बाद हालात उनके बताए गए वादे से बिल्कुल अलग निकले. आरोप है कि कंपनी प्रबंधन ने दबाव बनाकर उनसे 30 हजार रुपए के वेतन का एग्रीमेंट कराया और उनका मूल पासपोर्ट और वीजा अपने कब्जे में ले लिया. इसके बाद उन्हें कंपनी परिसर से बाहर जाने की अनुमति नहीं दी गई. उमाशंकर का आरोप है कि उनसे रोजाना करीब 12 घंटे काम कराया जाता है, लेकिन पिछले चार महीने से वेतन नहीं दिया गया है. बताया जा रहा है कि कंपनी का मालिक उत्तराखंड का रहने वाला है.

बीमारी में भी 12 घंटे काम, खाना नहीं देने का आरोप

उमाशंकर ने परिवार को बताया कि वह बीमारी की हालत में भी काम करने को मजबूर हैं. आरोप है कि काम का विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की जाती है. उन्हें खाना नहीं देने और जेल भेजने की धमकी भी दी जाती है. उमाशंकर का यह भी आरोप है कि कई बार उन्हें पूरा खाना तक नहीं दिया गया. कुछ मौकों पर उन्हें सिर्फ पाव-रोटी और कोल्ड ड्रिंक के सहारे दिन गुजारना पड़ा. उनका कहना है कि कंपनी परिसर से बाहर जाने की अनुमति नहीं होने के कारण वह अपनी मर्जी से कहीं आ-जा भी नहीं सकते.

बेटी की शादी की तैयारी पर पड़ा संकट

उमाशंकर के घर पर उनकी पत्नी चांदनी देवी और तीन बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है. पत्नी के मुताबिक, उनकी बड़ी बेटी की शादी अगले फरवरी में तय है. परिवार शादी की तैयारियों में जुटा था, लेकिन उमाशंकर के विदेश में फंसने के बाद पूरा परिवार आर्थिक संकट में आ गया है. चांदनी देवी का कहना है कि वह सिलाई का काम कर किसी तरह परिवार का खर्च चला रही हैं. इसके साथ ही बच्चों की जरूरतें पूरी करने के लिए कर्ज भी लेना पड़ रहा है. पति के जल्द भारत लौटने की उम्मीद में परिवार सरकार से मदद की गुहार लगा रहा है.

केंद्रीय मंत्री ने विदेश मंत्रालय से मांगी मदद

मामला सामने आने के बाद स्थानीय सांसद और केंद्रीय जल शक्ति राज्यमंत्री डॉ. राजभूषण चौधरी ने विदेश मंत्रालय को पत्र लिखा है. उन्होंने विदेश राज्यमंत्री से बातचीत कर उमाशंकर की सुरक्षा सुनिश्चित करने और उन्हें जल्द भारत वापस लाने के लिए हस्तक्षेप करने का आग्रह किया है. केंद्रीय मंत्री ने परिवार को भरोसा दिलाया है कि सेनेगल स्थित भारतीय दूतावास के माध्यम से उमाशंकर की सुरक्षित वापसी के प्रयास किए जा रहे हैं.

परिवार को अब सरकार से आस

चार महीने से वेतन नहीं मिलने और पासपोर्ट अपने पास नहीं होने के आरोपों के बीच उमाशंकर की स्थिति को लेकर परिवार चिंतित है. परिजनों की मांग है कि भारत सरकार सेनेगल में संबंधित अधिकारियों और भारतीय दूतावास के जरिए मामले में तत्काल हस्तक्षेप करे और उमाशंकर को सुरक्षित भारत वापस लाया जाए.

संजीव कुमार

संजीव कुमार

भारत 24, इंडिया टीवी, इंडिया न्यूज, न्यूज वर्ल्ड इंडिया, न्यूज एक्स, फोकस न्यूज, कशिश न्यूज, ताजा टीवी, सीएनइबी न्यूज, रफ्तार टीवी और लाइव इंडिया में 18 साल से ज्यादा के काम का अनुभव.

Read More

google button