12 महीने डिमांड... पपीते की खेती में तगड़ी कमाई, समझ लें पूरा तरीका

Published on 23 सित॰ 2026

पपीता की खेती (Papaya Farming) आपके लिए फायदे का सौदा साबित हो सकती है और तगड़ी कमाई करा सकती है. इसकी सबसे खास बात ये है कि ये फल बाजार में खूब बिकता है और इसकी डिमांड कभी भी कम नहीं होती, यानी 12 महीने सेल जारी रहती है. फिर फल के तौर पर, सब्जी के तौर पर या अन्य तरीकों से भी ये फायदा कराता रहता है. हालांकि, इस खेती के लिए किसानों को कुछ खास बातों का ध्यान रखना होगा, जिससे उनकी पैदावार से लेकर सेल तक जोरदार हो. 

किसानों के लिए 'कैश क्रॉप' है पपीता
पपीता उन फसलों में शामिल है, जिनके जरिए किसान सालाना लाखों रुपये की कमाई कर सकते हैं. इसे कैश क्रॉप भी माना जाता है. ऐसा इसलिए क्योंकि पपीते की अलग-अलग प्रजातियां मौजूद हैं, जिन्हें सालभर बोया जा सकता है यानी जून-जुलाई हो, अक्टूबर-नवंबर हो या फिर फरवरी मार्च, इसकी पैदावार कभी भी की जा सकती है. 

यहां पर एक बात ध्यान रखनी जरूरी है, कि पपीते की खेती के लिए पानी बेहद जरूरी है. इसकी कमी पैदावार को बर्बाद कर सकती है. इसके अलावा इसकी अच्छी पैदावार के लिए तापमान भी मायने रखता है और ये 20-30 डिग्री सेल्सियस तक होना जरूरी है. 

पपीते के पेड़ की लाइफ और उत्पादन
पपीते के पेड़ की लाइफ की बात करें, तो आमतौर पर ये दो से ढाई साल मानी जाती है. वहीं इसके उत्पादन की बात करें, तो एक स्वस्थ पेड़ इस अवधि में 250 से 300 किलो तक फल देने में सक्षम होता है. अगर आप पपीते की खेती का प्लान बना रहे हैं, तो एक और बात पर फोकस रखना जरूरी है, कि एक फसल के बाद उस खेल पर कुछ समय के लिए इसकी पैदावार से बचना चाहिए, क्योंकि इससे फल के आकार में गिरावट आती है. हालांकि, ज्यादा जानकारी के लिए आप एक्सपर्ट की सलाह भी ले सकते हैं. 

कई तरीकों से पपीते की बिक्री
पपीता की खेती को फायदे का सौदा ऐसे ही नहीं कहा जाता, बल्कि इसके पीछे बड़ी वजह भी है. दरअसल, इसका फल ही नहीं, इसका दूध, बीज तक अच्छी कीमत में बिकते हैं. एक अनुमान के मुताबिक, बाजार में आमतौर पर पपीता 40-50 रुपये तक में मिल जाता है, वहीं अपने खेत में उपजे पपीते को आप प्रोसेसिंग यूनिट (जैम, जेली, ड्राई फ्रूट इंडस्ट्री) को बल्क में सेल करते हैं, तो कमाई अधिक की जा सकती है. सिर्फ इतना ही नहीं, कच्चे पपीते को सब्जी के तौर पर मंडियों में खासा पसंद किया जाता है और इसकी खूब खरीदारी होती है. इसके अलावा पपीते के दूध का इस्तेमाल फार्मा और कॉस्मेटिक कंपनियां करती हैं. 

ऐसे भी कमाई कराता है पपीता
सिर्फ इतना ही नहीं, बल्कि पपीता एक और भी तरीके से कमाई कराता है. दरअसल, इसके बीज की भी काफी डिमांड होती है. अगर आप एक हाई क्वालिटी वाला Virus Free Hybrid Papaya का पेड़ तैयार करते हैं. तो इसके फल से अच्छी क्वालिटी का बीज मिलता है. इसके जरिए पौध तैयार की जा सकती है और नर्सरी बनाकर इन पौधों को बेचा जा सकता है, इससे तगड़ी कमाई हो सकती है. 

---- समाप्त ----