
मध्य प्रदेश पुलिस में निकली भर्ती,Image Credit source: Getty Images
अगर आप मध्य प्रदेश पुलिस में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे हैं तो आपके लिए काम की खबर है. मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPESB) ने पुलिस मुख्यालय, गृह पुलिस विभाग के तहत सूबेदार (स्टेनोग्राफर) और असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर (ASI मिनिस्ट्रियल) के 655 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है. इनमें सूबेदार स्टेनो के 135 और ASI मिनिस्ट्रियल के 520 पद शामिल हैं. इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 24 सितंबर 2026 से शुरू होगी. योग्य उम्मीदवार 8 अक्टूबर तक आवेदन कर सकेंगे. भर्ती से जुड़ी परीक्षा नवंबर में आयोजित की जाएगी.
किन पदों पर होगी भर्ती?
MPESB की इस भर्ती के जरिए कुल 655 खाली पद भरे जाएंगे. इनमें 135 पद सूबेदार (स्टेनोग्राफर) और 520 पद असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर (ASI मिनिस्ट्रियल) के हैं. उम्मीदवारों को पद के अनुसार निर्धारित शैक्षणिक और कंप्यूटर योग्यता पूरी करनी होगी.
शैक्षणिक योग्यता और उम्र
उम्मीदवार ने किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं कक्षा की परीक्षा पास की होनी चाहिए. इसके अलावा संबंधित पद के लिए CPCT हिंदी टाइपिंग जैसी कंप्यूटर योग्यता भी जरूरी है. सूबेदार स्टेनो पद के लिए 100 शब्द प्रति मिनट की हिंदी शॉर्टहैंड परीक्षा पास करना जरूरी है.
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की आयु 33 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए. मध्य प्रदेश की महिला उम्मीदवारों के साथ SC, ST और OBC वर्ग के अभ्यर्थियों को नियमानुसार 5 वर्ष की छूट मिलेगी. ऐसे उम्मीदवारों के लिए अधिकतम आयु 38 वर्ष होगी.
परीक्षा और चयन प्रक्रिया
सबसे पहले कंप्यूटर आधारित लिखित परीक्षा (CBT) होगी. इसके बाद डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन, टाइपिंग/स्टेनोग्राफी स्किल टेस्ट और मेडिकल टेस्ट होगा. लिखित परीक्षा का आयोजन 3 नवंबर 2026 से किया जाएगा. परीक्षा दो शिफ्ट में सुबह 10 से 12 बजे और दोपहर 3 से 5 बजे तक आयोजित की जाएगी.
सैलरी और आवेदन की फीस
सूबेदार पद पर चयनित उम्मीदवारों को 36,200 से 1,14,800 रुपये तक मासिक सैलरी मिलेगी. वहीं ASI मिनिस्ट्रियल पद के लिए 19,500 से 62,000 रुपये तक सैलरी निर्धारित है. सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों को आवेदन शुल्क के तौर पर 500 रुपये जमा करने होंगे. मध्य प्रदेश के SC, ST, OBC और EWS उम्मीदवारों को 250 रुपये फीस देनी होगी.
उम्मीदवार MPESB की आधिकारिक वेबसाइट esb.mp.gov.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं. आवेदन करने से पहले आधिकारिक नोटिफिकेशन में पदवार योग्यता और अन्य शर्तें जरूर जांच लें.

सपना यादव
दिल्ली में जन्मीं सपना यादव TV9 भारतवर्ष डिजिटल में बतौर असिस्टेंट प्रड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं. पत्रकारिता जगत में 4 वर्षों से ज्यादा के अनुभव के साथ काम जारी है. ह्यूमन इंटरेस्ट, राजनीति, वर्ल्ड, एजुकेशन, नॉलेज, करंट अफेयर्स से जुड़ी खबरों में खास दिलचस्पी रखती हैं. दिल्ली यूनिवर्सिटी से BA Hons. हिस्ट्री की पढ़ाई करने के बाद उन्होंने पत्रकारिता को लक्ष्य बनाया, फिर जामिया मिल्लिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा इन टीवी जर्नलिज्म किया, जामिया से ही हिस्ट्री में मास्टर्स भी किया और फिर इसके बाद गुरु जम्बेश्वर साइंस एंड टेक्नोलॉजी यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में मास्टर्स किया. मास कम्यूनिकेशन में पत्रकारिता की डिग्री लेने के बाद जमीनी स्तर पर खबरों के महत्व को समझा. इसके बाद उन्होंने बतौर ट्रेनी TV9 भारतवर्ष डिजिटल में एक साल तक काम किया. ट्रेनी के दौरान अलग-अलग तरह की खबरों का अनुभव लेने के बाद TV9 भारतवर्ष डिजिटल में असिस्टेंट प्रड्यूसर के पद पर काम शुरू किया. यहां पर एंकरिंग, वॉइस ओवर, वीडियो प्रोडक्शन, न्यूज राइटिंग जैसे काम किए. इस समय वह एजुकेशन डेस्क पर कार्यरत हैं और स्टूडेंट्स के लिए करियर से जुड़े विकल्पों, बोर्ड परीक्षाओं, नौकरियों और प्रतियोगी परीक्षाओं और यूनिवर्सिटीज की महत्वपूर्ण जानकारियों को कवर कर रही हैं. सपना यादव को ट्रेवल करना, लिखना- पढ़ना पसंद है और वो प्रकृति को करीब से महसूस करना ज्यादा पसंद करती हैं. पत्रकारिता में सफर अभी जारी है.
Read More