धमतरी जिले में लगातार बारिश के बीच गंगरेल जलाशय 63.26 प्रतिशत भर चुका। एक घंटे में जलस्तर 11 सेमी बढ़ा है। प्रशासन ने निचले क्षेत्रों के लिए सतर्कता बरतने की अपील की है।
गंगरेल जलाशय
- Published: 31 Jul 2026, 10:36 AM IST
- Last Updated: 31 Jul 2026, 10:36 AM IST
यशवंत गंजीर- धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में लगातार हो रही वर्षा का असर गंगरेल जलाशय पर साफ दिखाई दे रहा है। जलाशय में पानी की आवक तेजी से बढ़ने के कारण जल स्तर लगातार ऊपर जा रहा है। 30 जुलाई 2026 की रात्रि 8 बजे तक उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार जलाशय अपनी कुल क्षमता का 63.26 प्रतिशत भर चुका है।
गंगरेल में पानी की आवक तेज
जल संसाधन विभाग के अनुसार, गंगरेल जलाशय का वर्तमान जल स्तर 345.39 मीटर दर्ज किया गया है, जबकि इसका पूर्ण जलाशय स्तर (एफआरएल) 348.70 मीटर है। जलाशय में लाइव जल भंडारण 485.23 एमसीएम दर्ज किया गया है। बीते एक घंटे में जल स्तर में 11 सेंटीमीटर की वृद्धि हुई है, जिससे जलभराव की रफ्तार का अंदाजा लगाया जा सकता है।
धमतरी जिले में लगातार बारिश के बीच गंगरेल जलाशय 63.26 प्रतिशत भर चुका। एक घंटे में जलस्तर 11 सेमी बढ़ा है। प्रशासन ने निचले क्षेत्रों के लिए सतर्कता बरतने की अपील की है। @DhamtariDist #Chhattisgarh pic.twitter.com/5yGt7fHobd
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) July 31, 2026
जरूरत पड़ने पर छोड़ा जाएगा 20 हजार क्यूसेक पानी
विभागीय आंकड़ों के मुताबिक वर्तमान में जलाशय में लगभग 94,500 क्यूसेक पानी की आवक हो रही है, जबकि नियमित निकासी 50 क्यूसेक बनी हुई है। बढ़ती आवक और बांध की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मुख्य अभियंता के निर्देश पर आवश्यकता पड़ने पर गंगरेल जलाशय से नरराज बैराज की ओर 20,000 क्यूसेक पानी छोड़ा जा सकता है।
सुरक्षा इंतजामों पर रहेगा फोकस
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि, पानी छोड़े जाने से पहले डाउनस्ट्रीम क्षेत्र के जिला प्रशासन, संबंधित विभागों और प्रभावित इलाकों को पूर्व सूचना दी जाएगी, ताकि सुरक्षा संबंधी सभी आवश्यक इंतजाम समय रहते किए जा सकें। निचले क्षेत्रों के लोगों से भी प्रशासन द्वारा जारी किसी भी सूचना और सलाह का पालन करने की अपील की गई है।
(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)