राजस्थान दिनभर, 10 बड़ी खबरें: बेटे ने पिता की हत्या की, श्मशान में खुलासा; नरेश मीणा ICU में भर्ती; रुपयों के लेनदेन को लेकर फायरिंग - Rajasthan News

Published on 29 अग॰ 2026

.

आज की सबसे बड़ी खबर टोंक से है। यहां जेल में बंद नरेश मीणा की तबीयत बिगड़ गई। उनका ICU में इलाज चल रहा है। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, राजस्थान दिनभर में क्या कुछ खास रहा...

पहले टॉप 5 खबरें 1. नरेश मीणा की जेल में तबीयत बिगड़ी, ICU में भर्ती SDM थप्पड़कांड में जेल में बंद नरेश मीणा की शनिवार को अचानक तबीयत बिगड़ गई। जेल में प्राथमिक जांच के बाद उन्हें कड़ी सुरक्षा के बीच टोंक के सआदत अस्पताल ले जाया गया, जहां ICU में एडमिट किया गया है। समर्थकों ने आरोप लगाया कि सरकार नरेश मीणा की हत्या करवाना चाहती है। पूरी खबर पढ़ें

2. कांग्रेस ने प्रत्याशियों की लिस्ट जारी की कांग्रेस ने झुंझुनूं जिले की नवलगढ़ नगर पालिका के लिए 45 वार्डों में से 37 वार्ड के उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया है। डूंडलोद नगरपालिका के लिए भी कांग्रेस ने 20 वार्डों में से 19 वार्डों के प्रत्याशियों की लिस्ट जारी की। यहां वार्ड 12 के प्रत्याशी के नाम की घोषणा नहीं की गई। पूरी खबर पढ़ें

3. पार्षद उम्मीदवार के समर्थकों के 2 गुटे भिड़े बाड़मेर नगर परिषद के पार्षद उम्मीदवार के साथ नामांकन दाखिल करने आए समर्थकों के दो गुट आपस में भिड़ गए। इस दौरान महिलाओं-पुरुषों ने एक-दूसरे को जमकर लात-घूंसे मारे। मारपीट में सास-बहू गंभीर रूप से घायल हो गईं। पूरी खबर पढ़ें

4. गहलोत बोले- बोलने की आजादी को बैन करना चाहती सरकार पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने सोनिया गांधी की किताब के प्रकाशन को लेकर उठे विवाद के बीच केंद्र सरकार पर निशाना साधा और बोलने की आजादी को बैन करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा- पूरी दुनिया में किताब छपेगी, बस इंडिया में नहीं छपेगी। पूरी खबर पढ़ें

5. इलेक्ट्रिक गाड़ियों के 2 शोरूम में भीषण आग सीकर में शनिवार सुबह 4 बजे 2 इलेक्ट्रिक गाड़ियों के शोरूम में भीषण आग लग गई। दोनों शोरूम और उनमें रखे 40 इलेक्ट्रिक व्हीकल जल गए। आग इतनी भीषण थी कि पास के ऑटो पार्ट्स के शोरूम को भी चपेट में ले लिया। दमकल की 5 गाड़ियों ने करीब ढाई घंटे में आग पर काबू पाया। पूरी खबर पढ़ें

अब 3 अहम खबरें 6. रुपयों के लेनदेन को लेकर भिड़े 2 पक्ष, फायरिंग हुई बारां शहर में 2 पक्षों के बीच रुपयों के लेनदेन को लेकर विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और जमकर लाठी-डंडे चल गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद शराब ठेके के लेनदेन से जुड़ा बताया जा रहा है। कहासुनी इतनी बढ़ गई कि एक पक्ष ने देसी कट्टे से फायरिंग कर दी। पूरी खबर पढ़ें

7. ट्रक से टकराकर पलटी पिकअप, 3 की मौत अलवर में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर ट्रक से टकराकर पिकअप पलट गई। हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 2 घायल हो गए। पिकअप सवार 5 पांचों लोग यूपी के मेरठ से पौधे लेकर आ रहे थे। हादसे में पिछले हिस्से में सो रहे 3 लोगों की मौत हो गई। पूरी खबर पढ़ें

8. जमीन विवाद में बेटे ने पिता को मार डाला डूंगरपुर की सागवाड़ा थाना पुलिस ने कर्ज और जमीन विवाद में पिता की हत्या कर हादसा बताने वाले बेटे को गिरफ्तार किया है। बेटे ने कुल्हाड़ी से वार कर पिता की हत्या कर दी और बताया कि छत से गिर गए। श्मशान में सिर पर बंधी पट्टियां खोलने पर हत्या का खुलासा हुआ। पूरी खबर पढ़ें

9. 9 साल की बच्ची ने 3 लोगों को दी नई जिंदगी जोधपुर के एम्स हॉस्पिटल में 9 साल की बच्ची ने 3 लोगों को नई जिंदगी दी। 19 अगस्त को अंजलि सड़क हादसे में गंभीर घायल हो गई थी। 27 अगस्त को डॉक्टरों ने उसे ब्रेन डेड घोषित कर दिया। इसके बाद परिजनों ने अंगदान करने का फैसला किया। अंजलि की दोनों किडनी और लिवर डोनेट किए गए। पूरी खबर पढ़ें

कल क्या होगा खास 10. सांख्यिकी अधिकारी के 113 पदों के लिए परीक्षा कल RPSC की ओर से सांख्यिकी अधिकारी प्रतियोगी परीक्षा-2025 का 30 अगस्त को होगी। 113 पदों के लिए होने वाले एग्जाम में 10 हजार से ज्यादा अभ्यर्थी रजिस्टर्ड हैं। परीक्षा सुबह 11 से दोपहर 1:30 बजे तक होगी। पूरी खबर पढ़ें