
सर्वोदय इंटर कॉलेज की 10वीं कक्षा की छात्रा लापता हो गई.
Fatehpur News: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में एक हाईस्कूल छात्रा के लापता होने का मामला सामने आया है. किशनपुर थाना क्षेत्र स्थित सर्वोदय इंटर कॉलेज की 10वीं कक्षा की छात्रा पारुल यादव स्कूल में प्रदर्शन के बाद संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई. छात्रा के अचानक गायब होने से परिवार में चिंता का माहौल है. परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
स्कूल की समस्याओं को लेकर हुआ था प्रदर्शन
जानकारी के अनुसार, बीते मंगलवार को सर्वोदय इंटर कॉलेज में पानी, बिजली और अन्य मूलभूत सुविधाओं की कमी को लेकर छात्र-छात्राओं ने प्रदर्शन किया था. प्रदर्शन समाप्त होने के बाद सभी छात्र-छात्राएं अपने-अपने घर के लिए रवाना हो गए. इसी दौरान 10वीं की छात्रा पारुल यादव रास्ते से लापता हो गई. जब वह काफी देर तक घर नहीं पहुंची तो परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की.
ये भी पढ़ें- न स्वच्छ पानी- न शौचालय, मिड डे मिल भी घटिया फतेहपुर के सर्वोदय इंटर कॉलेज में छात्रों का प्रदर्शन, अफसरों को बताईं समस्याएं
परिजनों ने दर्ज कराई शिकायत
परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में छात्रा की काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला. इसके बाद उन्होंने किशनपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया और छात्रा की तलाश शुरू कर दी.
सीसीटीवी फुटेज और अन्य पहलुओं की जांच
पुलिस छात्रा की तलाश के लिए संभावित स्थानों पर लगातार खोजबीन कर रही है. जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है. शुरुआती जांच में छात्रा कुछ सीसीटीवी कैमरों में दिखाई दी है. पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उसके बाद वह किस दिशा में गई और उसके साथ कोई संदिग्ध व्यक्ति तो नहीं था.
सहपाठियों और स्कूल स्टाफ से पूछताछ
जांच के तहत पुलिस छात्रा के परिजनों, सहपाठियों, शिक्षकों और स्कूल प्रबंधन से भी पूछताछ कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि छात्रा के लापता होने के पीछे की वजह जानने के लिए हर पहलू की जांच की जा रही है. पुलिस यह भी पता लगा रही है कि छात्रा का किसी से कोई विवाद या अन्य कारण तो नहीं था.
परिवार में चिंता, पुलिस ने तेज की तलाश
छात्रा के लापता होने से परिवार बेहद चिंतित है. परिजन लगातार उसकी सुरक्षित वापसी की उम्मीद लगाए हुए हैं. पुलिस की कई टीमें छात्रा की तलाश में जुटी हैं. संभावित स्थानों पर छानबीन की जा रही है.
ASP ने क्या कहा?
अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर किशनपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है. सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है और छात्रा की जल्द से जल्द बरामदगी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी.

महेश सिंह
महेश सिंह उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले से हैं. कानपुर प्रयागराज के मध्य बसे इस जनपद में वर्ष 1995 से पत्रकारिता शुरू की थी. अब तक विभिन्न इलेक्ट्रॉनिक व प्रिंट मीडिया संस्थानों में कार्य करने का अवसर अपने गृह जनपद में मिला. फिलहाल टीवी9 भारतवर्ष के लिए सेवाएं जारी हैं.
Read More