Maharashtra Best Tourist Places: कहीं पहाड़ तो कहीं समंदर, महाराष्ट्र की इन 10 जगहों को की खूबसूरती जीत लेगी आपका दिल

Published on 18 अक्टू॰ 2026

Maharashtra Best Tourist Places: महाराष्ट्र भारत के उन राज्यों में शामिल है, जहां घूमने के लिए एक से बढ़कर एक जगहें मौजूद हैं. यहां आपको बड़े शहरों की चहल-पहल से लेकर समुद्र किनारे सुकून भरे पल बिताने का मौका मिलता है. अगर आपको पहाड़ों की हरियाली पसंद है, तो लोनावाला और महाबलेश्वर जैसे हिल स्टेशन घूम सकते हैं. वहीं इतिहास और संस्कृति में दिलचस्पी रखने वालों के लिए पुणे, दौलताबाद और छत्रपति संभाजीनगर जैसे शहरों में कई ऐतिहासिक इमारतें और किले मौजूद हैं.

इसके अलावा मुंबई के मशहूर समुद्र तट, प्राचीन मंदिर और रत्नागिरी के खूबसूरत नजारे भी पर्यटकों को आकर्षित करते हैं. ऐसे में अगर आप महाराष्ट्र घूमने का प्लान बना रहे हैं तो यहां की इन 10 खूबसूरत जगहों को अपनी ट्रैवल लिस्ट में जरूर शामिल करना न भूलें. आइए जानते हैं इनके बारे में.

अमरावती
महाराष्ट्र के पूर्वी हिस्से में स्थित अमरावती अपने धार्मिक स्थलों और प्राकृतिक खूबसूरती के लिए जाना जाता है. यहां अंबा देवी मंदिर, श्रीकृष्ण मंदिर और वेंकटेश्वर मंदिर प्रमुख आकर्षण हैं. इसके अलावा बीर और शक्कर झील भी यहां की जानी-मानी जगहों में शामिल हैं. प्रकृति और वन्यजीवों में दिलचस्पी रखने वाले पर्यटक अमरावती जिले में स्थित मेलघाट टाइगर रिजर्व भी घूम सकते हैं.

सम्बंधित ख़बरें

नासिक
नासिक महाराष्ट्र के प्रमुख धार्मिक शहरों में से एक है. गोदावरी नदी के किनारे बसे इस शहर में हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं. यहां कुंभ मेले का आयोजन भी होता है. नासिक के पास स्थित त्र्यंबकेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर भगवान शिव के 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक है. धार्मिक महत्व के अलावा नासिक अपने आसपास की खूबसूरत जगहों के लिए भी जाना जाता है.

पुणे
पुणे को महाराष्ट्र की सांस्कृतिक राजधानी भी कहा जाता है. यह शहर अपने इतिहास, शिक्षा और खानपान के लिए मशहूर है. यहां स्थित शनिवारवाड़ा पेशवाओं के इतिहास से जुड़ा एक प्रसिद्ध ऐतिहासिक स्थल है. इसका निर्माण 1730 में पेशवा बाजीराव प्रथम के शासनकाल में शुरू हुआ था. इसके अलावा आगा खान पैलेस भी पुणे की प्रमुख जगहों में शामिल है. इस महल का संबंध भारत के स्वतंत्रता आंदोलन से रहा है.

लोनावाला
अगर आप शहर की भागदौड़ से दूर पहाड़ों और हरियाली के बीच समय बिताना चाहते हैं तो लोनावाला जा सकते हैं. सह्याद्रि की पहाड़ियों में बसा यह हिल स्टेशन मुंबई और पुणे के बीच स्थित है. बारिश के मौसम में यहां की हरी-भरी वादियां, झरने और पहाड़ बेहद खूबसूरत नजर आते हैं. यहां आप प्राकृतिक नजारों का आनंद लेने के साथ आसपास के व्यू पॉइंट्स और ऐतिहासिक जगहों को भी एक्सप्लोर कर सकते हैं.

मुंबई
मुंबई महाराष्ट्र की राजधानी होने के साथ-साथ देश का प्रमुख आर्थिक केंद्र भी है. यह शहर अपनी तेज रफ्तार जिंदगी, समुद्र तटों, ऐतिहासिक इमारतों और स्ट्रीट फूड के लिए मशहूर है. यहां घूमने के लिए गेटवे ऑफ इंडिया, मरीन ड्राइव, जुहू बीच, हाजी अली दरगाह, हैंगिंग गार्डन और सिद्धिविनायक मंदिर जैसी जगहें हैं. अगर आप पहली बार मुंबई जा रहे हैं, तो मरीन ड्राइव पर शाम बिताना और यहां के मशहूर स्ट्रीट फूड का स्वाद लेना अच्छा अनुभव हो सकता है.

छत्रपति संभाजीनगर
छत्रपति संभाजीनगर को पहले औरंगाबाद के नाम से जाना जाता था. यह शहर अपने ऐतिहासिक स्थलों और प्राचीन वास्तुकला के लिए मशहूर है. यहां से अजंता और एलोरा की प्रसिद्ध गुफाओं को एक्सप्लोर किया जा सकता है. ये गुफाएं अपनी प्राचीन कला, मूर्तियों और वास्तुकला के लिए दुनियाभर में जानी जाती हैं. दोनों यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल हैं. शहर में बीबी का मकबरा और पंचक्की भी देखने लायक जगहें हैं.

दौलताबाद
छत्रपति संभाजीनगर के पास स्थित दौलताबाद को पहले देवगिरि के नाम से जाना जाता था. यहां का दौलताबाद किला अपनी मजबूत बनावट और ऐतिहासिक महत्व के लिए प्रसिद्ध है. किले के आसपास और परिसर में चांद मीनार, चीनी महल और अन्य ऐतिहासिक संरचनाएं देखने को मिलती हैं. अगर आपको पुराने किले, इतिहास और वास्तुकला में दिलचस्पी है, तो यह जगह आपको जरूर पसंद आएगी.

महाबलेश्वर
महाराष्ट्र के सतारा जिले में स्थित महाबलेश्वर एक खूबसूरत हिल स्टेशन है. यहां का सुहावना मौसम, हरे-भरे पहाड़ और घाटियों के नजारे पर्यटकों को आकर्षित करते हैं. यहां वेन्ना झील में बोटिंग का आनंद ले सकते हैं. इसके अलावा लिंगमाला वॉटरफॉल, विल्सन पॉइंट, केट्स पॉइंट और थ्री मंकी पॉइंट भी घूमने लायक जगहें हैं. महाबलेश्वर के आसपास स्थित प्रतापगढ़ किला भी इतिहास में दिलचस्पी रखने वाले पर्यटकों के लिए अच्छा विकल्प है.

खंडाला
खंडाला महाराष्ट्र का एक फेमल हिल स्टेशन है जो लोनावाला के पास स्थित है. यहां की हरी-भरी पहाड़ियां, घाटियां और खूबसूरत नजारे पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करते हैं. खंडाला में ड्यूक नोज और अमृतांजन पॉइंट जैसे व्यू पॉइंट्स से आसपास की पहाड़ियों और घाटियों का शानदार नजारा दिखाई देता है. दोस्तों या परिवार के साथ वीकेंड पर छोटी ट्रिप के लिए यह जगह अच्छी हो सकती है.

रत्नागिरी
अरब सागर के किनारे बसा रत्नागिरी कोंकण क्षेत्र का एक खूबसूरत शहर है. यह अपने समुद्र तटों, प्राकृतिक नजारों और ऐतिहासिक स्थलों के लिए जाना जाता है. रत्नागिरी लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक का जन्मस्थान भी है. यहां आप रत्नागिरी किला और थीवा पैलेस घूम सकते हैं. इसके अलावा समुद्र किनारे समय बिताना और कोंकण के स्थानीय खानपान का स्वाद लेना आपकी यात्रा को खास बना सकता है.

---- समाप्त ----