मां-दंतेश्वरी का 10 ग्राम चांदी का सिक्का अब ₹4100 में: चांदी महंगी हुई तो कीमत 2000 रुपए बढ़ी, नवरात्रि में करीब 15 सिक्के बिके - Jagdalpur News

Published on 14 अक्टू॰ 2026

चांदी की कीमतों में तेजी का असर अब मां दंतेश्वरी मंदिर के विशेष चांदी के सिक्के पर भी पड़ा है। मंदिर प्रबंधन समिति ने 10 ग्राम वजनी सिक्के की कीमत 2100 रुपए से बढ़ाकर सीधे 4100 रुपए कर दी है। यानी श्रद्धालुओं को अब एक सिक्के के लिए 2 हजार रुपए ज्यादा

.

मंदिर प्रबंधन ने 2 साल पहले करीब 1100 सिक्के बनवाए थे। फिलहाल शारदीय नवरात्रि शुरू होने से पहले तक लगभग 150 से 200 के सिक्के ही शेष थे। नवरात्रि में अब तक करीब 15 सिक्के बिके हैं। इस बार समिति ने नए सिक्कों की ढलाई भी नहीं कराई है। मां दंतेश्वरी का यह सिक्का श्रद्धालुओं के लिए आस्था के साथ यादगार भी है।

स्थानीय भक्तों के अलावा देश-विदेश में रहने वाले भारतीय भी नवरात्रि के दौरान इसे खरीदकर अपने घर ले जाते हैं। 10 ग्राम वजनी इस सिक्के के एक तरफ मां दंतेश्वरी मंदिर का भव्य स्वरूप और दूसरी तरफ माता की छवि अंकित है। भक्त इसे प्रसाद और शुभ-समृद्धि के प्रतीक के रूप में सहेजकर रखते हैं।

मंदिर के ठीक बगल में ज्योति कलश भवन के सामने काउंटर है।

मंदिर के ठीक बगल में ज्योति कलश भवन के सामने काउंटर है।

दो साल पहले बनवाए थे 1100 सिक्के

मंदिर प्रबंधन समिति ने करीब दो साल पहले सिक्कों की दो खेप तैयार कराई थी। पहली खेप में 500 और दूसरी में 600 सिक्के बनवाए गए थे। इस तरह कुल 1100 सिक्के तैयार कराए गए। फिलहाल समिति के पास करीब 150 से 200 सिक्के बचे हैं।

हालांकि नवरात्रि में सिक्के फिर से बीक रहे हैं, इसलिए अभी कितने शेष बचें हैं इसकी जानकारी समिति ने नहीं दी है। चांदी की कीमतों में तेजी के बीच इस बार नए सिक्के नहीं बनवाए गए हैं। हालांकि, सिक्के की कीमत बढ़ने के बावजूद श्रद्धालुओं के बीच इसकी मांग बनी हुई है।

मंदिर समिति से जुड़े ईश्वर ठाकुर ने बताया कि इस काउंटर से विशेष दर्शन, नवकन्या भोज और भंडारे के लिए रसीद काटी जा रही है।

मंदिर समिति से जुड़े ईश्वर ठाकुर ने बताया कि इस काउंटर से विशेष दर्शन, नवकन्या भोज और भंडारे के लिए रसीद काटी जा रही है।

मंदिर के अंदर काउंटर, मोबाइल ले जाने पर पाबंदी से ऑनलाइन भुगतान में परेशानी

सिक्का खरीदने के लिए मंदिर परिसर के अंदर एक काउंटर है, लेकिन वहां मोबाइल फोन लेकर जाने की अनुमति नहीं है। ऐसे में ऑनलाइन भुगतान करने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। मोबाइल के बिना UPI से भुगतान करना संभव नहीं होने के कारण भक्तों को सिक्का खरीदने में दिक्कत होती थी।

इस समस्या को देखते हुए प्रशासन ने नवरात्रि के बीच ही जय स्तंभ के पास मंदिर के बाहर भी एक काउंटर लगाया है। यहां श्रद्धालु ऑनलाइन भुगतान कर मां दंतेश्वरी का सिक्का खरीद सकते हैं। बाहर काउंटर की व्यवस्था होने से उन भक्तों को सुविधा मिलेगी, जो नकद के बजाय डिजिटल माध्यम से भुगतान करना चाहते हैं।

मंदिर में हर दिन हजारों की संख्या में भक्त दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।

मंदिर में हर दिन हजारों की संख्या में भक्त दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।

एक ही काउंटर में विशेष दर्शन, नवकन्या भोज और भंडारे के लिए रसीद काट रही

मंदिर समिति से जुड़े और सिक्का बिक्री काउंटर पर ड्यूटी कर रहे ईश्वर ठाकुर ने बताया कि, इस काउंटर से विशेष दर्शन, नवकन्या भोज और भंडारे के लिए रसीद काटी जा रही है। इसके अलावा श्रद्धालु यहां से 10 ग्राम का चांदी का सिक्का भी खरीद सकते हैं, जिसकी कीमत 4100 रुपए तय की गई है।

उन्होंने बताया कि नकद भुगतान करने वाले श्रद्धालु आसानी से सिक्का खरीद रहे हैं, लेकिन कुछ भक्त UPI से भुगतान करना चाहते हैं। मंदिर के अंदर मोबाइल ले जाने की अनुमति नहीं होने से उन्हें परेशानी होती है। ऐसे श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जय स्तंभ के पास बाहर भी काउंटर लगाया गया है, जहां वे मोबाइल से ऑनलाइन भुगतान कर सिक्का खरीद सकते हैं।

मोबाइल फोन बाहर काउंटर में जमा हो रहे हैं।

मोबाइल फोन बाहर काउंटर में जमा हो रहे हैं।

अगले नवरात्रि तक और बनाए जा सकते हैं सिक्के

मां दंतेश्वरी का चांदी का सिक्का मंदिर की धार्मिक पहचान के साथ श्रद्धालुओं के लिए स्मृति चिह्न भी है। कीमत में हुई बड़ी बढ़ोतरी के बावजूद इसकी मांग और सीमित उपलब्ध स्टॉक के चलते आने वाले दिनों में सिक्के की उपलब्धता पर भी नजर रहेगी। अगले नवरात्रि तक सिक्के और बनाए जा सकते हैं।