MADHUBANI: मधुबनी जिले में पुलिस और STF को बड़ी सफलता मिली है। जयनगर थाना पुलिस और STF की संयुक्त टीम ने जिले के टॉप-10 वांछित कुख्यात अपराधी चंदन यादव को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, चंदन यादव जून 2026 में जयनगर थाना क्षेत्र में हुई करीब 6.15 लाख रुपये की लूट के मामले में मुख्य आरोपी है।
हथियार के बल पर 6.15 लाख रुपये की लूट
बीते 1 जून 2026 को जयनगर थाना क्षेत्र में रिलायंस स्मार्ट पॉइंट के पास रेडियंट कैश मैनेजमेंट सर्विसेज के कर्मचारी धर्मेंद्र कुमार महतो से हथियार के बल पर करीब 6.15 लाख रुपये नकद से भरा बैग लूट लिया गया था। इस मामले में जयनगर थाना कांड संख्या 251/26, दिनांक 1 जून 2026 के तहत धारा 309(4) बीएनएस के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, मधुबनी के निर्देश पर जयनगर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में जयनगर थाना पुलिस और STF की संयुक्त विशेष टीम गठित की गई।
तकनीकी साक्ष्य और CCTV के आधार पर कार्रवाई
गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, CCTV फुटेज और मानवीय सूचना के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। इसके बाद सुनियोजित तरीके से छापेमारी करते हुए टीम ने औंसी थाना क्षेत्र में घेराबंदी कर चंदन यादव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान चंदन यादव ने रिलायंस स्मार्ट पॉइंट के पास धर्मेंद्र कुमार महतो से हुई लूट में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
8.50 लाख रुपये की दूसरी लूट का भी खुलासा
पूछताछ के दौरान आरोपी ने एक अन्य लूटकांड में भी अपनी संलिप्तता का खुलासा किया। पुलिस के मुताबिक, चंदन यादव ने 24 नवंबर 2025 को जयनगर कमला पुल के पास वैद्यनाथ सर्विस स्टेशन (पेट्रोल पंप) के मैनेजर दीपक कुमार से हथियार के बल पर हुई 8.50 लाख रुपये की लूट में भी सीधे तौर पर शामिल होने की बात स्वीकार की है।
इस मामले में जयनगर थाना कांड संख्या 416/25 के तहत धारा 310(2) बीएनएस में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
लूटी गई रकम की बरामदगी के लिए छापेमारी जारी
मधुबनी पुलिस और STF के संयुक्त प्रयास से जिले के टॉप-10 वांछित अपराधी की गिरफ्तारी के साथ ही दो बड़े लूटकांडों के खुलासे का दावा किया गया है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी के अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है। साथ ही उसकी निशानदेही पर लूटी गई रकम की बरामदगी और गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।