बिहार दिनभर, 10 बड़ी खबरें: खुली जीप में बाहुबली का रोड शो, गंगा के ऊपर रोपवे से सीधे सोनपुर पहुंचेंगे, गंडक-कोसी का बढ़ा जलस्तर - Bihar News

Published on 1 अक्टू॰ 2026

.

आज की सबसे बड़ी खबर पटना से है। एमएलसी चुनाव के लिए पटना स्नातक से पीके के कैंडिडेट अनुज सिंह के नामांकन में आज मोकामा विधायक अनंत सिंह पहुंचे। उन्होंने अनुज सिंह के लिए खुली जीप में रोड शो भी किया। वहीं बिहार में खेल प्रतिभाओं की पहचान अब AI की मदद से की जाएगी। कैमरों की मदद से खिलाड़ी के शरीर पर सेंसर लगाए बिना उनकी तकनीक का विश्लेषण किया जाएगा। खिलाड़ियों के प्रदर्शन को साइंटिफिक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, बिहार दिनभर में क्या कुछ खास रहा…

1. नेपाल की बारिश, बिहार में बिगड़े हालात

नेपाल में हो रही भारी बारिश के कारण गंडक, कोसी समेत कई नदियां उफान पर हैं। इससे बिहार में बाढ़ की स्थिति गंभीर होती जा रही है। 6 जिलों में बाढ़ से 2.03 लाख लोग प्रभावित हैं। गुरुवार सुबह सारण के तरैया प्रखंड में नया रिंग बांध कटाव में ध्वस्त हो गया, जिससे कई गांवों में तेजी से पानी भरने लगा है। NH722 पर करीब 5 फीट पानी भर गया है। लोगों के सीने तक पानी पहुंच गया है। पूरी खबर पढ़ें

2. अनंत सिंह का जनसुराज प्रत्याशी संग रोड शो

जदयू विधायक अनंत सिंह और MLC नीरज कुमार का विवाद सुर्खियों में है। इस बीच एमएलसी चुनाव के लिए पटना स्नातक से पीके के कैंडिडेट अनुज सिंह के नामांकन में आज अनंत सिंह पहुंचे। उन्होंने अनुज सिंह के लिए खुली जीप में रोड शो भी किया। बयान दिया कि अनुज सिंह को हमने कैंडिडेट बनाया है और अनुज सिंह ही चुनाव जीतेंगे। ये पार्टी का चुनाव नहीं है। पूरी खबर पढ़ें

3. गंगा पर रोपवे, हरिहरनाथ पहुंचना होगा आसान

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा, बिहार बदल रहा है। आज यहां इंडस्ट्री है, बिजली की सुविधा है। बिहार ज्ञान की धरती है। दरअसल, केंद्रीय मंत्री एक दिन के बिहार दौरे पर हैं। यहां वो बिहार में सड़क और बुनियादी ढांचे से जुड़ी बड़ी परियोजनाओं को लेकर सीएम के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। पूरी खबर पढ़ें

4.आरोपी का कबूलनामा, बोला- लड़की ने चीट किया

बेगूसराय नगर थाना क्षेत्र के एक होटल में 22 साल की युवती के साथ बर्बरतापूर्ण पिटाई के बाद रेप के बाद अलग-अलग एंगल के वीडियो वायरल करने के मुख्य आरोपी को समस्तीपुर से गिरफ्तार कर लिया। रोहित ने पुलिस को बताया कि हमदोनों के बीच 7 साल से अफेयर चल रहा था। शादी भी करना चाहता था। 2 महीने पहले मुझे पता चला कि नेहा का किसी और से भी अफेयर है। पूरी खबर पढ़ें

5. रंगदारी नहीं मिली तो युवती का वीडियो वायरल

​गयाजी में सोमवार को युवक और उसकी दोस्त के साथ बदसलूकी हुई थी। मामले में बुधवार को पुलिस ने 8 को गिरफ्तार किया है, एक नाबालिग को भी पकड़ा है। इनमें श्री मांझी (24) और प्रदीप राम (26) समेत अन्य है। मनचलों ने पहले तो बाइक सवार युवक युवती दोनों को घेरकर डराया-धमकाया, मारपीट की। गाड़ी की चाबी छीन ली थी। पूरी खबर पढ़ें

6. AI कैमरे से अब चुनी जाएंगी प्रतिभाएं: खेल विभाग

बिहार में खेल प्रतिभाओं की पहचान अब AI की मदद से की जाएगी। कैमरों की मदद से खिलाड़ी के शरीर पर सेंसर लगाए बिना उनकी तकनीक का विश्लेषण किया जाएगा। खिलाड़ियों के प्रदर्शन को साइंटिफिक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। बिहार राज्य खेल प्राधिकरण (BSSA) और IIT मद्रास के बीच बुधवार को समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर हुआ। पूरी खबर पढ़ें

7. 16 लाख ने किया पिंडदान, AI तकनीक लोगों की मदद

गयाजी में पितृपक्ष मेले के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार बढ़ रही है। बुधवार को प्रेतशिला, रामशिला, सीताकुंड, देवघाट और विष्णुपद मंदिर समेत अलग-अलग पिंडदान स्थलों पर 3 लाख 95 हजार 400 श्रद्धालु पहुंचे। इसके साथ ही मेले के शुरू होने से अब तक गयाजी आने वाले श्रद्धालुओं, पिंडदानियों और तीर्थयात्रियों की संख्या 16 लाख 61 हजार 200 हो गई है। पूरी खबर पढ़ें

8. स्टेशन पर रील बनाई, तीन जेल भेजे गए

बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर सॉफ्ट ड्रिंक सिर पर डालकर रील बनाना तीन कंटेंट क्रिएटरों को महंगा पड़ा। उनका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद रेलवे प्रशासन ने केस दर्ज किया है। एक महिला ने 28 सितंबर को यह वीडियो बनाकर अपलोड किया था। मामला रेलवे अधिकारियों तक पहुंचने के बाद आरपीएफ ने जांच शुरू की। ट्विटर पर भी इस वायरल वीडियो को लेकर शिकायत मिली थी। पूरी खबर पढ़ें

9. 2.33 करोड़ का बिजली बिल देख बिगड़ी तबीयत

पटना के गुलजारबाग के एक घरेलू बिजली उपभोक्ता को अचानक 2 करोड़ 33 लाख 24 हजार 112 रुपए का बिजली बिल भेज दिया गया। इतनी बड़ी रकम देखकर उपभोक्ता कृष्णा प्रसाद सिंह घबरा गए और उनकी तबीयत बिगड़ गई। परिजनों ने उन्हें संभाला और दवा दी। शिकायत के बाद बिजली विभाग ने बिल में तकनीकी गड़बड़ी मानते हुए अगले ही दिन इसे सुधार दिया। पूरी खबर पढ़ें

10. बिहार में कल उमस, बारिश का अलर्ट नहीं

बिहार के सभी जिलों में कल यानी शुक्रवार को मौसम उमस भरा बना रहेगा। सुबह से ही कड़ी धूप निकलेगी। किसी भी जिले में बारिश को लेकर कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है।