एजुकेशन
- Reported by: ध्रुव संचानियाEdited by: नीलाक्ष सिंह
- Updated Jul 31, 2026, 08:31 PM IST
Gujarat School Closed on August 1: गुजरात में भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी के बीच राज्य के कई जिलों में 1 अगस्त को स्कूल, कॉलेज, आईटीआई, आंगनवाड़ी और अन्य शैक्षणिक संस्थानों में अवकाश घोषित कर दिया गया है।
![]()
गुजरात में भारी बारिश का असर, कई जिलों में 1 अगस्त को स्कूल-कॉलेज बंद; GPSC और TAT-HS परीक्षा भी स्थगित
गुजरात में भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी के बीच राज्य के कई जिलों में 1 अगस्त को स्कूल, कॉलेज, आईटीआई, आंगनवाड़ी और अन्य शैक्षणिक संस्थानों में अवकाश घोषित कर दिया गया है। मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए जिला प्रशासनों ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह फैसला लिया है। इसके तहत, अहमदाबाद में सभी सरकारी, अनुदानित और स्ववित्तपोषित प्राथमिक, माध्यमिक, उच्च माध्यमिक विद्यालयों तथा कॉलेजों में 1 अगस्त को अवकाश रहेगा।
कहां कहां बंद रहेंगे स्कूल या शिक्षा संस्थान
सूरत, भरूच, नर्मदा, वडोदरा, राजकोट, महेसाणा, बनासकांठा, अमरेली, नवसारी और खेड़ा सहित कई जिलों में भी शैक्षणिक संस्थानों को बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं। कुछ जिलों में स्कूल स्टाफ को मुख्यालय पर उपस्थित रहने और आवश्यकता पड़ने पर राहत एवं बचाव कार्य में प्रशासन की मदद करने के निर्देश दिए गए हैं। कई स्थानों पर स्कूलों को अस्थायी राहत शिविर के रूप में भी इस्तेमाल किया जा सकता है।
नवसारी में सभी स्कूल, कॉलेज, आईटीआई और आंगनवाड़ी बंद रहेंगे, हालांकि ऑनलाइन शिक्षण जारी रखने की अनुमति दी गई है।
भारी बारिश का प्रतियोगी परीक्षा पर असर
भारी बारिश के कारण प्रतियोगी परीक्षाओं पर भी असर पड़ा है। GPSC ने अभ्यर्थियों से मिली मांग और मौसम की स्थिति को देखते हुए 1 अगस्त को प्रस्तावित परीक्षा स्थगित कर दी है। अब यह परीक्षा 9 अगस्त 2026 को आयोजित होगी।
वहीं, राज्य परीक्षा बोर्ड (SEB) ने टीचर एप्टीट्यूड टेस्ट (हायर सेकेंडरी) TAT-HS 2026 (गुजराती माध्यम) की मुख्य परीक्षा भी स्थगित कर दी है। पहले यह परीक्षा 2 अगस्त को होनी थी, जिसे अब 8 अगस्त 2026 को आयोजित किया जाएगा। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि पहले जारी किए गए हॉल टिकट ही मान्य रहेंगे और अभ्यर्थियों को नया हॉल टिकट डाउनलोड करने की आवश्यकता नहीं होगी।
प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि मौसम की स्थिति की समीक्षा के बाद कुछ अन्य जिलों में भी देर रात तक अवकाश की घोषणा की जा सकती है। नागरिकों और विद्यार्थियों से केवल आधिकारिक आदेशों पर ही भरोसा करने की अपील की गई है।
![]()
ध्रुव संचानियाauthor
ध्रुव संचानिया गुजरात में टाइम्स नेटवर्क के सीनियर जर्नलिस्ट और ब्यूरो चीफ के पद पर कार्यरत हैं। ध्रुव ने प्रिंट, रेडियो, डिजिटल और टीवी पर शानदार काम किया है। क्राइम, इन्वेस्टिगेशन से लेकर इंसानी कहानियों तक में उनका काम गहराई से भरा होता है। जब वह हेडलाइन के पीछे नहीं भाग रहे होते तो वह सड़कों, सिनेमा और अगली छिपी हुई कहानी के पीछे भाग रहे होते हैं। उनका काम ऐसा है जो उन्हें अलग ला खड़ा करता है।
और पढ़ें
- Hindi News
- Education
End of Article