
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी
Maharashtra Cannabis Farming Bust: महाराष्ट्र के सोलापुर जिले में गांजे की अवैध खेती का बड़ा मामला सामने आया है. अक्कलकोट दक्षिण पुलिस ने आलगी गांव में एक गन्ने के खेत में छापेमारी कर गांजे के 240 पौधे बरामद किए हैं. जब्त गांजे का कुल वजन 212 किलो बताया जा रहा है, जिसकी कीमत 1 करोड़ 5 लाख 55 हजार रुपये से अधिक है. पुलिस ने इस मामले में 60 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है.
गिरफ्तार किए गए आरोपी का नाम मल्लप्पा बिराजदार है. सोलापुर जिले के अक्कलकोट दक्षिण पुलिस स्टेशन के पुलिस निरीक्षक विनोद कुमार घुगे को सूचना मिली थी कि आलगी गांव में मल्लप्पा बिराजदार के गन्ने के खेत में गांजे की अवैध खेती की जा रही है. सूचना के आधार पर पुलिस निरीक्षक विनोद कुमार घुगे ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस टीम के साथ खेत में अचानक छापेमारी की.
गन्ने की फसल के बीच गांजे के 240 पौधे मिले
छापेमारी के दौरान गन्ने की फसल के बीच गांजे के 240 पौधे मिले. इन पौधों की ऊंचाई करीब 12 फीट बताई जा रही है. पुलिस ने कुल 212 किलो गांजा जब्त किया है, जिसकी बाजार कीमत 1 करोड़ 5 लाख 55 हजार रुपये से अधिक बताई जा रही है. पुलिस ने मौके से 60 वर्षीय मल्लप्पा बिराजदार को पकड़ा. आरोपी गांजे की खेती कब से कर रहा था और उसने इसके अलावा कहीं और भी गांजे के पौधे लगाए हैं या नहीं, इसकी जांच की जा रही है.
पुलिस कर रही है मामले की जांच
फिलहाल, गिरफ्तार आरोपी पुलिस हिरासत में है. पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है. बता दें कि इस तरह का मामला महाराष्ट्र से इससे पहले भी आ चुका है. सितंबर माह में ही लातूर के शिरूर अनंतपाल तहसील के बुजरुगवाडी में स्थानीय अपराध शाखा (एलसीबी) ने कार्रवाई की थी. इसमें गन्ने के खेत में की जा रही गांजे की अवैध खेती का पर्दाफाश किया गया था.
पुलिस ने मौके से गांजे के 7 हरे पौधे जब्त किए थे. इनका कुल वजन 46 किलो 875 ग्राम और अनुमानित कीमत 23 लाख 43 हजार 750 रुपए बताई गई. इस मामले में एक 60 साल के आरोपी को गिरफ्तार किया गया था.
ये भी पढ़ें: अघोरी स्नान, आंखों में नींबू का रस और 40 दिन तक गरीब परिवार के साथ महिला तांत्रिक ने खेला ठगी का अजीब खेल

जयप्रकाश सिंह
जयप्रकाश सिंह का नाम देश के चुनिंदा क्राइम रिपोर्टर में आता है. लंबे समय से टीवी जर्नलिस्ट के तौर पर सेवाएं जारीं. करीब तीन दशकों से सक्रिय पत्रकारिता का हिस्सा. प्रोड्यूसर, एंकर और क्राइम रिपोर्टर की भूमिका. फिलहाल टीवी9 भारतवर्ष में एसोसिएट एडिटर के रूप में मुंबई से कार्यरत. इसके पहले 2012 से 2022 तक मुंबई में इंडिया टीवी के ब्यूरो चीफ रहे. 2005 से 2012 तक नेटवर्क18 ग्रुप के आईबीएन7 चैनल में डिप्टी ब्यूरो चीफ की जिम्मेदारी संभाली. 2004 से 2005 तक सहारा समय मुंबई में बतौर सीनियर स्पेशल कॉरस्पॉन्डेंट काम किया. 2002 से 2004 तक मुंबई ब्यूरो में बीएजी फिल्म्स के चीफ रहे. नवभारत टाइम्स मुंबई में 1997 में जॉइन किया और यहां 2 साल काम किया. इससे पहले भी चार संस्थानों में काम किया.
Read More