Yogi Govt Seva Sankalp Abhiyan: यूपी में 17 सितंबर से ‘सेवा संकल्प अभियान’, पीएम मोदी के 25 साल की जनसेवा का जश्न - Haribhoomi

Published on 3 सित॰ 2026

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर योगी सरकार पूरे उत्तर प्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक एक महीने का ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाने जा रही है। इस अभियान का उद्देश्य न्याय पंचायत से लेकर जिला मुख्यालयों तक जनसेवा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और पर्यावरण से जुड़े व्यापक कार्यक्रमों के जरिए जनभागीदारी सुनिश्चित करना है।

yogi govt seva sankalp abhiyan 2026

‘नमो सेवा गाथा’ के माध्यम से पीएम मोदी के 25 वर्षों के सेवाकाल और प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी घर-घर तक पहुंचाई जाएगी।

  • Published: 03 Sep 2026, 04:54 PM IST
  • Last Updated: 03 Sep 2026, 04:57 PM IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और जनसेवा की यात्रा को यादगार बनाने के लिए उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने बड़े पैमाने पर तैयारी की है। प्रदेशभर में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक 'सेवा संकल्प अभियान' का आयोजन किया जाएगा।

इस अभियान के माध्यम से राज्य सरकार नागरिकों को 'विकसित भारत-2047' के राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ेगी। उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय को इस पूरे अभियान का प्रदेश प्रभारी नियुक्त किया गया है।

​'आशीर्वाद का दीया' से होगी अभियान की शुरुआत 
अभियान का शुभारंभ 17 सितंबर को पीएम मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगा। इस दौरान ग्राम पंचायतों से लेकर शहरों तक दीए जलाए जाएंगे और दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग व सहायक उपकरण बांटे जाएंगे।

अभियान के तहत ‘नमो सेवा गाथा’, ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘वडनगर से वाराणसी यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’ और ‘जनसेवा महाकुंभ’ जैसे कई अनूठे कार्यक्रम आयोजित होंगे।

​स्वच्छता, वृक्षारोपण और रक्तदान शिविरों पर रहेगा विशेष फोकस 
‘सेवा मेरा योगदान’ पहल के तहत प्रदेश के सभी घाटों, पार्कों और गोशालाओं की सफाई का अभियान चलाया जाएगा। इसके साथ ही बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण और रक्तदान शिविर आयोजित होंगे। आम जनता के स्वास्थ्य परीक्षण और आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराने के लिए 'आरोग्य मेलों' का आयोजन किया जाएगा।

‘नमो सेवा गाथा’ के माध्यम से पीएम मोदी के 25 वर्षों के सेवाकाल और प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी घर-घर तक पहुंचाई जाएगी।

​7 अक्टूबर को हर जिले में निकलेगी 'विकसित भारत संकल्प यात्रा' 
अभियान के मुख्य पड़ाव के रूप में 7 अक्टूबर को यूपी के प्रत्येक जिले में ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ निकाली जाएगी। इस दौरान सार्वजनिक स्थानों पर बड़ी स्क्रीन लगाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का सीधा प्रसारण दिखाया जाएगा और लोगों को देश के विकास में योगदान देने की शपथ दिलाई जाएगी।

​विभागों को जल्द सौंपी जाएगी जिम्मेदारी

अभियान को सफलतापूर्वक धरातल पर उतारने के लिए प्रदेश प्रभारी योगेंद्र उपाध्याय जल्द ही संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। इसमें प्रत्येक विभाग के लिए अलग-अलग दायित्व तय किए जाएंगे। सरकार का लक्ष्य इस अभियान को सिर्फ एक सरकारी कार्यक्रम न बनाकर गांव-गांव और शहर-शहर में जन-जन की भागीदारी का माध्यम बनाना है।