यामाहा इंडिया अपनी नई स्पोर्टबाइक को भारतीय बाजार में पेश करने के लिए पूरी तरह तैयार है. कंपनी ने इस बाइक का एक और टीजर जारी किया है. नई बाइक से 27 अगस्त को पर्दा उठाया जाएगा. हालांकि यामाहा ने अब तक बाइक का नाम साफ तौर पर नहीं बताया है, लेकिन माना जा रहा है कि यह नई Yamaha R2 हो सकती है.
नई बाइक की प्री-बुकिंग भी शुरू हो चुकी है. अगर यह R2 के नाम से आती है तो इसे कंपनी की लोकप्रिय Yamaha R15 से ऊपर रखा जा सकता है. यानी ग्राहकों को R15 से ज्यादा पावर, बेहतर फीचर्स और ज्यादा स्पोर्टी डिजाइन वाली बाइक मिल सकती है.
टीजर में दिखा नया डिजाइन
यामाहा के नए टीजर में बाइक के बॉडी पैनल की झलक देखने को मिली है. बाइक में शार्प और लेयर्ड डिजाइन दिया गया है. इसके अलावा बॉडी पर यामाहा का लोगो भी नजर आ रहा है. कंपनी ने अभी बाइक के इंजन, पावर और फीचर्स की पूरी जानकारी नहीं दी है. टीजर में लिखा है, The Glimpse. The #RInstinct, जिससे साफ संकेत मिलता है कि यह यामाहा की R-सीरीज की फुली फेयर्ड स्पोर्टबाइक हो सकती है.
R15 से ज्यादा पावर मिल सकती है
अगर नई बाइक Yamaha R2 होती है तो इसमें R15 के मौजूदा इंजन से बड़ा इंजन मिलने की उम्मीद है. माना जा रहा है कि इसमें करीब 25bhp की पावर और 20Nm का टॉर्क देने वाला इंजन मिल सकता है. इंजन के साथ 6-स्पीड गियरबॉक्स और असिस्ट व स्लिपर क्लच दिया जा सकता है. बाइक में क्विक शिफ्टर भी मिलने की उम्मीद है. तुलना करें तो Yamaha R15 में 155cc का लिक्विड-कूल्ड इंजन मिलता है, जो 18.1bhp की पावर और 14.2Nm का टॉर्क देता है. ऐसे में R2 के आने पर पावर के मामले में बड़ा अंतर देखने को मिल सकता है.
फीचर्स में भी होगी एडवांस
Yamaha R15 पहले से ही कई आधुनिक फीचर्स के साथ आती है. ऐसे में नई बाइक में इससे ज्यादा फीचर्स मिलने की उम्मीद है. इसमें कई राइडिंग मोड और क्रूज कंट्रोल जैसे फीचर्स दिए जा सकते हैं. बाइक में स्पोर्टी चेसिस और फुली फेयर्ड डिजाइन जारी रह सकता है. हालांकि इसका साइज R15 से बड़ा हो सकता है. बाइक में बेहतर एयरोडायनामिक्स के लिए विंगलेट्स भी दिए जाने की संभावना है.
ये भी पढ़ें- Hyundai का बड़ा प्लान! भारत में लॉन्च होंगे 26 नए मॉडल, आएंगी EV और हाइब्रिड गाड़ियां

महेंद्र भार्गव
महेंद्र भार्गव एक अनुभवी बिजनेस और ऑटोमोबाइल जर्नलिस्ट हैं, जो 2018 से डिजिटल मीडिया इंडस्ट्री में सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं. वर्तमान में महेंद्र TV9 Bharatvarsh के साथ जुड़े हुए हैं, जहां बिजनेस और ऑटोमोबाइल से जुड़ी लेटेस्ट अपडेट्स, रिव्यू, एक्सक्लूसिव स्टोरीज़ और इन-डेप्थ एनालिसिस पर काम कर रहे हैं. ऑटोमोबाइल और बिजनेस सेगमेंट में 5+ सालों के अनुभव के साथ, Mahendra ने कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम किया है. महेंद्र नवदुनिया (दैनिक जागरण ग्रुप) अखबार से रिपोर्टर के तौर पर शुरुआत की. आगे ETV Bharat, Dainik Bhaskar, News18 और Zee News में उन्होंने डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में कई भूमिकाओं में काम किया.
Read More