World Heart Day: एक मिनट में 72 धड़कन, 6 लीटर खून पंप... आपका दिल कितना काम करता है?

Published on 29 सित॰ 2026

World Heart Day: एक मिनट में 72 धड़कन, 6 लीटर खून पंप… आपका दिल कितना काम करता है?

दिल के अपने 40 हजार से ज्यादा न्यूरॉन्स होते हैं.

World Heart Day 2026: हार्ट यानी दिल, शरीर का सबसे दिलचस्प अंग है. यह धड़कता है. पूरे शरीर में खून पहुंचाता है. आवाज भी करता है. चार चैम्बरों में बंटा हुआ है. बचपन से अंतिम पड़ाव तक दिल की धड़कने एक जैसी नहीं रहती. पुरुषों के मुकाबले महिलाओं का हार्ट रेट ज्यादा होता है क्योंकि उनका दिल थोड़ा छोटा होता है और ब्लड को पम्प करने के लिए उसे ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है.

किसी को प्यार से देखने पर दिल की धड़कन तेज हो जाती है. हंसनेभर से इसका वर्कआउट हो जाता है और दिल के अपने 40 हजार से ज्यादा न्यूरॉन्स होते हैं. ये न्यूरॉन्स दिल की धड़कन की गति और ब्लड प्रेशर को शरीर की तात्कालिक जरूरत के अनुसार तुरंत एडजस्ट करते हैं.दिल की खूबियां यहां तक ही सीमित नहीं हैं. 29 सितम्बर की तारीख वर्ल्ड हार्ट डे के नाम है. आइए इसी बहाने जानते हैं कि दिल से जुड़ी कुछ दिलचस्प बातें.

न दिमाग, न किडनी, भ्रूण में सबसे पहले बनता है दिल

एक भ्रूण में सबसे पहले दिल बनना शुरू करता है. लगभग 3-4 सप्ताह में, तब कई मांओं को पता भी नहीं होता कि वो गर्भवती हैं. एक ट्यूब के आकार से दिल विकसित होता है. इसके बाद बारी आती है दिमाग की. एक भ्रूण में चौथे हफ्ते से जब दिल अपनी पहली धड़कन तैयार करता है. एक छोटी सी ट्यूब 4 चैम्बर में बंटने लगती है और इसका आकार करीब 5 mm होता है.

Heart

भ्रूण में एक ट्यूब के आकार से दिल विकसित होता है. फोटो: Unsplash

दिल की धड़कन का गणित

आपका दिल औसतन एक मिनट में 72 बार धड़कता है. यह एक औसत संख्या है. कुछ लोगों का दिल 60 बार, कुछ का 80 बार धड़कता है. इसे अलग-अलग हिस्सों में तोड़ें तो एक मिनट में 72 बार, एक घंटे में 4,320 बार, एक दिन में 1,03,680 बार और एक साल में 3.78 करोड़ बार धड़कता है. आपका दिल आपकी पूरी जिंदगी में 2-3 अरब बार धड़कता है. अगर यही एक मशीन होती तो शायद काम करना बंद कर देती है, लेकिन यही तो दिल की खूबी है.

World Heart Day

दिल आपकी पूरी जिंदगी में 2-3 अरब बार धड़कता है. फोटो: Unsplash

एक दिन में 7500 लीटर खून पंप करने की ताकत

दिल एक मिनट में 5-6 लीटर खून पंप करता है. यह आपके शरीर का कुल खून है जो दिल बार-बार पंप करता है.यानी एक मिनट 5-6 लीटर, एक घंटे में 300-360 लीटर, एक दिन में 7,500 लीटर और एक साल में 26 लाख लीटर तक खून पंप करता है.यह खून हर जगह जाता है, दिमाग, फेफड़े, पेट, पैर, हर बॉडी पार्ट को. यह सर्कुलेशन बिना रुकावट चलता रहता है.

Heart Facts

किसी को प्यार से देखने पर दिल की धड़कन तेज हो जाती है. फोटो: Unsplash

दिल का आकार, वजन और दबाव

आपका दिल मुट्ठी के आकार जितना होता है, लेकिन यह 200-300 ग्राम वजन रखता है. महिलाओं का दिल आमतौर पर 200-225 ग्राम होता है, जबकि पुरुषों का 250-300 ग्राम. दिल के बारे में एक दिलचस्प बात यह भी है कि यह शरीर की सबसे मजबूत मांसपेशी होती है. हर धड़कन में दिल संकुचित होता है और फिर रिलैक्स करता है.

जब दिल संकुचित होता है तो यह 120 mmHg का दबाव पैदा करता है. यही दबाव है जो खून को आपकी धमनियों में भेजता है. यह दबाव इतना जरूरी है कि अगर प्रेशन बहुत बढ़ जाए (high BP) या गिर जाए (low BP), तो शरीर में समस्याएं हो सकती हैं.

यह भी पढ़ें: UN में भारत को स्थायी सीट मिलने में कहां फंसता है पेंच?

अंकित गुप्ता

अंकित गुप्ता

नवाबों के शहर लखनऊ में जन्‍मा. डीएवी कॉलेज से ग्रेजुएशन किया और पंजाब टेक्निकल यूनिवर्सिटी से MBA. लिखने की चाहत और खबरों से आगे की कहानी जानने का जुनून पत्रकारिता में लाया. 2008 में लखनऊ के पहले हिन्‍दी टेबलॉयड ‘लखनऊ लीड’ से करियर से शुरुआत की. फीचर सेक्‍शन में हाथ आजमाया. फ‍िर बाबा गोरखनाथ के नगरी गोरखपुर से दैनिक जागरण के आइनेक्‍स्‍ट से जुड़ा. शहर की खबरों और हेल्‍थ मैगजीन में रिपोर्टिंग के लिए 2013 में राजस्‍थान पत्र‍िका के जयपुर हेडऑफ‍िस से जुड़ा. यहां करीब 5 साल बिताने के बाद डिजिटल की दुनिया में नई शुरुआत के लिए 2018 में दैनिक भास्‍कर के भोपाल हेड ऑफ‍िस पहुंचा. रिसर्च, एक्‍सप्‍लेनर, डाटा स्‍टोरी और इंफोग्राफ‍िक पर पकड़ बनाई. हेल्‍थ और साइंस की जटिल से जटिल खबरों को आसान शब्‍दों में समझाया. 2021 में दैनिक भास्‍कर को अलविदा कहकर TV9 ग्रुप के डिजिटल विंग से जुड़ा. फ‍िलहाल TV9 में रहते हुए बतौर असिस्‍टेंट न्‍यूज एडिटर ‘नॉलेज’ सेक्‍शन की कमान संभाल रहा हूं. एक्‍सप्‍लेनर, डाटा और रिसर्च स्‍टोरीज पर फोकस भी है और दिलचस्‍पी भी.

Read More

google button