WI vs PAK 1st Test: वेस्टइंडीज के 311 रन के जवाब में पाकिस्तान के तीन विकेट पर 199 रन

Published on 27 जुल॰ 2026

क्रिकेट

  • Authored by: उमेश कुमार
  • Updated Jul 27, 2026, 02:58 PM IST

पहले टेस्ट मैच में वेस्टइंडीज और पाकिस्तान के बीच अभी तक रोमांचक मुकाबला देखने को मिला है। पहले दिन जहां हॉज की उम्दा पारी की बदौलत वेस्टइंडीज ने बड़े स्कोर की नींव रखी तो वहीं, पाकिस्तान ने दूसरे दिन शान मसूद की नाबाद अर्धशतकी पारी की बदौलत पलटवार किया है। कप्तान बाबर आजम 23 रन बनाकर आउट हुए।

Image

दूसरे दिन पाकिस्तान का पलटवार। फोटो- सोशल मीडिया

तारौबा (त्रिनिदाद)। कप्तानी से मुक्त होने के बाद अपनी पहली टेस्ट पारी में शान मसूद ने नाबाद 88 रन बनाकर पाकिस्तान को वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टेस्ट क्रिकेट मैच के दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। अजान अवैस के खाता खोले बिना पवेलियन लौट के बाद मसूद ने सलामी बल्लेबाज इमाम उल हक (63) के साथ दूसरे विकेट के लिए 155 रन की साझेदारी की। इससे पाकिस्तान ने वेस्टइंडीज के 311 रन के जवाब में दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक अपनी पहली पारी में तीन विकेट पर 199 रन बनाए थे। वह अभी वेस्टइंडीज से 112 रन पीछे है।

कप्तान बाबर आजम खराब रोशनी के कारण दिन का खेल जल्दी समाप्त किए जाने से कुछ देर पहले 23 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद सलमान आगा ने नौ गेंदों का सामना किया। उन्होंने अभी तक अपना खाता नहीं खोला है। इससे पहले वेस्टइंडीज की तरफ से शाई होप ने 92 और केवम हॉज ने 84 रन बनाए। वेस्टइंडीज ने सुबह तीन विकेट पर 194 रन से आगे खेलना शुरू किया और अपने स्कोर में 117 रन और जोड़े।

शतक से चूके होप

हॉज ने अपने रात के 83 रन के स्कोर में केवल एक रन जोड़ा और दिन के तीसरे ओवर में दूसरी स्लिप पर कैच आउट हो गए, जिससे चौथे विकेट के लिए 91 रन की साझेदारी समाप्त हो गई। होप ने 113 गेंदों में अपना सातवां अर्धशतक पूरा किया। वह 92 रन बनाकर आउट हुए। हॉज के आउट होने के बाद, होप ने जस्टिन ग्रीव्स (15), रोस्टन चेज़ (10) और शमर जोसेफ (23) के साथ मिलकर छोटी लेकिन उपयोगी साझेदारियां कीं। पाकिस्तान की तरफ से मोहम्मद अली ने चार, मोहम्मद अब्बास ने तीन और खुर्रम शहजाद ने दो विकेट लिए।

फेल रहे बाबर आजम

बता दें कि बाबर आजम की कप्तानी में पाकिस्तान टीम वेस्टइंडीज के खिलाफ उतरी है। बाबर आजम दूसरी बार पाकिस्तानी की टेस्ट कप्तानी कर रहे हैं। बाबर को शान मसूद की जगह फिर से कप्तान बनाया गया है। कप्तान के रूप में पहले टेस्ट मैच में बाबर आजम पहली पारी में फेल रहे। वह 38 गेंद पर 23 रन बनाकर पवेलियन लौटे। जायडन सेल्स ने उन्हें कप्तान शाई होप के हाथों कैच आउट करवाया।

Umesh Kumar

उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें

  • Hindi News
  • Sports
  • Cricket

End of Article