एक छत पर तीन तेंदुए... मुरादाबाद में खौफ का VIDEO, 20 से ज्यादा गांवों में अलर्ट

Published on 28 सित॰ 2026

एक छत पर तीन तेंदुए… मुरादाबाद में खौफ का VIDEO, 20 से ज्यादा गांवों में अलर्ट

नलकूप की छत पर दिखे तेंदुआ

Moradabad News: उत्तर प्रदेश में मुरादाबाद जिले के कांठ और ठाकुरद्वारा क्षेत्र में बारिश के बाद तेंदुओं की बढ़ती सक्रियता ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है. गन्ने के खेतों में पानी भरने के कारण तेंदुओं के इंसानी आबादी और रिहायशी इलाकों की तरफ आने की घटनाएं सामने आ रही हैं. इसी बीच कांठ तहसील के समदगढ़ उर्फ सिकंदराबाद गांव के पास एक नलकूप की छत पर एक साथ तीन तेंदुए दिखाई देने का मामला सामने आया है. ग्रामीणों के मुताबिक, नलकूप गांव की घनी आबादी से करीब 500 मीटर की दूरी पर है.

देर रात राह से गुजर रहे कुछ कार सवार ग्रामीणों की नजर नलकूप की छत पर बैठे तीन तेंदुओं पर पड़ी. एक साथ तीन तेंदुओं को देखकर ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई. कार सवारों ने अपनी गाड़ी के अंदर से ही उनका वीडियो बनाया और वन विभाग के अधिकारियों को भेजकर घटना की जानकारी दी. काफी देर तक नलकूप की छत पर रहने के बाद तीनों तेंदुए नीचे उतरे और गन्ने के घने खेतों में चले गए.

घटना के बाद कांठ क्षेत्र के 20 से अधिक गांवों में दहशत का माहौल है. ग्रामीण खेतों में जाने से भी डर रहे हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि तेंदुओं की लगातार मौजूदगी के कारण खेती-किसानी से जुड़े काम प्रभावित हो रहे हैं और शाम के बाद ग्रामीण घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं.

तेदुओं की मौजूदगी से बढ़ी दहशत

तेंदुओं को पकड़ने के लिए वन विभाग की ओर से अभियान चलाया जा रहा है. हाल ही में ठाकुरद्वारा के शेरपुर पट्टी में बकरी का चारा लगाकर लगाए गए पिंजरे में करीब एक साल का तेंदुआ पकड़ा गया था. वन विभाग के मुताबिक, यह तेंदुआ करीब एक महीने से इलाके में सक्रिय था और तीन गोवंशों समेत कई कुत्तों का शिकार कर चुका था. वन विभाग के रेंजर के अनुसार, शेरपुर पट्टी में पकड़ा गया तेंदुआ ठाकुरद्वारा क्षेत्र का 15वां और मुरादाबाद जिले का 20वां पकड़ा गया तेंदुआ है. इसके अलावा कांठ क्षेत्र के भरतपुर में भी शनिवार तड़के एक और तेंदुआ पिंजरे में फंस गया. पकड़े गए तेंदुओं को स्वास्थ्य परीक्षण के लिए डियर पार्क भेजा गया है. वन विभाग के अनुसार, इलाके में अभी 41 पिंजरे सक्रिय हैं.

डेढ़ महीने में चार लोगों को बनाया शिकार

तेंदुओं की बढ़ती गतिविधियों के बीच पिछले डेढ़ महीने में इनके हमलों में चार लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है. इनमें तीन महिलाएं शामिल हैं. 3 अगस्त को लालापुर पीपलसाना में चारा काट रही महिला की तेंदुए के हमले में मौत हो गई थी. बहापुर बलिया गांव में भी दो महिलाओं समेत तीन लोगों की जान जाने की बात सामने आई है, जबकि एक बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हुए हैं. 15 सितंबर को भरतपुर की निर्वेश देवी पर भी तेंदुए ने हमला किया था. इसके अलावा मलकपुर सेमली, राईभूड़ समेत आसपास के इलाकों में 10 से अधिक लोगों के घायल होने की जानकारी है. वन विभाग की टीम तेंदुओं की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है. ग्रामीणों से खेतों और जंगल से सटे इलाकों में अकेले न जाने तथा सतर्क रहने की अपील की जा रही है.

शारिक सिद्दिकी

शारिक सिद्दिकी

पिछले 4 सालों से पत्रकारिता के फील्ड में हूं, निष्पक्ष पत्रकारिता का पक्षधर और सच्चाई के साथ अपने कर्तव्य का पालन करना ही मेरा उद्देश्य.

Read More

google button