Varanasi News: डंपर की चपेट में आने से छात्रा की मौत, शव रखकर सड़क जाम

Published on 1 सित॰ 2026

September 1, 2026 77 बार देखा गया

वाराणसी के चिरईगांव में आज मंगलवार 1 सितम्बर 2026 की सुबह डंपर की चपेट में आने से 16 वर्षीय छात्रा की मौत हो गई। हादसा चौबेपुर थाना क्षेत्र के विशुनपुरा गांव में पूर्व प्रधान पप्पू मिश्रा के घर के सामने हुआ। छात्रा की मौत के बाद ग्रामीणों ने चक्का जाम किया।

ग्रामीणों और परिजनों द्वारा बार्थरा कला मार्ग के सामने चंद्रा-बलुआ रोड पर शव रखकर मुख्य मार्ग पर किया जाम (फोटो साभार: सुशीला)

रिपोर्ट – सुशीला, लेखन – सुचित्रा 

खबर लहरिया की रिपोर्टर से मिली जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान बार्थरा कला टड़िया गांव निवासी राजेश कुमार की बेटी रोशनी के रूप में हुई है। रोशनी श्री कच्चा बाबा इंटर कॉलेज में कक्षा 9 की छात्रा थी। परिवार के मुताबिक, यह घटना तब हुई जब रोशनी सुबह करीब 7 बजे घर से स्कूल जाने के लिए निकली थी। विशुनपुरा में पहुंचते ही वह डंपर की चपेट में आ गई। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

ग्रामीणों में आक्रोश, किया चक्का जाम

घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने डंपर को रोक लिया और चालक को पकड़कर उसकी पिटाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। वहीं, छात्रा की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन छात्रा का शव लेकर जाल्हूपुर बाजार पहुंचे और बार्थरा कला मार्ग के सामने चंद्रा-बलुआ रोड पर शव रखकर मुख्य मार्ग जाम कर दिया। सड़क जाम होने से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। मौके पर चौबेपुर, सारनाथ और चोलापुर थाने की पुलिस मौजूद रही। एसीपी सारनाथ और तहसील के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाने का प्रयास किया।

न्याय और मुआवजे की मांग

परिजनों का कहना है कि उन्हें अभी तक प्रशासन की ओर से कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला है। उनकी मांग है कि परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए और मामले में कार्रवाई की जाए। मृतका रोशनी चार बहनों और एक भाई में सबसे बड़ी थी। उसके पिता मजदूरी करते हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है और वे किसी तरह बेटी की पढ़ाई का खर्च उठा रहे थे। रोशनी की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

एसीपी विनय कुमार द्विवेदी ने बताया कि पुलिस ने डंपर और चालक को कब्जे में ले लिया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है। छात्रा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

एसीपी विनय कुमार द्विवेदी घटना के बारे में बताते हुए (फोटो साभार: सुशीला)

‘यदि आप हमको सपोर्ट करना चाहते है तो हमारी ग्रामीण नारीवादी स्वतंत्र पत्रकारिता का समर्थन करें और हमारे प्रोडक्ट KL हटके का सब्सक्रिप्शन लें’

If you want to support  our rural fearless feminist Journalism, subscribe to our  premium product KL Hatke