UPSC EPFO में एपीएफसी के पदों पर भर्ती के लिए आवेदन शुरू, जानें कौन कर सकता है अप्लाई

Published on 23 अग॰ 2026

इच्छुक उम्मीदवार upsconline.nic.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। बताते चलें कि इस भर्ती योजना के तहत कुल 80 पदों को भर्तियां होनी है। इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया आज यानी 22 अगस्त से ही शुरू हो गई है।

अगर आप सरकारी नौकरी की तलाश में हैं, तो यह खबर आपके लिए हैं। क्योंकि यूपीएससी ने ईपीएफओ में असिस्टेंट प्रोविडेंट फंड कमिश्नर (APFC) के पदों पर भर्ती निकाली है, जिसके लिए आवेदन प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है। इच्छुक उम्मीदवार upsconline.nic.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। बताते चलें कि इस भर्ती योजना के तहत कुल 80 पदों को भर्तियां होनी है। इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया आज यानी 22 अगस्त से ही शुरू हो गई है। चलिए इस भर्ती से जुड़ी अहम जानकारी जानते हैं।

कब है आवेदन अंतिम तारीख

उम्मीदवारों को बता दें कि आवेदन की आखिरी तारीख 11 सितंबर शाम 6 बजे तक निर्धारित है। वहीं, यूपीएससी की जानकारी के अनुसार APFC पदों के लिए भर्ती परीक्षा 20 दिसंबर 2026 को आयोजित की जाएगी।

किस कटेगरी के लिए कितने पद

बता दें कि यूपीएससी ईपीएफओ APFC भर्ती 2026 के तहत कुल 80 खाली पदों को भरा जाना है। नोटिफिकेशन में अलग-अलग वर्ग के लिए पदों की संख्या भी जारी की है। इनमें 29 पद जनरल कैटेगरी के, 8 पद ईडब्ल्यूएस, 18 पद ओबीसी, 15 पद एससी और 10 पद एसटी उम्मीदवारों के लिए है। कुल पदों में से तीन पद PwBD कैटेगरी के लिए आरक्षित है। इस पद पर चयनित उम्मीदवार कर्मचारी भविष्य निधि संगठन में कार्य करेंगे। APFC पद सातवें वेतन आयोग के पे मैट्रिक्स के लेवल 10 के अंदर आता है।

UPSC EPFO APFC Recruitment 2026: जरूरी तारीखें

ऑनलाइन आवेदन शुरू: 22 अगस्त 2026

आवेदन की अंतिम तारीख: 11 सितंबर 2026

रिक्रूटमेंट टेस्ट: 20 दिसंबर 2026

चयन प्रक्रिया: रिक्रूटमेंट टेस्ट और इंटरव्यू के आधार पर उम्मीदवारों का चयन होगा।

योग्यता

APFC पद के लिए उम्मीदवार किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से किसी भी विषय में ग्रेजुएशन डिग्री पूरी की हो या समकक्ष योग्यता रखते हों।

इसके अलावा कंपनी लॉ, लेबर लॉ या पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन में डिप्लोमा वांछनीय क्वालिफिकेशन में रखा गया है।

आयु सीमा

जनरल और ईडब्ल्यूएस कैटेगरी के उम्मीदवारों के लिए अधिकतम आयु 35 वर्ष है। वहीं ओबीसी के लिए अधिकतम आयु 38 वर्ष और एससी, एसटी के लिए 40 वर्ष है। आयु की गणना आवेदन की आखिरी तारीख के आधार पर की जाएगी।

एप्लिकेशन फीस

वहीं अगर फीस की बात करें तो जिन उम्मीदवारों पर फीस लागू होगी, उन्हें 25 रुपये फीस देनी होगी। वहीं एससी, एसटी, पीडब्ल्यूबीडी और महिला उम्मीदवारों के लिए आवेदन में छूट दी है।

चयन प्रक्रिया

रिक्रूटमेंट टेस्ट: परीक्षा की अवधि 2 घंटे होगी। इसमें सभी प्रश्न बहुविकल्पीय (MCQ) होंगे और प्रत्येक प्रश्न के अंक समान होंगे। परीक्षा हिंदी और अंग्रेजी, दोनों भाषाओं में आयोजित की जाएगी। गलत उत्तर देने पर 1/3 अंक की निगेटिव मार्किंग होगी। रिक्रूटमेंट टेस्ट के लिए 300 अंक और इंटरव्यू के लिए 100 अंक निर्धारित हैं।

इंटरव्यू और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन: रिक्रूटमेंट टेस्ट में प्रदर्शन के आधार पर उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए शॉर्टलिस्ट किया जाएगा। इंटरव्यू के बाद चयनित उम्मीदवारों के दस्तावेजों का वेरिफिकेशन किया जाएगा।

सिलेबस में बदलाव

इस बार APFC भर्ती परीक्षा के सिलेबस में भी बदलाव किया गया है। नए सिलेबस में लेबर लॉ की जगह लेबर कोड्स को शामिल किया गया है। परीक्षा में अभ्यर्थियों से कई अलग-अलग विषयों से जुड़े सवाल पूछे जाएंगे। सिलेबस में जनरल इंग्लिश, भारतीय संस्कृति एवं विरासत, स्वतंत्रता आंदोलन, विकास से जुड़े मुद्दे, भारतीय अर्थव्यवस्था के मौजूदा रुझान, शासन और भारतीय संविधान से संबंधित विषय शामिल हैं।

इसके अलावा जनरल साइंस, बेसिक कंप्यूटर एप्लीकेशन, एलिमेंट्री मैथमेटिक्स, स्टैटिसटिक्स और जनरल मेंटल एबिलिटी से भी प्रश्न पूछे जाएंगे। अभ्यर्थियों को इंडस्ट्रियल रिलेशन, लेबर कोड्स और भारत में सोशल सिक्योरिटी की भी तैयारी करनी होगी।

वहीं, सिलेबस में प्रिंसिपल्स ऑफ अकाउंटेंसी, ऑडिटिंग एंड इंश्योरेंस को भी जगह दी गई है। इसके अलावा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की समसामयिक घटनाओं से जुड़े प्रश्न भी परीक्षा में पूछे जाएंगे।

UPSC EPFO APFC के लिए ऐसे करें आवेदन

1. उम्मीदवार सबसे पहले UPSC के एप्लीकेशन पोर्टल upsconline.nic.in पर जाएं।

2. फिर नया अकाउंट बनाकर यूनिवर्सल रजिस्ट्रेशन पूरा करें।

3. इसके बाद रजिस्ट्रेशन के बाद लॉगिन करें और अपनी पर्सनल व शैक्षणिक जानकारी भरें।

4. फिर जरूरी दस्तावेज अपलोड करें और लागू होने पर आवेदन शुल्क जमा करें।

5. फॉर्म सबमिट करने से पहले सभी जानकारी को एक बार अच्छी तरह जांच लें।

6. आवेदन फॉर्म को अंतिम रूप से सबमिट करें और कंफर्मेशन पेज डाउनलोड करके भविष्य के लिए सुरक्षित रख लें।