Upcoming EV: जेएसडब्ल्यू एमजी की नई 7-सीटर इलेक्ट्रिक एसयूवी हेक्टर हॉक ईवी ADAPT प्लेटफॉर्म पर बेस्ड है। इसकी प्री-बुकिंग 21 हजार रुपए में शुरू हो चुकी है।
एमजी हेक्टर हॉक ईवी का फर्स्ट लुक रिवील
- Published: 14 Aug 2026, 07:59 PM IST
- Last Updated: 14 Aug 2026, 07:59 PM IST
Upcoming EV: जेएसडब्ल्यू एमजी मोटर इंडिया ने अपनी नई 7-सीटर इलेक्ट्रिक एसयूवी MG Hector Hawk की पहली झलक पेश की है। यह कंपनी की पहली ऐसी EV होगी, जिसे नए एडवांस्ड ड्राइव आर्किटेक्चर प्लेटफॉर्म टेक्नोलॉजी (ADAPT) प्लेटफॉर्म पर तैयार किया जाएगा। कंपनी ने इस एसयूवी के लिए 21 हजार रुपये में प्री-बुकिंग भी शुरू कर दी है। भारत में एमजी हेक्टर हॉक को 26 अगस्त 2026 को आधिकारिक तौर पर पेश किया जाएगा।
डिजाइन में दिखेगा दमदार अंदाज
टीजर में SUV के फ्रंट का कुछ हिस्सा ही नजर आया है, लेकिन इसके डिजाइन से कई बातें सामने आती हैं। इसमें आमने-सामने की दिशा में दिए गए पैरेलल LED DRLs मिल सकते हैं, जो इसके शार्प और मस्कुलर फ्रंट डिजाइन को दर्शाते हैं। SUV में सीधा स्टांस और लंबा, फ्लैट बोनट दिया गया है।
साइड प्रोफाइल में इसका लंबा बॉडी प्रोफाइल और ज्यादा ग्राउंड क्लीयरेंस साफ नजर आता है। SUV में मोटी बॉडी क्लैडिंग दी गई है, जिससे इसका लुक ज्यादा रग्ड और स्पोर्टी बनता है। इसमें रूफ रेल्स और रियर स्पॉइलर भी मिलेंगे।
फ्रंट और रियर फेंडर्स के आसपास उभरे हुए पैनल SUV को मजबूत रोड प्रेजेंस देते हैं। इसके अलावा, इसमें डायमंड-कट अलॉय व्हील्स दिए जाएंगे, जो इसके प्रीमियम लुक को और बेहतर करेंगे।
रियर डिजाइन भी होगा खास
पीछे की तरफ SUV का डिजाइन अपेक्षाकृत साफ-सुथरा रखा गया है। यहां भी पैरेलल DRLs वाला डिजाइन थीम देखने को मिल सकता है। इसके साथ शार्क-फिन एंटीना भी दिया जाएगा।
SUV के अप्रोच और डिपार्चर एंगल भी अच्छे नजर आते हैं, जिससे उम्मीद है कि यह खराब और मुश्किल रास्तों पर भी बेहतर प्रदर्शन कर सकेगी।
केबिन में मिलेगा मॉडर्न लेआउट
एमजी हेक्टर हॉक के इंटीरियर में इंफोटेनमेंट स्क्रीन से अलग एक आयताकार डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर मिलने की उम्मीद है। इसका इंफोटेनमेंट डिस्प्ले काफी बड़ा नजर आता है और इसके 12 इंच से ज्यादा होने की संभावना है।
सेंटर कंसोल को काफी साफ-सुथरा रखा गया है। यहां ज्यादा फिजिकल बटन या पारंपरिक गियर नॉब नजर नहीं आता। इसके बजाय कप होल्डर्स और छोटे सामान रखने के लिए अतिरिक्त स्टोरेज स्पेस दिया गया है।
फीचर्स की बात करें तो SUV में पैनोरमिक सनरूफ, सेकेंड रो के यात्रियों के लिए तीन हेडरेस्ट और नया डिजाइन वाला स्टीयरिंग व्हील मिलने की उम्मीद है।
वुलिंग स्टारलाइट 560 ईवी से प्रेरित डिजाइन
ओवरऑल डिजाइन को देखकर एमजी हेक्टर हॉक की स्टाइलिंग कंपनी की ग्लोबल सिबलिंग वुलिंग स्टारलाइट 560 ईवी से प्रेरित नजर आती है। हालांकि, भारतीय बाजार के हिसाब से इसमें कुछ डिजाइन और फीचर बदलाव किए जा सकते हैं।
ADAPT प्लेटफॉर्म पर होगी आधारित
एमजी हेक्टर हॉक को कंपनी के नए एडवांस्ड ड्राइव आर्किटेक्चर प्लेटफॉर्म टेक्नोलॉजी (ADAPT) पर तैयार किया जाएगा। एमजी मोटर इंडिया ने इस प्लेटफॉर्म को हाल ही में भारतीय बाजार को ध्यान में रखकर पेश किया है।
ADAPT प्लेटफॉर्म को इस तरह डिजाइन किया गया है कि यह हाइब्रिड और पूरी तरह इलेक्ट्रिक पावरट्रेन के साथ-साथ 400V और 800V इलेक्ट्रिकल आर्किटेक्चर को सपोर्ट कर सके।
कंपनी के अनुसार, यह प्लेटफॉर्म सेल्फ-चार्जिंग हाइब्रिड और रेंज-एक्सटेंडर EV जैसे पावरट्रेन विकल्पों को भी सपोर्ट करेगा। रेंज-एक्सटेंडर EV में इंजन का इस्तेमाल सीधे पहियों को चलाने के बजाय मुख्य रूप से बैटरी को चार्ज करने के लिए किया जाता है।
कई तरह के पावरट्रेन को करेगा सपोर्ट
ADAPT प्लेटफॉर्म को कई पावरट्रेन कॉन्फिगरेशन के लिए तैयार किया गया है। इनमें फुली इलेक्ट्रिक, सीरीज हाइब्रिड, पैरेलल हाइब्रिड और डायरेक्ट इंजन ड्राइव शामिल हैं।
सीरीज हाइब्रिड सिस्टम में इंजन बैटरी के जरिए इलेक्ट्रिक मोटर को पावर देता है, जबकि पैरेलल हाइब्रिड सेटअप में इंजन और इलेक्ट्रिक मोटर दोनों पहियों को पावर दे सकते हैं। वहीं, डायरेक्ट इंजन ड्राइव में इंजन सीधे पहियों को चलाता है।
एमजी हेक्टर हॉक के डिजाइन, फीचर्स, बैटरी, रेंज और अन्य तकनीकी जानकारियों का आधिकारिक खुलासा 26 अगस्त 2026 को होने की उम्मीद है।
(मंजू कुमारी)