UP Weather : यूपी में बारिश-आकाशीय बिजली से तबाही, सीएम योगी ने सुनाया 24 घंटे में मुआवजा देने का फरमान - Doon Horizon

Published on 26 अग॰ 2026

उत्तर प्रदेश में भारी बारिश और आकाशीय बिजली से नुकसान पर सीएम योगी सख्त। अधिकारियों को ग्राउंड पर उतरने और 24 घंटे में मुआवजा वितरण के कड़े निर्देश दिए।

UP Weather : उत्तर प्रदेश में भारी बारिश और आकाशीय बिजली (Lightning Strike) के बढ़ते कहर को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रशासनिक अमले को हाई अलर्ट पर रखा है। शासन ने जनहानि, पशुहानि और संपत्ति के नुकसान का तत्काल सर्वे कर प्रभावित परिवारों को 24 घंटे के भीतर आर्थिक सहायता देने का कड़ा निर्देश जारी किया है।

यह भी पढ़ें : यूपी में खेती के लिए बनेगा UPI जैसा नेटवर्क, गूगल संग हुआ बड़ा MoU

जिलाधिकारियों और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों को दफ्तरों से निकलकर सीधे ग्राउंड ज़ीरो पर जलभराव और राहत कार्यों की कमान संभालने को कहा गया है।

अधिकारियों को मिली 24 घंटे की डेडलाइन, तुरंत होगा सर्वे

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि अतिवृष्टि (Heavy Rainfall) और वज्रपात से प्रभावित किसी भी परिवार को मदद के लिए भटकना न पड़े। राजस्व और आपदा राहत टीमों को निर्देश दिया गया है कि वे प्रभावित गांवों और कस्बों में जाकर तत्काल क्षति का मूल्यांकन करें। राज्य आपदा मोचन निधि (SDRF) के नियमों के अनुसार तय मुआवजा राशि पीड़ितों के बैंक खातों में निर्धारित 24 घंटे की समयसीमा के भीतर पहुंचाई जानी है। इसके साथ ही बेघर हुए लोगों के लिए सुरक्षित आश्रय और भोजन की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।

यह भी पढ़ें : रक्षाबंधन पर योगी का बड़ा ऐलान, स्नातक में पढ़ रहीं 50 हजार मेधावी बेटियों को मिलेगी स्कूटी

जलभराव वाले इलाकों में जल निकासी और संक्रामक बीमारियों पर जोर

लगातार बारिश के चलते कई जिलों के निचले इलाकों में गंभीर जलभराव की स्थिति बन गई है। शासन ने नगर निगमों और स्थानीय निकायों को पंप लगाकर पानी निकालने तथा बिजली आपूर्ति सुचारू रखने के आदेश दिए हैं। जलभराव के कारण डायरिया, डेंगू और लेप्टोस्पायरोसिस जैसी जलजनित बीमारियों के खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग को भी अलर्ट किया गया है। अधिकारियों को निर्देश हैं कि वे प्रभावित क्षेत्रों में ब्लीचिंग पाउडर, क्लोरीन की गोलियां और आवश्यक दवाओं का वितरण सुनिश्चित कराएं ताकि बारिश के बाद महामारी की स्थिति न बने।

वज्रपात से बचाव के लिए सख्त एडवाइजरी जारी

मानसून के दौरान यूपी में आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं में तेजी आई है, जिससे जनहानि का खतरा बढ़ गया है। मुख्यमंत्री ने आम जनता से अपील की है कि जब तक मौसम साफ न हो, अनावश्यक रूप से खुले मैदानों, पेड़ों के नीचे या धातु के खंभों के पास न जाएं। साथ ही उफनती नदियों, बांधों और जलाशयों में नहाने या सेल्फी लेने पर पूर्ण सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। स्थानीय प्रशासन को मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा जारी पूर्वानुमानों और चेतावनियों को तुरंत ग्रामीण इलाकों तक प्रसारित करने के निर्देश दिए गए हैं।

यह भी पढ़ें : इलेक्ट्रिक वाहनों की रफ्तार में यूपी का दबदबा, बना देश का तीसरा सबसे बड़ा चार्जिंग नेटवर्क