लिखित परीक्षा में फेल, फिर भी UP पुलिस भर्ती की दौड़ लगाने पहुंची युवती; फर्जी एडमिट कार्ड ने खुलवा दिया राज

Published on 9 अक्टू॰ 2026

लिखित परीक्षा में फेल, फिर भी UP पुलिस भर्ती की दौड़ लगाने पहुंची युवती; फर्जी एडमिट कार्ड ने खुलवा दिया राज

पुलिस की गिरफ्त में युवती

Moradabad News: उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती में फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है. मुरादाबाद में आरक्षी नागरिक पुलिस भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) के दौरान एडिटेड एडमिट कार्ड लेकर दौड़ में शामिल होने पहुंची एक युवती को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने इस मामले में युवती के साथ लद्दाख में तैनात बताए जा रहे सेना के एक जवान को भी आरोपी बनाया है. दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है.

जानकारी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के निर्देश पर मुरादाबाद स्थित 9वीं वाहिनी पीएसी मैदान में पुलिस भर्ती की PET परीक्षा आयोजित की जा रही है. 8 अक्टूबर 2026 को प्रवेश द्वार पर तैनात पुलिस टीम अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच कर रही थी. इसी दौरान अमरोहा जिले की रहने वाली साहिबा नाम की युवती अपना प्रवेश पत्र लेकर पहुंची. जांच के दौरान महिला पुलिसकर्मियों को एडमिट कार्ड में दर्ज अनुक्रमांक संदिग्ध लगा. प्रवेश पत्र में निर्धारित 10 अंकों के बजाय केवल 9 अंकों का रोल नंबर दर्ज था.

फेल होने के बाद बनाया फर्जी एडमिट कार्ड

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में युवती ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि वह पुलिस भर्ती की लिखित परीक्षा में सफल नहीं हो सकी थी. इसके बाद उसने शारीरिक दक्षता परीक्षा में शामिल होने के लिए फर्जी प्रवेश पत्र तैयार कराने का रास्ता अपनाया. आरोप है कि युवती ने अपनी सहेली के भाई कादिर हुसैन की मदद से व्हाट्सएप के जरिए एडिटेड एडमिट कार्ड तैयार कराया था. कादिर हुसैन भारतीय सेना में कार्यरत है और वर्तमान में लद्दाख में तैनात बताया जा रहा है. पुलिस के मुताबिक, युवती ने प्रवेश पत्र पर अपनी फोटो और पुराना होलोग्राम भी लगाया था.

मोबाइल और दस्तावेज जब्त

मामले में महिला निरीक्षक रेनू पाल की शिकायत के आधार पर थाना सिविल लाइंस में मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस ने साहिबा को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से फर्जी एडमिट कार्ड, आधार कार्ड और ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन बरामद किया है. पुलिस ने युवती और कादिर हुसैन के खिलाफ कार्रवाई शुरू की है. फिलहाल युवती की गिरफ्तारी हुई है, जबकि दूसरे आरोपी की भूमिका की जांच की जा रही है.

एसपी सिटी ने दी मामले की जानकारी

एसपी सिटी मुरादाबाद कुंवर रणविजय सिंह के मुताबिक, PET परीक्षा के दौरान चेकिंग कर रहे पुलिस अधिकारियों को महिला अभ्यर्थी के प्रवेश पत्र में दर्ज विवरण संदिग्ध लगा था. भर्ती बोर्ड से सत्यापन कराने पर प्रवेश पत्र फर्जी पाया गया. पुलिस अधिकारी के अनुसार, मामले में दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है और एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया जा चुका है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि कथित फर्जी प्रवेश पत्र तैयार करने में किन लोगों की भूमिका रही और क्या इस मामले में अन्य कोई व्यक्ति भी शामिल है. जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.

शारिक सिद्दिकी

शारिक सिद्दिकी

पिछले 4 सालों से पत्रकारिता के फील्ड में हूं, निष्पक्ष पत्रकारिता का पक्षधर और सच्चाई के साथ अपने कर्तव्य का पालन करना ही मेरा उद्देश्य.

Read More

google button