छत्तीसगढ़ में UCC लागू करने की प्रक्रिया के बीच रायपुर में मुस्लिम समाज की अहम बैठक 1 सितंबर को होगी।
छत्तीसगढ़ राज्य वक़्फ बोर्ड कार्यालय
- Published: 30 Aug 2026, 05:01 PM IST
- Last Updated: 30 Aug 2026, 05:01 PM IST
रायपुर। छत्तीसगढ़ में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने की प्रक्रिया के बीच मुस्लिम समाज ने भी अपने सुझाव सरकार तक पहुंचाने की तैयारी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में रायपुर में मुस्लिम समाज की ओर से 1 सितंबर को एक दिवसीय बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में समाज के बुद्धिजीवियों और विभिन्न वर्गों से UCC को लेकर सुझाव लिए जाएंगे, जिन्हें बाद में छत्तीसगढ़ समान नागरिक संहिता समिति के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
UCC को लेकर रायपुर में होगी अहम बैठक
राज्य शासन द्वारा छत्तीसगढ़ में समान नागरिक संहिता कानून लागू करने की प्रक्रिया शुरू किए जाने के बाद राज्य स्तरीय समिति का गठन किया गया है। इसी समिति को मुस्लिम समाज की ओर से सुझाव देने के उद्देश्य से 1 सितंबर 2026, मंगलवार को रायपुर में बैठक रखी गई है। बैठक का आयोजन गुरु घांसीदास ऑडिटोरियम, कार्यालय छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड के सामने, कलेक्ट्रेट चौक, रायपुर में किया जाएगा। इसमें मुस्लिम समाज के बुद्धिजीवियों और समाज के लोगों से UCC से जुड़े सुझाव लिए जाएंगे।
मस्जिदों में ऐलान कर दी गई जानकारी
बैठक में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए रायपुर की विभिन्न मस्जिदों में जुमा की नमाज के दौरान ऐलान के माध्यम से इसकी जानकारी दी गई है। मुस्लिम समाज के लोगों से अपील की गई है कि, वे UCC के संबंध में अपने सुझाव लिखित रूप में अध्यक्ष, समान नागरिक संहिता समिति, छत्तीसगढ़ के नाम संबोधित करते हुए लेकर आएं।
प्रमुख पदाधिकारी रहेंगे मौजूद
बैठक में शहर काजी जनाब कारी डॉ. मोहम्मद इमरान अशरफी साहब मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे, जबकि वरिष्ठ अधिवक्ता जनाब फैसल रिवजी साहब बैठक की अध्यक्षता करेंगे। बैठक के दौरान मुस्लिम समाज से प्राप्त सुझावों को एकत्रित किया जाएगा। इसके बाद शाम 4 बजे समाज के प्रतिनिधि छत्तीसगढ़ समान नागरिक संहिता समिति के सदस्यों के समक्ष उपस्थित होकर इन सुझावों को प्रस्तुत करेंगे।
दो प्रतियों में सुझाव लाने की अपील
मुस्लिम समाज की ओर से लोगों से पुनः अपील की गई है कि वे UCC से संबंधित अपने सुझाव लिखित रूप में दो प्रतियों में लेकर बैठक में अनिवार्य रूप से शामिल हों। समाज का कहना है कि, बैठक के माध्यम से प्राप्त सुझावों को एकत्रित कर समिति के समक्ष रखा जाएगा, ताकि UCC से जुड़े विषयों पर मुस्लिम समाज का पक्ष भी उचित रूप से प्रस्तुत किया जा सके।
(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)