पीएम केयर्स फंड में कितने रुपए: TV9 के पास पूरा आंकड़ा, जानिए क्या रिकॉर्ड बना, कहां से आया पैसा और कहां खर्च?

Published on 18 अग॰ 2026

पीएम केयर्स फंड में कितने रुपए: TV9 के पास पूरा आंकड़ा, जानिए क्या रिकॉर्ड बना, कहां से आया पैसा और कहां खर्च?

पीएम केयर्स फंड की डिटेल रिपोर्ट.

प्रधानमंत्री केयर्स फंड की डिटेल रिपोर्ट आ गई है. रिपोर्ट के मुताबिक इस वक्त पीएम केयर्स फंड का बैलेंस 8452 करोड़ रुपए है. पिछले एक साल में इसमें 1200 करोड़ रुपए की बढ़ोतरी हुई है. 2023-24 में पीएम केयर्स फंड में करीब 7300 करोड़ रुपए थे. यह रिपोर्ट पीएम केयर्स फंड की ऑडिट में सामने आई है. 2020 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पीएम केयर फंड की स्थापना की थी.

ऑडिट रिपोर्ट के मुताबिक कोष के 6641 करोड़ रुपए को सावधि जमा में रखा गया है, जहां से ब्याज आता है. ब्याज से पिछले साल पीएम केयर्स फंड को 475 करोड़ रुपए की कमाई हुई है.बैंकों में फिक्स्ड डिपॉजिट पर मिलने वाले ब्याज पर कटे TDS से 13 लाख रुपए रिफंड मिले हैं.

2022-23 में पीएम केयर्स फंड को 6723 करोड़ रुपए का चंदा मिला था. वहीं इस साल 439 करोड़ रुपए खर्च किए गए.

5 प्वॉइंट्स में पूरी रिपोर्ट

1. घरेलू दान से 4790 करोड़ आए- रिपोर्ट के मुताबिक पीएम केयर्स फंड को साल 2024-25 में घरेलू दान से 4790 रुपए प्राप्त हुए हैं. यह 2023-24 के 6,818 करोड़ रुपए के मुकाबले काफी कम है.

2. विदेशी चंदा घटा- इसी तरह करीब 92 लाख रुपए विदेश से पीएम केयर्स फंड को चंदा के रूप में मिला. 2023-24 में 1.13 करोड़ रुपए विदेश से मिले थे.

3. कहां कितने खर्च हुए- खर्च की बात की जाए तो पीएम केयर्स फंड से 87 लाख रुपए चिल्ड्रेन स्कीम पर खर्च किए गए. पिछले साल 15 करोड़ रुपए चिल्ड्रेन स्कीम में खर्च किए गए थे.

4. किसने ऑडिट की है- पीएम केयर्स फंड की ऑडिट KKC & Associates LL ने की है. रिपोर्ट में कहा गया है कि कार्यान्वयन एजेंसियों से पीएम केयर फंड को 324 करोड़ का रिफंड मिला.

5. एसएमएस के नाम पर 23 लाख कटे- ऑडिट रिपोर्ट के मुताबिक 2023-24 में बैंकों के एसएमएस मैसेज के लिए करीब 22.43 लाख रुपए कटे थे. 2024-25 में 451 रुपए कटे. यानी 2 साल में करीब 23 लाख रुपए कटे हैं.

पीएम केयर्स फंड के ट्रस्ट में कौन-कौन?

पीएम केयर्स फंड की स्थापना साल 2020 में की गई थी. आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक भारत के प्रधानमंत्री इस फंड के (पदेन) अध्यक्ष हैं और भारत सरकार के रक्षा मंत्री, गृह मंत्री और वित्त मंत्री इस फंड के पदेन न्यासी हैं.

इस फंड की स्थापना का उद्देश्य सार्वजनिक स्वास्थ्य आपातकाल या किसी अन्य प्रकार की आपात स्थिति, आपदा या संकट, चाहे वह मानव निर्मित हो या प्राकृतिक, से संबंधित किसी भी प्रकार की राहत या सहायता प्रदान करना है.

Amod Rai

Amod Rai

21 सालों से राजनीतिक, सामाजिक और पॉलिसी संबंधित विषयों की रिपोर्टिंग और लेखन का अनुभव। लगातार 2 दशक से बीजेपी, संघ परिवार, संसद और केंद्र सरकार की खबरों पर विशेष निगाह

Read More

google button