Yash Toxic Runtime: KGF के जरिए पैन इंडिया सुपरस्टार का दर्जा पाने वाले कन्नड़ सिनेमा के हीरो यश जल्द ही एक बार फिर से बड़े पर्दे पर एक्शन अवतार में नजर आने वाले हैं. 26 अगस्त को उनकी फिल्म ‘टॉक्सिक’ वर्ल्डवाइड सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है. अब खबर है कि रिलीज के लिए सेंसर बोर्ड की तरफ से फिल्म को ग्रीन सिग्नल मिल गया है. हाल ही में फिल्म सेंसर बोर्ड से पास हुई है.
जानकारी के अनुसार ‘टॉक्सिक’ को सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) ने ‘A’ सर्टिफिकेट दिया है. यानी ये फिल्म सिर्फ 18+ ऑडियंस के लिए है. ये फिल्म 3 घंटे से भी ज्यादा लंबी होने वाली है. इसका टोटल रनटाइम 194 मिनट है, यानी 3 घंटे 14 मिनट.
चार सालों के बाद यश का कमबैक
यश चार सालों के बाद बड़े पर्दे पर नजर आने वाले हैं. वो आखिरी बार साल 2022 में KGF 2 में दिखे थे. उसके बाद से उनकी कोई फिल्म नहीं आई. ऐसे में फैंस यश की इस कमबैक फिल्म के लिए काफी एक्साइटेड हैं. यश इस फिल्म में हीरो होने के साथ-साथ प्रोड्यूसर भी हैं. KVN प्रोडक्शन के साथ मिलकर यश ने अपनी कंपनी मॉन्सटर माइंड क्रिएशन के जरिए इसे प्रोड्यूस किया है.
यश के साथ ‘टॉक्सिक’ में नयनतारा, हुमा कुरैशी, कियारा आडावणी और रुक्मिणी वसंत भी नजर आने वाली हैं. गीतू मोहनदास ने इस फिल्म को डायरेक्ट किया है. ये फिल्म कन्नड़, तमिल, तेलुगु, मलयालम के साथ-साथ हिंदी और अंग्रेजी भाषा में रिलीज होने जा रही है. अब देखना होगा कि चार सालों के बाद पर्दे पर वापसी कर रहे यश बॉक्स ऑफिस पर कमाई के मामले में कैसा धमाका करते हैं.
ये भी पढ़ें-
सिगरेट के डिब्बे पर लिखा देशभक्ति गीत, जो बना सदी का सबसे मशहूर गाना, पहले लता ने कर दिया था रिजेक्ट
मालामाल वीकली 2 में एल्विश यादव की एंट्री, रितेश देशमुख और परेश रावल के साथ मचाएंगे धमाल, फिल्म में कौन-कौन?
इस फिल्म में भी दिखेंगे यश
‘टॉक्सिक’ के लगभग ढाई महीने के बाद यश नितेश तिवारी के डायरेक्शन में बनी फिल्म ‘रामायण’ में भी नजर आने वाले हैं. विदेशों में रामायण 6 नवंबर को और भारत में 8 नवंबर को दस्तक देने वाली है. यश इसमें रावण के रोल में हैं. रणबीर कपूर भगवान राम का किरदार निभा रहे हैं.

इसराफिल
ज्ञान एवं मोक्ष की भूमि गया से ताल्लुक रखने वाले इसराफिल TV9 भारतवर्ष के हिंदी डिजिटल विंग में बतौर सीनियर सब-एडिटर काम कर रहे हैं. वो यहां दिसंबर 2022 से एंटरटेनमेंट सेक्शन में अपनी जिम्मदेरियां निभा रहे हैं और लोगों तक ताजातरीन खबरें पहुंचा रहे हैं. उनकी कोशिश होती है कि वो हर छोटी-बड़ी खबर की बारीकी को आसान शब्दों में समझा सकें. फिल्मी गॉसिप्स और बी-टाउन के सितारों से जुड़ी किस्से कहानियों में इसराफिल की खास दिलचस्पी है. किताबों और इंटरनेट के जरिए वो अलग-अलग किस्सों को जानने की कोशिश में लगे रहते हैं. उनमें से खास कहानियों को वो अपने पाठकों तक भी पहुंचाते हैं.अपने आबाई शहर से ही शुरुआती पढ़ाई पूरी करने के बाद इसराफिल ने दिल्ली NCR का रुख किया और चौधरी चरण सिंह यूनिवर्सिटी से एफिलिएटिड IIMT कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट, ग्रेटर नोएडा से पत्रकारिता एवं जनसंचार (ग्रेजुएशन) की पढ़ाई की. TV9 के साथ जुड़ने से पहले वो ABP न्यूज की हिंदी वेबसाइट में कंसल्टेंट राइटर के तौर पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं. उससे पहले उन्होंने और भी कुछ एंटरटेनमेंट वेबसाइट्स के लिए काम किया है. उनके पत्रकारिता करियर की शुरुआत JK24×7 न्यूज के साथ बतौर इंटर्न हुई थी."
Read More