Tiger Shroff फायरिंग केस में बड़ा मोड़, Salman Khan को मारना चाहते थे शूटर्स? क्यों बदला प्लान? शॉकिंग खुलासा

Published on 21 अक्टू॰ 2026

Time Published: Wednesday, October 21, 2026, 11:33 [IST]

Tiger Shroff Firing Case: बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ की कार पर गोलीबारी के मामले में एक नया और चौंकाने वाला खुलासा सामने आया है। मुंबई क्राइम ब्रांच के मुताबिक इस वारदात को अंजाम देने वाले हमलावरों का शुरुआती निशाना टाइगर श्रॉफ नहीं बल्कि कोई दूसरा मशहूर बॉलीवुड सेलिब्रिटी था। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि ये सेलिब्रिटी सुपरस्टार सलमान खान हैं। आरोपियों ने कथित तौर पर सलमान खान के घर की रेकी भी की थी लेकिन वहां कड़ी सुरक्षा व्यवस्था देखकर उन्होंने अपना इरादा बदल दिया।

टाइगर श्रॉफ नहीं, सलमान खान को मारना चाहते थे शूटर्स?
जांच एजेंसियों के मुताबिक इसके बाद हमलावरों ने एक्टर टाइगर श्रॉफ को निशाना बनाने का फैसला किया। उन्हें लगा कि टाइगर श्रॉफ तक पहुंचना अपेक्षाकृत आसान होगा। हालांकि इस पूरे घटनाक्रम और कथित साजिश से जुड़े सभी पहलुओं की जांच अभी जारी है। इस बीच राजस्थान के कोटा से पकड़े गए तीन संदिग्धों को मुंबई पुलिस ने अपनी हिरासत में ले लिया है।

Tiger Shroff Firing Case

सलमान खान के घर की रेकी करने का दावा

-इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक हमलावरों ने टाइगर श्रॉफ पर गोलीबारी करने से पहले सलमान खान के घर की रेकी की थी। पुलिस सूत्रों का दावा है कि आरोपी सलमान खान को निशाना बनाना चाहते थे लेकिन उनके घर के बाहर पुलिस की मौजूदगी और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था देखकर वो अपने मकसद में आगे नहीं बढ़ सके।

-एएनआई की खबर के मुताबिक मुंबई क्राइम ब्रांच ने भी इस मामले में कहा है कि टाइगर श्रॉफ हमलावरों का शुरुआती निशाना नहीं थे। तीनों आरोपी एक मशहूर बॉलीवुड सेलिब्रिटी तक पहुंचना चाहते थे लेकिन सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने के कारण वे ऐसा नहीं कर सके। जांच एजेंसियों के अनुसार इसके बाद आरोपियों ने दूसरे एक्टर को निशाना बनाने की योजना बनाई। हालांकि पुलिस की जांच में सामने आए इन दावों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

सोशल मीडिया से जुटाई थी टाइगर श्रॉफ की जानकारी

-पुलिस सूत्रों के मुताबिक सलमान खान के घर तक पहुंचने में नाकाम रहने के बाद आरोपियों ने टाइगर श्रॉफ की गतिविधियों पर ध्यान देना शुरू किया। बताया जा रहा है कि उन्हें सोशल मीडिया पर मौजूद फैन पोस्ट और इंस्टाग्राम पेजों के जरिए अभिनेता की दिनचर्या के बारे में जानकारी मिली थी।

-दावा है कि आरोपियों को पता चला था कि टाइगर श्रॉफ हर रविवार मुंबई के जुहू इलाके में स्थित एक फुटबॉल ग्राउंड पर जाते हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक हमलावरों को लगा कि वहां अभिनेता की सुरक्षा अपेक्षाकृत कम हो सकती है। इसके बाद कथित तौर पर उन्होंने टाइगर को निशाना बनाने का फैसला किया।

-मुंबई क्राइम ब्रांच अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों ने अभिनेता की गतिविधियों पर कितने समय तक नजर रखी थी और उन्हें सोशल मीडिया से मिली जानकारी का इस्तेमाल किस तरह किया गया। जांच में इस बात का भी पता लगाया जा रहा है कि इस साजिश के पीछे केवल तीन संदिग्ध थे या उन्हें किसी अन्य व्यक्ति से मदद मिली थी।

कोटा से पकड़े गए तीन संदिग्ध, मुंबई पुलिस को मिली हिरासत

-टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के मामले में पुलिस ने राजस्थान के कोटा से तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया था। अब मुंबई पुलिस ने उन्हें अपनी हिरासत में ले लिया है ताकि मामले से जुड़े तथ्यों की गहराई से जांच की जा सके।

-स्थानीय अदालत ने महाराष्ट्र पुलिस को आरोपियों की 48 घंटे की ट्रांजिट रिमांड दी है। इसके बाद पुलिस टीम उन्हें आगे की पूछताछ के लिए मुंबई ले जा रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार आरोपियों को कोटा के रेलवे कॉलोनी पुलिस स्टेशन में रखा गया था, जहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।

-पुलिस स्टेशन के आसपास मुंबई क्राइम ब्रांच और राजस्थान पुलिस के जवान तैनात रहे। इस दौरान आरोपियों को मुंबई ले जाने की व्यवस्था में बदलाव किए जाने की भी खबर सामने आई।

-बताया गया कि पुलिस ने पहले उन्हें रात में ही मुंबई ले जाने की योजना बनाई थी लेकिन बाद में वैकल्पिक रणनीति अपनाई गई, जिसे रिपोर्ट्स में प्लान बी कहा गया। रेलवे कॉलोनी पुलिस स्टेशन के एसएचओ रामस्वरूप मीणा ने भी आरोपियों को 48 घंटे की ट्रांजिट रिमांड दिए जाने की पुष्टि की थी।

18 अक्टूबर 2026 को जुहू इलाके में हुई थी गोलीबारी

-टाइगर श्रॉफ की कार पर गोलीबारी की घटना 18 अक्टूबर 2026 (रविवार) शाम करीब 7 बजे मुंबई के जुहू इलाके में हुई थी। बताया गया कि एक्टर एक फुटबॉल क्लब से बाहर निकल रहे थे, तभी उनकी कार पर गोलियां चलाई गईं।

-इस घटना में टाइगर श्रॉफ को कोई गोली नहीं लगी लेकिन उनके ड्राइवर के घायल होने की जानकारी सामने आई थी। वारदात के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और संदिग्धों की तलाश तेज कर दी। पुलिस के मुताबिक आरोपियों को ट्रेन से यात्रा करने के दौरान पकड़ा गया।

-घटना के बाद एक्टर की सुरक्षा और हमले के पीछे की वजह को लेकर कई सवाल उठे थे। अब सलमान खान को शुरुआती निशाना बनाए जाने के दावे ने मामले को और गंभीर बना दिया है। जांच एजेंसियां ये समझने की कोशिश कर रही हैं कि हमले की योजना कैसे बनाई गई और आरोपियों ने कथित तौर पर अपना निशाना क्यों बदला।

BNS और आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज है मामला

-इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1) और 3(5) के साथ आर्म्स एक्ट की धारा 3 और 25 के तहत केस दर्ज किए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर गोलीबारी के पीछे के संभावित मकसद, हथियारों की व्यवस्था और घटना से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

-जांच का एक अहम पहलू ये भी है कि क्या हमलावरों ने पहले से किसी सेलिब्रिटी को निशाना बनाने की योजना तैयार की थी और टाइगर श्रॉफ पर हमला उसी योजना में बदलाव का नतीजा था। फिलहाल, सलमान खान को शुरुआती निशाना बनाए जाने की बात पुलिस जांच से जुड़े दावों और मीडिया रिपोर्ट्स पर आधारित है। मामले में अंतिम निष्कर्ष जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।